'हमारे पास अभी तक घर भी नहीं है'- MI के नए सितारे ने जताई माता-पिता के लिए अपनी चाहत
नई दिल्ली, 3 अप्रैल: इंडियन प्रीमियर लीग में मुंबई इंडियंस के बल्लेबाज तिलक वर्मा ने जिस तरीके से राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ बल्लेबाजी की उसने रोहित शर्मा की आंखों में एक चमक जरूर पैदा की होगी। मुंबई इंडियंस की टीम इस सीजन में अपने दोनों शुरुआती मुकाबले हार चुकी है लेकिन तिलक वर्मा एक पॉजिटिव बात बनकर उभरे हैं। मुंबई इंडियंस की टीम ने इस युवा खिलाड़ी को मेगा नीलामी में 1.7 करोड रुपए देकर खरीदा था और यह बल्लेबाज अब अपनी कीमत को बखूबी चुका रहा है।

मुंबई की हार में उम्मीद का 'तिलक'
अभी तक खेले गए दोनों मुकाबलों में तिलक ने 22 और 61 रनों की पारी खेली जिसमें उनका स्ट्राइक रेट बहुत जबरदस्त रहा है। मुंबई इंडियंस की टीम ने जसप्रीत बुमराह से लेकर हार्दिक पंड्या तक भारतीय क्रिकेट को कई सितारे दिए हैं और तिलक वर्मा एक नए और होनहार नाम के तौर पर उभरते हुए दिखाई दे रहे हैं। हालांकि इस खिलाड़ी की अब तक की यात्रा काफी मुश्किल रही है। हैदराबाद से आने वाला 19 साल का यह खिलाड़ी एक साधारण बैकग्राउंड से आता है और उन्होंने जूनियर लेवल क्रिकेट पर कुछ जबरदस्त परफॉर्मेंस देकर क्रिकेट की दुनिया में अपना कमाया है।

अपने परिवार के लिए एक घर खरीदने की चाहत-
तिलक वर्मा 2020 के अंडर-19 विश्व कप में भारतीय क्रिकेट टीम का हिस्सा थे लेकिन उन्होंने इस प्रतियोगिता में कुछ खास नहीं किया था। इसके बावजूद घरेलू क्रिकेट में उनका बेहतर प्रदर्शन एक बेहतर आईपीएल कॉन्ट्रैक्ट को हासिल करने का कारण बना। तिलक वर्मा का परिवार आर्थिक तौर पर चुनौतियों से जूझता रहा है और वर्मा का कहना है कि अब उनका मकसद अपने परिवार के लिए एक घर खरीदना है।

परिवार में काफी आर्थिक चुनौतियां रही
वर्मा ने क्रिकबज से बात करते हुए कहा- हमारे परिवार में काफी आर्थिक चुनौतियां रही और इन्हीं के बीच में पला बढ़ा हूं। मेरे पिता को अपनी ही सीमित सैलरी में मेरे सभी क्रिकेट के खर्चे उठाने पड़ते थे और साथ ही मेरे बड़े भाई की पढ़ाई भी करानी होती थी।
वर्मा आगे कहते हैं कि, पिछले कुछ सालों में मैच फीस और कुछ स्पॉन्सरशिप हासिल करने के बाद मैं अपने क्रिकेट के खर्चे को किसी तरह वहन कर पा रहा हूं। हमारे पास अभी तक कोई घर नहीं है तो इस आईपीएल से मैं जो भी कुछ कमा लूंगा, मेरा एक ही मकसद रहेगा, अपने माता-पिता के लिए एक घर खरीदना। इस आईपीएल में मुझे वह छूट दे दी है कि अब मैं अपने पूरे करियर में खुलकर खेल सकता हूं।

नीलामी में कोच भावुक हुए, मां के शब्द नहीं निकले-
तिलक वर्मा ने इस दौरान यह भी खुलासा किया कि जब नीलामी में उनके ऊपर बोली लगी तो उनके परिवार के सदस्य और कोच भावुक हो गए थे। वे कहते हैं- जिस दिन आईपीएल की नीलामी चल रही थी मैं अपने कोच के साथ वीडियो कॉल पर था। मेरे कोच की आंखों में आंसू आ गए जब उन्होंने देखा की नीलामी की रकम बढ़ती जा रही है। जब मैं चुना गया तो मैंने अपने माता-पिता को कॉल किया। वे भी फोन कॉल पर रोने लगे थे। मेरी माता के मुंह से शब्द नहीं निकल रहे थे।
तिलक वर्मा ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ पांच चौके व तीन छक्के लगाते हुए 33 गेंदों में 61 रनों की पारी खेली थी और वह दिग्गज स्पिनर रविचंद्रन अश्विन की गेंद पर बोल्ड हुए थे।












Click it and Unblock the Notifications