IPL 2022: 'तुम्हें सफलता नहीं मिलेगी.....': वीरेंद्र सहवाग ने ऋषभ पंत को दी चेतावनी
नई दिल्ली, 9 अप्रैल: श्रेयस अय्यर की कमान में इस बार कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम जितनी अच्छी दिखाई दे रही है उतनी बेहतर ऋषभ पंत की कप्तानी में दिल्ली कैपिटल्स की टीम नहीं दिख रही है। केकेआर की टीम चार में से तीन मैच जीत कर सबसे अच्छे रन रेट के साथ पॉइंट टेबल में नंबर एक पर मौजूद है तो वहीं दिल्ली कैपिटल्स की टीम तीन में केवल एक मुकाबला जीतकर 7वें में नंबर पर मौजूद है। यह वही ऋषभ पंत हैं जिनको श्रेयस अय्यर की चोट के चलते दिल्ली कैपिटल्स की कमान सौंपी गई थी।

ऋषभ पंत की बैटिंग सोच क्या है?
इससे पहले श्रेयस अय्यर दिल्ली कैपिटल्स की कप्तानी में भी झंडे गाड़ रहे थे और उन्होंने दिल्ली को पहली बार फाइनल में पहुंचाने का काम भी किया था। दिल्ली कैपिटल्स की टीम ने अपना हाल ही का मुकाबला लखनऊ सुपरजाइंट्स के साथ खेला जहां पर पृथ्वी शा ने डीसी को एक बहुत ही जबरदस्त शुरुआत देते हुए केवल 34 गेंदों पर 61 रनों की पारी खेली लेकिन ऋषभ पंत अजीबोगरीब ढंग से बल्लेबाजी करते रहे और बैटिंग के दौरान उनकी मानसिकता समझ से बाहर थी।

वीरेंद्र सहवाग पंत की पारी से प्रभावित नहीं हैं
कप्तान ऋषभ पंत ने बेहद धीमी पारी खेलने का परिचय देते हुए 36 गेंदों पर मात्र 39 रन ही बनाए और दिल्ली कैपिटल्स की टीम केवल 149 रन बनाने में कामयाब रही। ऋषभ पंत का बैटिंग स्टाइल ऐसा है कि वह टेस्ट क्रिकेट में सबसे अच्छे तरीके से अपने आप को ढाल सकते हैं लेकिन जब बात T20 क्रिकेट की आती है तो उनसे तेज खेलने वाले कई खिलाड़ी भारतीय टीम में ही मौजूद हैं।
भारत के पूर्व क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग पंत की पारी से प्रभावित नहीं हैं और उन्होंने कहा कि पंत को आजादी के साथ खेलना चाहिए क्योंकि यह उनका स्वाभाविक खेल है और जिम्मेदारी के साथ बल्लेबाजी करने की कोशिश करने से उनका सीजन खराब रहेगा।

आईपीएल 2022 के लिए सहवाग ने पंत को चेताया-
सहवाग ने क्रिकबज से कहा, "ऋषभ पंत को केवल एक चीज के बारे में चिंता करने की जरूरत है, जिसके साथ वह किस ढंग से खेल रहे हैं। जीत और हार होती रहेगी।"
उन्होंने कहा, "जितनी गेंदें उन्होंने खेली, 30 या 32 गेंद, उतनी गेंदों में आप 60 रन बना सकते हैं। इसलिए अगर पंत ने 20 और रन बनाए, तो यह एलएसजी के लिए महंगा साबित होता, लेकिन वे रन नहीं बने।"
"पंत को अपना नजरिया नहीं बदलना चाहिए। उन्हें आजादी से खेलना चाहिए। जिस दिन वह फायर करेंगे, वह अपनी टीम के लिए मैच जीतेंगे, हम सभी जानते हैं। लेकिन अगर उन्हें लगता है कि 'मैं कप्तान हूं तो मुझे अधिक जिम्मेदारी के साथ खेलना चाहिए। तो मुझे नहीं लगता कि वह इस साल आईपीएल में बहुत सफल होंगे। क्योंकि जिम्मेदारी के साथ खेलना उनका स्टाइल नही है, ना ही वे अंत तक टिकने की सोच रखने वाले खिलाड़ी हैं।"

सोच क्लियर करें, अपने पुराने वीडियो देखें पंत
"उन्हें आगे आना चाहिए और हिट करना चाहिए। खराब गेंद को हिट करो और बाकी सिंगल लेते रहो। इसके अलावा उसके दिमाग में तीसरा विकल्प नहीं होना चाहिए। उसे स्पष्ट सोच रखनी चाहिए।"
सहवाग ने कहा कि विकेटकीपर अतीत में अपना खुद का प्रदर्शन देख सकता है क्योंकि उन्होंने इस तरीके से पहले भी बैटिंग की है। इसलिए उसे देखना चाहिए कि वह कैसे खेला, कभी-कभी इससे आपको आत्मविश्वास मिलता है। डीसी का सामना रविवार को अपने अगले मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स से होगा।












Click it and Unblock the Notifications