कुलदीप के सामने आ गए चहल, पंत की ना सुनने को कहा, नहीं माने तो धक्का भी दिया- VIDEO
नई दिल्ली, 23 अप्रैल: आईपीएल 2022 के 34वें मैच के दौरान दिल्ली कैपिटल्स की पारी के 20वें ओवर में सबका ध्यान नो-बॉल ड्रामे पर था। सब ऋषभ पंत, प्रवीण आमरे और शेन वॉटसन की ओर देख रहे थे। लेकिन इन सबमे कुलदीप यादव और युजवेंद्र चहल का पल कई लोगों ने मिस कर दिया। सब यह पता लगाने की कोशिश कर रहे थे अंपायर ने नो-बॉल ना देकर सही किया या नहीं। तब रॉवमन पॉवेल तीन गेंदों पर तीन छक्के लगा चुके थे। तीसरी गेंद कमर की ऊंचाई पर गई फुलटॉस थी जो छक्के के लिए भेजी गई।

कुलदीप यादव तब नॉन स्ट्राइकर एंड पर थे
हालांकि अंपायर टस से मस नहीं हुए और दिल्ली कैपिटल्स का खेमा बिफर गया। पंत ने अपने दोनों बल्लेबाजों को वापस बुलाने का इशारा किया। दूसरे बल्लेबाज थे चहल के दिली यार कुलदीप यादव।
कुलदीप यादव तब नॉन स्ट्राइकर एंड पर थे। चहल राजस्थान रॉयल्स की ओर से खेल रहे थे। कुलदीप भी तब अंपायर के फैसले से खुश नहीं थे और अपने कप्तान के फैसले पर चलने की कोशिश कर रहे थे। तभी चहल कुलदीप के सामने आ गए और कई फैंस ने ध्यान नहीं दिया कैसे दोनों दोस्तों ने एक-दूसरे का आमना-सामना किया।

चहल ने कुलदीप यादव को दोस्ताना अंदाज में धक्का भी मारा
कुलदीप वापस लौटने के लिए रेडी थे तो चहल उनको समझा रहे थे कि ऐसे लौटकर मत जाना, यहीं पर रहना। यहां तक कि युजवेंद्र चहल ने कुलदीप यादव को दोस्ताना अंदाज में धक्का भी मारा कि- यहीं चुपचाप क्रीज पर खड़े रहो। इस घटना की क्लिप वायरल हो गई है।
अंत में चहल की ही जीत हुई क्योंकि खेल रुका नहीं और दिल्ली कैपिटल्स को 15 रनों से हार का सामना करना पड़ा।
यहां देखें वीडियो-
कुलदीप यादव और युजवेंद्र चहल दोनों इस सीजन में काफी अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। चहल तो पर्पल कैप की रेस में आगे हैं। लेकिन यह मुकाबला कुलदीप के लिए अच्छा साबित नहीं हुआ क्योंकि उन्होंने अपने 3 ओवर में 40 रन खर्च किए। जबकि चहल इतने ज्यादा हाई स्कोरिंग मैच में भी शानदार रहे। उन्होंने 4 ओवर में 28 रन देकर 1 विकेट लिया।
जहां तक पंत की बात है तो उनको सजा सुना दी गई है। उनके कोच प्रवीण आमरे पर मैदान पर घुसकर हीरो बनने के फेर में बुरे फंस गए हैं। उनको भी सजा मिली है और अपने कप्तान का जोश बढ़ा रहे शार्दुल ठाकुर भी सजा के पात्र पाए गए हैं।












Click it and Unblock the Notifications