शाहरुख खान फ्लॉप हुए तो चमका नया भारतीय सितारा, जिसे T20 WC में देखना चाहते हैं वीरेंद्र सहवाग
नई दिल्ली, 8 मई: पंजाब किंग्स की टीम में एक बल्लेबाज को मेगा नीलामी में बड़ी हसरतों से खरीदा गया था। यह खिलाड़ी थे शाहरुख खान जो तमिलनाडु की ओर से धुआंधार क्रिकेट खेलते हैं। उनकी कद काठी भी लंबी चौड़ी है और वह भारत के सबसे बड़े हिटर में गिने जाते थे। ऐसे नहीं कि इस बल्लेबाज को अब पूरा जंग लग चुका है लेकिन आईपीएल 2022 में शाहरुख खान नाम का यह खिलाड़ी सबसे खराब दौर से गुजर रहा है जिसका खामियाजा उनकी टीम ने भुगता है।

शाहरुख खान के फ्लॉप शो के बीच एक ऐसा खिलाड़ी चमका
यह किसी भी टीम के लिए विडंबना की बात है जिस खिलाड़ी पर वह मेगा नीलामी में अपना पूरा बटुआ खोल कर रख देते हैं वही खिलाड़ी मैदान में उनको सबसे बड़ा धोखा देकर निकल जाता है। लेकिन पंजाब सिंह की किस्मत यहां अच्छी रही कि शाहरुख खान के फ्लॉप शो के बीच एक ऐसा खिलाड़ी चमका जिसकी उम्मीद हमने नहीं की थी और यह खिलाड़ी भी शाहरुख खान की तरह ही कद काठी का है, उन्हीं की तरह शॉट खेलता है और हेलमेट व पैड पहनने के बाद लगता भी शाहरुख खान जैसा ही है।
Recommended Video

यह खिलाड़ी है विकेटकीपर जितेश शर्मा
यह खिलाड़ी है विकेटकीपर जितेश शर्मा जो सस्ते में खरीदे गए और अपने प्रदर्शन से पूरा हिसाब चुका रहे हैं। जितेश शर्मा को देख कर बड़ा अच्छा लग रहा है क्योंकि वह भारत के आने वाले T20 वर्ल्ड कप में भी ऐसी चमक बिखेर सकते हैं और टीम इंडिया के वारे न्यारे कर सकते हैं। जितेश शर्मा वे खिलाड़ी है जिन पर कई लोगों की नजरें नहीं गई लेकिन उन्होंने धीरे-धीरे अपने खेल से क्रिकेट दिग्गजों का ध्यान खींचा और फिर फैंस का भी खूब मनोरंजन किया। शर्मा ऐसे नाम बन चुके हैं जिनको हल्के में नहीं ले सकते।

360-degree की बल्लेबाजी से कई लोगों को हैरान किया
जितेश शर्मा विदर्भ की ओर से लगातार रन बनाते रहे हैं और उन्होंने मध्यक्रम में अपना प्रभाव छोड़ा है। ये तो सभी जानते हैं कि भारतीय टीम मध्यक्रम और फिनिशर के रोल के लिए जूझती रहती है और जितेश शर्मा यहां बड़ी उम्मीद जगाते हैं। जब दिनेश कार्तिक बहुत तेजी से अपनी उम्र पूरी करते जा रहे हैं तो वहीं युवा जितेश शर्मा 360-degree की बल्लेबाजी से कई लोगों को हैरान कर देते हैं। दिनेश कार्तिक ने भी इस प्रतियोगिता में काफी अच्छा प्रदर्शन किया है लेकिन उम्र के चलते शायद उनको ना लिया जाए। ऐसे में जितेश शर्मा एक बेहतर विकल्प हो सकते हैं।

जितेश शर्मा को ऑस्ट्रेलिया ले जाने की पैरवी की
जितेश शर्मा को किसी ने भी कोई भाव नहीं दिया था लेकिन उन्होंने नंबर 5 और नंबर 6 पर आते हुए 162 रन बनाने में कामयाबी हासिल की और यह एक ऐसी पोजीशन है जहां पर खिलाड़ियों को टी-20 क्रिकेट में खेलने के लिए कम ही गेंदे मिलती हैं। यहां तक कि राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ हुए पिछले मैच में भी शानदार जितेश शर्मा 18 गेंदों में 38 रन बनाने में कामयाब रहे और उन्होंने 4 चौके व दो छक्के भी लगा दिए। भारत के आक्रामक बल्लेबाज रहे वीरेंद्र सहवाग हमेशा इस तरह की बल्लेबाजी को पसंद करते हैं और उन्होंने जितेश शर्मा को ऑस्ट्रेलिया T20 वर्ल्ड कप के लिए ले जाने की पैरवी की है।

सभी विकेटकीपरों में जितेश शर्मा आगे- वीरेंद्र सहवाग
उनका कहना है कि ईशान किशन, ऋषभ पंत और रिद्धिमान शाह जैसे खिलाड़ियों को हमने देखा है लेकिन लेकिन जितेश शर्मा बहुत अच्छे तरीके से इन सभी दिग्गजों को रेस में कंपटीशन दे रहे हैं। सहवाग ने महसूस किया है कि जितेश शर्मा काफी प्रभावित करने में कामयाब रहे हैं और उनको लगता है कि इतने सारे नामों को देखने के बाद भारतीय चयनकर्ताओं के लिए आसान काम नहीं होने वाला है। वीरेंद्र सहवाग ने क्रिकबज से बात करते हुए कहा, "क्या हमें जीतेश शर्मा को ऑस्ट्रेलिया में T20 वर्ल्ड कप के लिए भेज देना चाहिए क्योंकि उन्होंने काफी प्रभावित किया है? इसलिए पूछ रहा हूं क्योंकि वह लगातार बना रहे हैं। हमने उनको T20 वर्ल्ड कप के लिए संभावित नामों में रखा है। उन्होंने राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ बहुत शानदार पारी खेली इसमें कोई शक नहीं है। इशान किशन विकेटकीपर बल्लेबाज हैं, पंत विकेटकीपर बल्लेबाज हैं और रिद्धिमान साहा भी बल्लेबाजी कर रहे हैं लेकिन इन सबमें सबसे ज्यादा प्रभावित जितेश शर्मा ने ही किया है।












Click it and Unblock the Notifications