RCB ने शुरू किया हॉल ऑफ फेम अवॉर्ड, इन दो विदेशी खिलाड़ियों को दी जगह
नई दिल्ली। क्रिकेट के खेल में हॉल ऑफ फेम उन खिलाड़ियों को दिया जाता है जिनके योगदान के लिए खेल जगत उन्हें सम्मानित करना चाहता है। दुनिया की सबसे मशहूर T20 लीग आईपीएल ने भी अपने 15 साल पूरे करने हैं और इसी को देखते हुए रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीम ने अपना पहला हॉल ऑफ फेम अवार्ड देने का ऐलान किया है। आरसीबी की टीम ने इसको लेकर दो दिग्गज खिलाड़ियों का नाम अपने हॉल ऑफ फेम में शामिल किया है।

आरसीबी की ओर से जारी किए गए नामों में इस प्रारूप के 2 सबसे बड़े विदेशी खिलाड़ियों का नाम शामिल है। आरसीबी ने अपने हॉल ऑफ फेम में साउथ अफ्रीका के पूर्व कप्तान एबी डी विलियर्स और वेस्टइंडीज के विस्फोटक बल्लेबाज क्रिस गेल का नाम शामिल किया है। उल्लेखनीय है कि T20 प्रारूप के यह 2 सबसे बड़े बल्लेबाज आरसीबी के लिए आईपीएल में लंबे समय तक खेल चुके हैं।

माइक हेसन ने बताई हॉल ऑफ फेम दी जाने की शर्तें
आरसीबी की इस पुरानी जोड़ी ने पिछले एक दशक के दौरान फ्रेंचाइजी को मिली सफलता में अपने प्रदर्शन से अहम योगदान दिया और अपनी एक अलग पहचान बनाई है। आरसीबी के क्रिकेट निदेशक माइक हेसन ने इस कार्यक्रम के इंडक्शन के दौरान हॉल ऑफ फेम में शामिल किये जाने की शर्तों का भी खुलासा किया। हेसन ने बताया कि यह अवॉर्ड सिर्फ उन्हीं खिलाड़ियों को दिया जा सकता है जो अब प्लेइंग 11 का हिस्सा नहीं हैं और जिन्होंने कम से कम 3 सीजन तक फ्रैंचाइजी के लिये अपनी सेवायें दी हों और इस दौरान अपने प्रदर्शन से आरसीबी के ब्रॉन्ड को बढ़ाने में मैदान के अंदर और बाहर योगदान दिया हो।

कोहली बोले- दोनों के साथ खेलना रहा खास
आरसीबी के पूर्व कप्तान विराट कोहली ने हॉल ऑफ फेम में इन खिलाड़ियों के शामिल होने पर खुशी जताई और साथी खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर बात करते हुए कहा कि यह मेरी खुशकिस्मती रही कि मुझे क्रिकेट के इन दो दिग्गजों के साथ मैदान के अंदर और बाहर समय बिताने का वक्त मिला। आरसीबी के लिये उन दोनों का योगदान सराहनीय है।
उल्लेखनीय है कि आरसीबी का खेमा ज्वाइन करने के बाद क्रिस गेल और एबी डिविलियर्स ने जो धमाल मचाया वो देखने लायक रहा है। जहां पर गेल आरसीबी के लिये रन मशीन बनें और फ्रैंचाइजी के लिये 142 मैचों में 4965 रन बनाये तो वहीं पर एबी डिविलियर्स ने आरसीबी की ओर से खेलते हुए 5 हजार से ज्यादा रन बनाये और यहीं से संन्यास भी ले लिया। क्रिस गेल ने आरसीबी का खेमा छोड़ने का बाद पंजाब किंग्स के लिये कुछ सीजन खेले लेकिन इस साल उन्होंने संन्यास नहीं लेने के बावजूद ऑक्शन में अपना नाम नहीं दिया।

डिविलियर्स ने हमेशा अपने खेल से चौंकाया
दोनों खिलाड़ियों की उपलब्धियों पर बात करते हुए विराट कोहली ने कहा कि आईपीएल और उनकी टीम को दुनिया भर में मशहूर करने में इन दोनों खिलाड़ियों का अहम योगदान रहा और जब वो उनके साथ बल्लेबाजी करते थे तो उनके शॉट लगाने के अंदाज और काबिलियत को देखकर बस भौंचक्के रह जाते थे।
उन्होंने कहा,'एबी ने सही मायनों में क्रिकेट खेलने की परिभाषा को बदला है, अपने शॉट्स में वो जो नयापन लेकर आते थे और मैदान पर जो खेल भावना दिखाते थे, सही मायनों में वही आरसीबी की प्ले बोल्ड आइडियॉलजी को परिभाषित करता है। हमने जो वीडियोज देखीं उसमें आप दोनों ने ही दिखाया है कि कैसे अपने खेल से आईपीएल और आरसीबी को उस मुकाम पर पहुंचाया जहां पर आज वो खड़ा है। एबी के साथ मैंने 11 साल खेले जो कि हम दोनों के लिये सबसे खास साल रहेंगे। वहीं पर गेल के साथ खेलना हर दिन एक नया एहसास होता था, हमने साथ में खूब रन बनायें और कई साझेदारियां हमारे लिये यादगार रहने वाली हैं।'
रिप्लेसमेंट से परमानेंट बन गये थे क्रिस गेल
कोहली ने गेल की तारीफ करते हुए कहा कि क्रिस गेल हमारी टीम में डर्क नैन्स की रिप्लेसमेंट बनकर आये थे और जब टीम से जुड़े तब हमारे 4 ही मैच बाकी थे। लेकिन जमैका से आते ही उन्होंने दो शतक जड़ दिये और रनों की बारिश कर दी। अंत में उनकी 175 रनों की पारी को कौन भूल सकता है।












Click it and Unblock the Notifications