तिलक वर्मा की बल्लेबाजी के मुरीद हुए रवि शास्त्री, बोले- उसने सकारात्मक मंशा दिखाई है

नई दिल्ली। बाएं हाथ के बल्लेबाज तिलक वर्मा ने तब सुर्खियां बटोरीं, जब उन्हें फरवरी में इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2022 मेगा नीलामी के दौरान पांच बार की चैंपियन मुंबई ने 1.7 करोड़ रुपए में खरीदा था। युवा बल्लेबाज ने काफी क्षमता दिखाई है और पूर्व भारतीय कोच रवि शास्त्री सहित कई क्रिकेट विशेषज्ञों का ध्यान खींचा है। भले ही मुंबई ने अपने पिछले दोनों मैच गंवाए हों, वर्मा उनके लिए सही साबित हुए हैं। बाएं हाथ के बल्लेबाज ने राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ महज 33 गेंदों में 61 रनों की शानदार पारी खेली। इसी तरह, उन्होंने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ अपने डेब्यू मैच के दौरान सिर्फ 15 गेंदों में 22 रनों की छोटी लेकिन प्रभावशाली पारी खेली।
यह भी पढ़ें- 'रोहित भाई मैच में गाली दे देते हैं', ईशान किशन ने बताई पुरानी घटना

स्वीप को देखकर प्रभावित हूं
रवि शास्त्री तिलक वर्मा की बल्लेबाजी से प्रभावित हैं और उन्होंने अपने पदार्पण सत्र में उनके संयम की सराहना की है। उन्होंने 19 वर्षीय खिलाड़ी के लिए एक अच्छे भविष्य की भविष्यवाणी की और उन्हें एक आत्मविश्वासी खिलाड़ी बताया। शास्त्री ने स्टार स्पोर्ट्स पर क्रिकेट लाइव शो में कहा, ''उन्होंने मुंबई इंडियंस के लिए खेली दोनों पारियों में काफी क्षमता दिखाई है। मैं उनके विस्तृत शॉट्स- फ्रंट फुट, बैक फुट, स्वीप को देखकर प्रभावित हूं। उनके शॉट चयन में बहुत भिन्नता है।"

उसने बहुत आत्मविश्वास से बल्लेबाजी की
उन्होंने कहा, ''उनका कंपार्टमेंट, बॉडी लैंग्वेज और मिजाज एक युवा खिलाड़ी के लिए बहुत अच्छा है। उन्होंने बहुत आत्मविश्वास से बल्लेबाजी की है। इस खिलाड़ी में आगे बढ़ने की क्षमता है। तिलक वर्मा ने अपनी बल्लेबाजी से सकारात्मक मंशा दिखाई है और ये मुंबई इंडियंस के लिए अच्छे संकेत हैं। एक बार सूर्यकुमार यादव के प्लेइंग इलेवन में वापस आने के बाद मुंबई का मध्यक्रम मजबूत होगा।''

20 लाख था बेस प्राइस
19 वर्षीय तिलक मेगा नीलामी में 20 लाख के बेस प्राइस के साथ आए थे। सनराइजर्स हैदराबाद, राजस्थान रॉयल्स और चेन्नई सुपर किंग्स सहित कई फ्रेंचाइजी उनकी सेवाओं को हासिल करने के लिए बोली-प्रक्रिया में शामिल थीं। हालांकि, मुंबई 1.7 करोड़ रुपए में उन्हें अपने साथ जोड़ने में कामयाब रहा। पांच बार के चैंपियन को आईपीएल 2022 में जीत दर्ज करनी बाकी है। मुंबई ने अपने दोनों मैच दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ चार विकेट से और फिर राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ 23 रन से गंवाए हैं। रोहित शर्मा की अगुवाई वाली टीम 6 अप्रैल (बुधवार) को पुणे के महाराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन (एमसीए) स्टेडियम में कोलकाता नाइट राइडर्स से भिड़ेगी।












Click it and Unblock the Notifications