'हीरो' बनना आसान नहीं था, ये खिलाड़ी हर मुश्किल से गुजरा, 2-3 दिन तक भूखे रहे थे पिता
नई दिल्ली, 19 मई: कोलकाता नाइट राइडर्स के बल्लेबाज रिंकू सिंह की उम्र 24 साल है और वे आईपीएल में काफी सालों से अपनी मौके का इंतजार कर रहे थे। उनको कुछ सीजन के दौरान अधिकतर समय बेंच पर बैठकर ही बिताना पड़ा। इस दौरान उन्होंने अपने खेल पर काफी मेहनत की और आखिरकार यह आईपीएल का 2022 सीजन था जहां इस खिलाड़ी की प्रतिभा को सही पहचान मिली। रिंकू सिंह एक ऐसे खिलाड़ी है जो मीडिल ऑर्डर पर किसी भी समय खेल का रुख पलट सकते हैं।
Recommended Video

हीरो बनने से पहले एक मुश्किल जिंदगी जी
वे बाएं हाथ से बल्लेबाजी करते हैं और उनके पास शॉट लगाने की विशेष काबिलियत दिखाई देती है। यह खिलाड़ी उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ से आता है और उन्होंने उस समय को याद किया है जब उनका जीवन काफी मुश्किल हुआ करता था। उनकी जिंदगी में एक समय वह भी था जब उनको अपने लिए अधिक अवसर दिखाई नहीं दे रहे थे और वे चोट से वजह से भी अपने करियर को लेकर परेशान थे। बाएं हाथ के बल्लेबाज का कहना है कि कम से कम उनके करियर में 5 साल ऐसे रहे जब वे काफी मुश्किलों से गुजरे लेकिन उन्होंने खुद पर विश्वास करना नहीं छोड़ा जबकि वह समय वास्तव में काफी कठिन था।

फिर टीम में आए पर परफॉर्म नहीं कर सके
2018 में कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम ने रिंकू सिंह को मेगा ऑक्शन में खरीदा लेकिन युवा बल्लेबाज अपेक्षाओं पर खरा नहीं उतर सका। वे 4 सीजन के लिए कोलकाता नाइट राइडर्स का हिस्सा रहे लेकिन उनको खेलने के मौके ज्यादा नहीं मिले। 2021 वह समय था जब उनके घुटने में चोट लग गई और वह इंडियन प्रीमियर लीग के पहले भाग में हिस्सा नहीं ले पाए। रिंकू सिंह ने केकेआर के आधिकारिक फेसबुक पेज पर एक वीडियो में ये जानकारी दी।

केकेआर ने फिर भी मुझे रिटन कर लिया- रिंकू सिंह
सिंह बताते हैं, "5 साल मेरे लिए काफी मुश्किल थे। पहले साल के बाद जब मैं केकेआर की टीम में चुन लिया गया था तो मुझे खेलने का मौका मिल गया था। लेकिन मैं तब अच्छा परफॉर्म नहीं कर पाया। उसके बावजूद केकेआर ने मुझ पर भरोसा दिखाया और मुझे अगले कुछ सीजन के लिए भी रिटेन किया। मैंने अपने आपको कठिन ट्रेनिंग दी अपनी बॉडी लैंग्वेज ठीक की। टीम ने कभी मुझे कमतर नहीं आंका। पिछला साल मेरे लिए काफी मुश्किल था क्योंकि मुझे घुटने में चोट लग गई थी। तब मैं विजय हजारे ट्रॉफी में दो रन लेने के लिए भाग रहा था। जिस पल में गिरा तो मैंने आईपीएल को लेकर सोचा।

'पापा ने दो-तीन दिन तक खाना ही नहीं खाया'
"बाद में मुझे पता चला कि एक ऑपरेशन की जरूरत पड़ रही है और इसके लिए 6 से 7 महीने रिकवरी में लगेंगे। मैं तब क्रिकेट से इतने लंबे समय तक दूर रहने के लिए खुश नहीं था। मेरे पापा ने दो-तीन दिन तक खाना ही नहीं खाया। मैंने उनसे कहा कि यह केवल चोट है और क्रिकेट का एक ही हिस्सा है। मैं अपने जीवन में अकेला कमाने वाला हूं और जब इस तरह की चीजें होती हैं तो चिंताओं के बादल आपके आसपास गिर जाते हैं। मैं थोड़ा दुखी था लेकिन मुझे पता था कि मैं जल्दी से रिकवरी कर लूंगा क्योंकि मुझे अपने ऊपर पूरा विश्वास था।"

आईपीएल 2022 रिंकू सिंह का साबित हुआ
आईपीएल 2022 में रिंकू सिंह ने बहुत जबरदस्त प्रदर्शन करके दिखाया है और उन्होंने सात मैचों में 148.71 के तूफानी स्ट्राइक रेट और 34.0 के औसत के साथ 174 रन बनाए हैं। बुधवार को भी रिंकू सिंह 15 गेंदों पर 40 रनों की पारी खेलने में कामयाब रहे और उन्होंने लखनऊ सुपर्जायंट्स के माथे पर शिकन पैदा कर दी। वह तो गनीमत थी कि एलएसजी के गेंदबाजों ने रिंकू सिंह से छुटकारा पाया और बाद में 2 रनों की जीत उनको मिल गई वरना रिंकू सिंह यह मैच केकेआर की झोली में डालते हुए 18 मई की रात को विदा करने जा रहे थे।












Click it and Unblock the Notifications