खिलाड़ी बड़ा है तो जरूरी नहीं कप्तान अच्छा होगा- कोहली के कोच को अटपटा लगा जडेजा का चयन
नई दिल्ली, 26 मार्च: महेंद्र सिंह धोनी ने हैरतअंगेज ढंग से चेन्नई सुपर किंग्स की कप्तानी छोड़ दी। धोनी ने 24 मार्च को पिछले 12 सीजन से चली आ रही लीजेंडरी कप्तानी पर विराम लगा दिया और अब स्टार ऑलराउंडर रविंद्र जडेजा चेन्नई सुपर किंग्स की कमान संभालेंगे। इसी बीच कोहली के बचपन के कोच राजकुमार शर्मा रविंद्र जडेजा के चयन से बहुत आश्वस्त नहीं है। राजकुमार शर्मा को नहीं लगता है कि जडेजा एक अच्छे लीडर भी साबित हो पाएंगे।

विराट कोहली के बचपन के कोच की प्रतिक्रिया-
वैसे तो राजकुमार शर्मा ने रविंद्र जडेजा की ऑलराउंडर काबिलियत की तारीफ की है लेकिन साथ ही कहा है कभी-कभी यह जरूरी नहीं होता कि एक अच्छा खिलाड़ी अच्छा कप्तान भी हो। राजकुमार शर्मा ने यूट्यूब पॉडकास्ट खेलनीति पर बात करते हुए कहा कि, इसमें कोई शक नहीं है कि रविंद्र जडेजा इस समय दुनिया के बड़े ऑलराउंडर है। लेकिन उन्होंने अधिक कप्तानी नहीं की है और उनके पास इसका ज्यादा अनुभव नहीं है तो यह चीजें देखने वाली होंगी।

कभी-कभी एक अच्छा क्रिकेटर अच्छा कप्तान नहीं हो सकता
उन्होंने आगे कहा कि, कभी-कभी एक अच्छा क्रिकेटर अच्छा कप्तान नहीं हो सकता और ऐसे ही एक खराब खिलाड़ी खराब कप्तान भी नहीं हो सकता। राजकुमार शर्मा को लगता है कि रविंद्र जडेजा के पास मैदान में सलाह देने के लिए महेंद्र सिंह धोनी मौजूद रहेंगे और जब-जब जडेजा को किसी फैसले को करने में परेशानी आएगी तो वह धोनी के पास जाएंगे। साथ ही राजकुमार शर्मा का मानना है कि महेंद्र सिंह धोनी रविंद्र जडेजा के फैसलों में कंधे से कंधा मिलाकर उनका साथ देंगे।

26 मार्च से ही पहला इम्तिहान शुरू-
यह देखना दिलचस्प होगा कि गत चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स टीम के कप्तान रविंद्र जडेजा आज यानी 26 मार्च को कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ होने जा रहे मुकाबले में अपनी टीम की शुरुआत जीत से करते हैं या फिर नहीं। यह मैच मुंबई के प्रतिष्ठित वानखेड़े स्टेडियम में हो रहा है। कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम भी दो बार की चैंपियन है और उन्होंने भारत के मध्यक्रम के बल्लेबाज श्रेयस अय्यर को कप्तानी के तौर पर नियुक्त किया है। अय्यर पहले भी अपनी कप्तानी के जोहर दिल्ली कैपिटल्स की टीम में दिखा चुके हैं।
जहां तक चेन्नई सुपर किंग्स की बात है तो वह रिकॉर्ड बराबर करने वाले पांचवें आईपीएल खिताब को जीतने की ओर देख रही है। अभी तक मुंबई इंडियंस की टीम ने पांच बार आईपीएल खिताब जीता है जबकि चेन्नई सुपर किंग्स चार बार इसको अपनी झोली में डाल चुकी है।












Click it and Unblock the Notifications