IPL 2022: हार्दिक पांड्या ने राहुल तेवतिया को ठोका सलाम, बोले- मैच तो ये पंजाब किंग्स का ही था
मुंबई, 9 अप्रैल: हार्दिक पांड्या की टीम गुजरात टाइटंस ने जब आईपीएल के 2022 सीजन का 16वां मुकाबला खेला तब उनके सामने पंजाब किंग्स थे। पंजाब की टीम मौजूदा सीजन में बेहतर कर रही है लेकिन इस बार गुजरात की टीम ने अविश्वसनीय तरीके से उनसे मैच छीन लिया। इसके साथ ही हार्दिक पांड्या एंड कंपनी जीत की हैट्रिक बनाने में कामयाब रही और आईपीएल में पहली बार खेल रही इस टीम के लिए यह एक बहुत अच्छी शुरुआत है और बतौर कप्तान भारत के ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या के लिए भी यह शुभ संकेत है।

राहुल तेवतिया जीत के हीरो रहे
पंजाब की किंग्स की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 189 रन बनाए थे क्योंकि लिविंगस्टोन ने 27 गेंदों पर 64 रनों की तूफानी पारी खेली थी जिसमें कुछ छोटी-छोटी पारियों का भी साथ मिला और पंजाब किंग्स की टीम आखिर में गुजरात के सामने एक चुनौतीपूर्ण स्कोर पेश करने में कामयाब रही। लेकिन इसके जवाब में गुजरात ने पूरे स्टाइल के साथ मैच को फिनिश किया और राहुल तेवतिया जीत के हीरो रहे जिन्होंने आखिरी दो गेंदों पर छक्का लगाकर इस विजय को अंजाम दिया।

राहुल तेवतिया को सलाम ठोका
हार्दिक पंड्या ने 3 गेंदों पर 13 रन बनाने वाले राहुल तेवतिया को सलाम ठोका है। इस मुकाबले में हार्दिक पंड्या ने खुद 18 गेंदों पर 27 रनों की पारी खेली थी लेकिन वह जॉनी बेयरस्टो के द्वारा रन आउट हो गए थे। मैच के बाद हार्दिक ने कहा कि वह इतने उतार-चढ़ाव भरे पलों में न्यूट्रल रहना सीख गए हैं। उन्होंने कहा कि, मैं तेवतिया को सलाम करता हूं क्योंकि क्रीज पर जाते ही हिट करना आसान काम नहीं था और वह भी इतने दबाव के क्षणों में ऐसा करना तो और भी मुश्किल था।

मयंक अग्रवाल की टीम के लिए सहानुभूति
आपको बता दें राहुल तेवतिया ने ऑडियन स्मिथ की अंतिम दो गेंदों पर छक्के जड़े और यह गुजरात की पारी की आखिरी 2 गेंदें भी थी। इस तरह से तेवतिया ने इस मैच को भी उसी कैटेगरी में शामिल कर दिया है जहां पर बल्लेबाजों ने पारी की आखिरी गेंद पर जरूरी छक्का जड़कर अपनी टीम को जीत दिलाई। पंजाब किंग्स की टीम इस हार से कराह गई है और हार्दिक भी मानते हैं कि यह मैच तो पंजाब किंग्स का ही था। ऐसे में वे मयंक अग्रवाल की टीम के लिए सहानुभूति रखते हैं।

शुबमन गिल और साईं सुदर्शन भी अहम थे-
राहुल तेवतिया के अलावा इस मुकाबले में जीत की असली सूत्रधार तो शुभमन गिल साबित हुए जिन्होंने अपने लगातार दूसरे मैच में तूफानी अर्धशतक ठोका और इस बार वे शतक से केवल 4 रनों से चूक गए। गिल ने मात्र 59 गेंदों पर 11 चौके व एक छक्का लगाते हुए 96 रनों की पारी खेली। हार्दिक पंड्या कहते हैं गिल यहां सब को यह बताने के लिए है कि वह यहां मौजूद है। हार्दिक पंड्या ने गिल के साथ एक अच्छी साझेदारी करने वाले साईं सुदर्शन की भी तारीफ की क्योंकि गुजरात टाइटंस के लिए इन दोनों ने दूसरे विकेट के लिए शतकीय साझेदारी की थी।

चार ओवर करके थक जाता हूं- हार्दिक पांड्या
साईं ने 30 गेंदों पर 35 रन बनाए थे। हार्दिक का मानना है कि साझेदारी ने उनको मुकाबले में बनाए रखा। दूसरी और राहत की बात यह है कि हार्दिक पंड्या अब चार ओवर तेज गेंदबाजी करने में कामयाब रहे हैं उनकी गति भी 140 किलोमीटर प्रति घंटा की है लेकिन इस आलराउंडर का कहना है कि अभी वह 4 ओवर फेंकने के आदी नहीं है इसलिए थक जाते हैं लेकिन वह मैच दर मैच बेहतर होते जा रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications