स्पीड के लिए धड़कते दिल- उमरान मलिक ने डंडा उड़ाया, उछल डेल स्टेन पड़े, फिर कोच ने खोले राज
मुंबई, 16 अप्रैल: सनराइजर्स हैदराबाद और कोलकाता नाइट राइडर्स का मुकाबला युवा तेज गेंदबाज उमरान मलिक की गतियों के चलते सुर्खियों में बना रहा। उमरान मलिक ने आईपीएल 2022 में लगातार 150 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से बॉलिंग की है लेकिन इसका फल उनको केकेआर के खिलाफ देखने को मिला है। उमरान मलिक ने मैच के दौरान श्रेयस अय्यर को इतनी तूफानी यॉर्कर गेंद फेंकी कि केकेआर का कप्तान वहीं अपनी गिल्लियां उड़ते देखने के सिवा कुछ और नहीं कर सका।

डेल स्टेन उछल पड़े
यह नजारा देखते ही डग-आउट में बैठे महान डेल स्टेन उछल पड़े और उन्होंने स्पिन बॉलिंग कोच मुथैया मुरलीधरन को गले लगा लिया। स्टेन इस दौरान बहुत ही उत्साहित थे।
उमरान मलिक के विकेट का जश्न मनाते डेल स्टेन का वीडियो वायरल हो गया है। जम्मू और कश्मीर के युवा तेज गेंदबाज उमरान मलिक ने मैच के 10वें ओवर में श्रेयस अय्यर को क्लीन बोल्ड करके अपनी टीम को जरूरी विकेट दिलाया।

मलिक ने मैच में बहुत शानदार गेंदबाजी की
मलिक ने मैच में बहुत शानदार गेंदबाजी की और उन्होंने 4 ओवर में 27 रन देकर 2 विकेट लिए। उनकी गतियां विपक्षी बल्लेबाजों के झेलने के लिए बहुत तेज थी और विकेट के पीछे बल्ले का किनारा लेकर रन निकालना ही एकमात्र चारा बचा रह गया था। हालांकि एक समय ऐसा भी आया जब केन विलियमसन ने विकेट के पीछे फील्डिरों की भरमार खड़ी कर दी। यह टी20 क्रिकेट में किसी भी तेज गेंदबाजी की बड़ी उपलब्धि है।

टॉम मूडी ने स्टेन और मुरलीधरन के बीच सेलिब्रेशन के पीछे का राज बताया
भारतीय क्रिकेट इतिहास में इतना तेज गेंदबाज कभी पैदा नहीं हुआ है जिसने लगातार अपनी मर्जी के साथ 150 किलोमीटर प्रति घंटा को आराम से छुआ है। चार-पांच मौकों पर ऐसी गतियां निकाली गई हैं लेकिन मलिक के जैसी निरंतरता किसी में नहीं थी।
हैदराबाद पर 7 विकेट से जीत दर्ज करने के बाद टॉम मूडी ने स्टेन और मुरलीधरन के बीच सेलिब्रेशन के पीछे का राज बताया है।

ये भावनाएं उस महत्वपूर्ण विकेट के लिए थी-
मूडी ने कहा, "हम हर एक मैच के लिए कुछ ना कुछ प्लानिंग करते हैं। मुझे लगता है कि युवा बॉलर ने हमको इतना महत्वपूर्ण विकेट दिलाया था, ये उसी के लिए भावनाएं थी।
उमरान का फ्रेंचाइजी ने पूरा ध्यान रखा है। हर कोई उनकी गेंदबाजी का लुत्फ ले रहा है। उन्होंने बढ़िया बॉलिंग की। वह अपनी योजनाओं पर कायम रहे और हमने बस उनको उनका रोल समझाने में मदद की है।"

उमरान रन खर्च करेंगे, पर विकेट लेते रहें- मूडी
मूडी यह भी मानते हैं कि उमरान मलिक बहुत ही भाग्यशाली हैं जो उनके पास डेल स्टेन जैसा मेंटर है। मूडी ने कहा कि युवा गेंदबाज भले ही कुछ रनों के लिए जाएगा लेकिन वह बल्लेबाजों को अपनी गति से लगातार भयभीत भी करता रहेगा।
मूडी जानते हैं कि जब आप 150 किलोमीटर की रफ्तार वाले गेंदबाज होते हो तो विकेट के पीछे बहुत ज्यादा रन जाने की संभावना बनी रहती है। इसलिए आपको उमरान के गेंदबाजी स्टाइल को स्वीकार करना होगा। उनका इकोनमी रेट काफी ऊंचा भी रह सकता है।
डेल स्टेन का होना मलिक के लिए बहुत बड़ा फायदा है
मूडी कहते हैं- "उमरान का रोल है भागना और खुद को व्यक्त करना। हम उनके हिसाब से फील्ड को सेट करने का प्रयास करते हैं, ताकि वे शुद्ध तेज गेंदबाज के तौर पर खुद को व्यक्त कर सकें।
वह अभी भी अपनी शुरुआती अवस्था में हैं। वह हर दिन सीख रहे हैं और डेल स्टेन का होना उनके लिए बहुत बड़ा फायदा है क्योंकि उनसे आप कभी भी कुछ सीख सकते हैं। हम जानते हैं वह रन खर्च करेंगे, हमको बस रिटर्न के तौर पर विकेट चाहिए।"












Click it and Unblock the Notifications