चोटिल हुआ, कोविड हुआ, अब डंडे उड़ा रहा है, ऑस्ट्रलिया जाने वाली उड़ान पर है भारतीय बॉलर की नजर
नई दिल्ली, 24 अप्रैल: सनराइजर्स हैदराबाद की टीम ने जिस तरह से आईपीएल 2022 से पहले खुद को पेश किया था वह किसी को पसंद नहीं आया। टीम ने डेविड वार्नर को बाहर कर दिया, जो सलूक किया वह बेहद खराब था। नीलामी में उनके कोचिंग स्टॉफ के अहम सदस्य साइमन कैटिच ने यह कहकर टीम से पल्ला झाड़ लिया कि उनके मुताबिक खिलाड़ियों को नहीं खरीदा गया है। यहां तक की दिल्ली कैपिटल्स के सहायक कोच शेन वॉटसन ने भी कहा कि आईपीएल 2022 में सनराइजर्स हैदराबाद भगवान भरोसे होगी।

हर मैच में कोई स्टार नजर आ रहा है
लेकिन हैदराबाद ने कमाल करते हुए दूसरी हार के बाद लगातार पांच जीत हासिल करके खुद को विजयी ट्रैक पर ला दिया है। टीम की बैटिंग ठीक है और गेंदबाजी को बहुत जबरदस्त रही है। हर मैच में कोई स्टार नजर आ रहा है।
ताजा मुकाबले में हैदराबाद ने आरसीबी को केवल 68 रनों पर ढेर करके बाकी टीमों के लिए वार्निंग अलार्म बजा दिया है। यहां पर मार्को येन्सन ने एक ओवर में तीन विकेट लेकर जीत की राह तैयार की थी। टी नटराजन ने भी 3 ओवर में 10 रन देकर तीन विकेट लिए और भुवनेश्वर कुमार ने 2.1 ओवर में 8 रन देकर 1 विकेट लिया। नटराजन ने हर्षल पटेल और वानिंदु हसरंगा को क्लीन बोल्ड किया था। बल्लेबाजी दिग्गज सुनील गावस्कर ने भी टी नटराजन की तारीफ की है।

सुनील गावस्कर ने टी नटराजन की भरपूर प्रशंसा की-
महान बल्लेबाज सुनील गावस्कर ने टी नटराजन की भरपूर प्रशंसा करते हुए कहा कि बाएं हाथ का तेज गेंदबाज चोट से उबरने के बाद आईपीएल 2022 में आत्मविश्वास से भर गया है। गावस्कर ने कहा कि नटराजन निश्चित रूप से भारतीय टीम में वापसी के लिए पक्के दावेदार होंगे और तेज गेंदबाज इस साल के अंत में टी 20 विश्व कप पर अपनी नजरें जमा रहे हैं।
नटराजन आईपीएल 2022 में सबसे अधिक विकेट लेने के लिए पर्पल कैप की सूची में 7 मैचों में 14.53 की औसत से 15 विकेट लेकर दूसरे स्थान पर हैं। तमिलनाडु के तेज गेंदबाज ने सनराइजर्स हैदराबाद के लिए 3 विकेट लिए, जिसमें ग्लेन मैक्सवेल भी शामिल थे। रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर को 68 रन पर समेट दिया गया था, जो आईपीएल इतिहास उनका पांचवां सबसे कम स्कोर था।

फिर से उभरते हुए टी नटराजन
नटराजन ने अच्छी गति से गेंदबाजी की है और एसआरएच के लिए पावरप्ले और डेथ दोनों में बेहतरीन बॉलिंग कर रहे हैं।
गावस्कर ने स्टार स्पोर्ट्स से कहा, "हम सभी जानते हैं कि यॉर्कर उसकी खासियत है लेकिन उसने गेंद को अच्छी तरह से कंट्रोल में रखा। उसे वापसी करते देखकर अच्छा लगा क्योंकि कुछ समय के लिए ऐसा लग रहा था कि भारतीय क्रिकेट ने उसे खो दिया है।

कहीं अधिक आत्मविश्वास से भरे दिख रहे हैं
"उसे वापस कतार में रखना अच्छा है। मुझे पूरा यकीन है, जिस तरह से वह 16वें और 20वें ओवर के बीच गेंदबाजी करता है, वह पक्की लिस्ट में होगा।"
नटराजन आखिरी बार मार्च 2021 में भारत के लिए खेले थे। घुटने की चोट ने आईपीएल 2021 के पहले भाग में हैदराबाद के साथ उनके कार्यकाल को छोटा कर दिया था। वह यूएई लेग से पहले कोविड -19 की चपेट में आ गए थे।
गावस्कर के अनुसार, अपनी फिटनेस और कौशल पर कड़ी मेहनत करने के बाद, नटराजन पहले से कहीं अधिक आत्मविश्वास से भरे दिख रहे हैं।

वर्ल्ड कप के लिए उस फ्लाईट में बने रहना चाहते हैं नटराजन..- गावस्कर
उन्होंने कहा, "पिछले साल, शायद, वह अपने खेल में टॉप पर नहीं थे। अभी, वह आत्मविश्वास से भरे हैं। वह अब तरोताजा हैं और खेलने के लिए उतावले हैं। वह जानते हैं कि एक विश्व कप आ रहा है, वह इसके लिए ऑस्ट्रेलिया जाने वाली उस फ्लाइट के हिस्से बने रहना चाहते हैं।"
आईपीएल 2022 की मेगा नीलामी से पहले SRH द्वारा नटराजन को रिटेन नहीं किया गया था, लेकिन पूर्व चैंपियन ने तेज गेंदबाज को 4 करोड़ रुपये में वापस खरीद लिया।












Click it and Unblock the Notifications