हैलीकॉप्टर शॉट सुना था, ये स्नेक शॉट क्या बला है जो 'डंक' मारता है, राशिद खान ने किया हैरान
नई दिल्ली, 28 अप्रैल: गुजरात टाइटंस के दिग्गज खिलाड़ी राशिद खान ना केवल गेंद से बल्कि बल्ले से भी अपनी टीम को मुकाबले जिता चुके हैं। खान ने दूसरी बार केवल अपनी बैटिंग के दम पर टाइटंस को जिताया और वे राहुल तेवतिया के साथ मिलकर ऐसा लोअर ऑर्डर बना रहे हैं जिसका जवाब फिलहाल विपक्षियों के पास नहीं है।
तरह-तरह के शॉट मारने के लिए मशहूर इस खिलाड़ी ने धोनी की काफी नकल की है जिसके चलते वे हैलीकॉप्टर शॉट्स मारने के लिए भी प्रसिद्ध हो चुके हैं।

स्नेक यानी सांप शॉट का नाम दिया
राशिद विराट कोहली की तरह कवर ड्राइव भी लगा सकते हैं। लेकिन उन्होंने हाल में ही सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ हुए मुकाबले में जो शॉट लगाया उसको स्नेक यानी सांप शॉट का नाम दिया। उन्होंने ये बात मैच के बाद कप्तान हार्दिक पांड्या के साथ हुई बातचीत के दौरान कही।
राशिद ने केवल 11 गेंदों पर 31 रनों की पारी खेली जिसमें चार छक्के लगाए थे और राहुल तेवतिया के साथ जबरदस्त मैच विनिंग पार्टनरशिप की।

कुछ शानदार शॉट्स भी चर्चाओं का विषय रहे
अंतिम ओवर में राशिद खान सामने थे और मार्को येन्सन को जीत के लिए 22 रन बचाने थे लेकिन राशिद के सामने ऐसा संभव नहीं हुआ क्योंकि लेग स्पिनर ने अंतिम दो गेंदों पर छक्के लगाए। राशिद खान द्वारा इस पारी में खेले कुछ शानदार शॉट्स भी चर्चाओं का विषय रहे। राशिद इस शॉट को खेलकर अपने बल्ले को वापस लेकर आते हैं। राशिद ने इस शॉट को स्नेक शॉट बताया है।
दरअसल मैच के बाद टीम के कप्तान हार्दिक पांड्या राहुल तेवतिया और राशिद खान के साथ बातचीत कर रहे थे।

आप ये आजकल नया शॉट कैसे मारते हो?
बातचीत में हार्दिक ने पूछा कि आप लोग ऐसा कारनामा बार-बार कैसे कर पा रहे हैं कि हमारी टीम को हार की स्थिति में भी बाहर निकाल लेते हैं तो तेवतिया कहते हैं कि यह टीम और कप्तान का विश्वास है जो उनको आत्मविश्वास देता है। इस दौरान हार्दिक पांड्या राशिद खान से पूछते हैं कि आप ये आजकल नया शॉट कैसे मारते हो? जिसमें बल्ला वापस अपने स्थान पर आ जाता है।

जैसे सांप डंक मारता है वैसे आप शॉट मारते हो- हार्दिक पांड्या
राशिद खान तपाक से कहते हैं कि मैं इसको स्नेक शॉट का नाम देता हूं। जैसे सांप डंक मारकर अपनी जगह पर वापस आ जाता है वैसे राशिद का बल्ला शॉट के बाद पुरानी स्थिति में आ जाता है। यह बड़ी तेजी से होता है और खान ने इसको सर्प शॉट कहा है।
हार्दिक इस बात पर खिलखिलाकर हंसते हैं और कहते हैं जैसे सांप डंक मारता है वैसे आप शॉट मारते हो।
वीडियो यहां देखें-
ये बातचीत मजेदार और चुटीली है और फैन इसको पंसद कर रहे हैं। आप इसका वीडियो यहां पर देख भी सकते हैं। राशिद का स्नेक शॉट उनके लिए काफी प्रभावशाली रहा है क्योंकि वे कलाई से बल्ले को मोड़ते हैं और गेंद की गति का इस्तेमाल करते हुए बाउंड्री से बाहर कर देते हैं।
ताजा जीत ने गुजरात टाइटंस को टॉप पर पहुंचा दिया है और इसको प्रतियोगिता का टाइटल जीतने वाली टीम माना जा रहा है क्योंकि किसी भी स्थिति में इस टीम के पास कोई ना कोई हीरो मौजूद रहता है। पहली बार आईपीएल खेल रही जीटी इसी सीजन में अपनी पहली ही आईपीएल ट्रॉफी जीतने के लिए सबकी पसंदीदा बन चुकी है।












Click it and Unblock the Notifications