'मुझे लगता है अभी भी धोनी ही कप्तान हैं', हरभजन ने कहा- रवींद्र जडेजा को खड़ा होना होगा
नई दिल्ली, 5 अप्रैल: महेंद्र सिंह धोनी ने आईपीएल 2022 शुरू होने से 48 घंटे पहले ही इस बात की घोषणा कर दी थी कि अब वे इस सीजन में सीएसके के कप्तान नहीं रहेंगे। धोनी की इस घोषणा के बाद रविंद्र जडेजा को चेन्नई सुपर किंग्स ने मौजूदा सीजन के लिए अपना नया कप्तान नियुक्त किया था और भारत के इस ऑलराउंडर के लिए फिलहाल चीजें ठीक नहीं गई है क्योंकि उनकी कप्तानी में चेन्नई सुपर किंग्स ने मौजूदा सीजन के अपने तीनों शुरुआती मुकाबले गंवा दिए हैं।

रवींद्र जडेजा कप्तानी के लिए बिल्कुल नए हैं
ऐसा लग रहा है कि रवींद्र जडेजा कप्तानी के लिए बिल्कुल नए हैं और इसके चलते वह पहले से ही आलोचकों की नजरों में आ चुके हैं। रवींद्र जडेजा की कप्तानी इसलिए भी कटघरे में है क्योंकि कई मौकों पर महेंद्र सिंह धोनी खुद कप्तानी का मोर्चा संभालते हुए देखे गए और रवींद्र जडेजा केवल एक फील्डर के तौर पर काम करते हुए नजर आए। इतना ही नहीं अजय जडेजा, पार्थिव पटेल जैसे पूर्व क्रिकेटर ने धोनी के इस रवैये पर एतराज भी जताया था।

जडेजा को कप्तान के तौर पर अधिक जिम्मेदारी लेने की जरूरत है
अब भारत के पूर्व ऑफ स्पिनर हरभजन सिंह भी यह महसूस करते हैं कि रवींद्र जडेजा को कप्तान के तौर पर अधिक जिम्मेदारी लेने की जरूरत है। हरभजन सिंह ने स्टार स्पोर्ट्स से बात करते हुए कहा- 'मुझे लगता है कि महेंद्र सिंह धोनी अभी भी टीम के कप्तान है। जब भी मैं जडेजा को देखता हूं वह रिंग के बाहर फील्डिंग करते हुए दिखाई देते हैं। ऐसा करने से आप बहुत सारी चीजों को कंट्रोल नहीं कर पाएंगे लेकिन उन्होंने यह सिर-दर्दी महेंद्र सिंह धोनी को दे रखी है जो फील्ड की सेटिंग और अन्य चीजें देखते हैं।"

जडेजा ने अपना कुछ भार महेंद्र सिंह धोनी के कंधों पर डाल दिया
हरभजन सिंह कहते हैं कि रवींद्र जडेजा ने अपना कुछ भार महेंद्र सिंह धोनी के कंधों पर डाल दिया है जिसमें फील्ड सेटिंग आदि शामिल है। हरभजन का मानना है की सीएसके के फ्यूचर को देखते हुए जडेजा को कप्तानी देना और महेंद्र सिंह धोनी का स्टंप के पीछे रहकर चीजों को परखना एक अच्छा फैसला है लेकिन साथ ही यह भी जरूरी है कि एक कप्तान के तौर पर जडेजा समय के साथ निखार करें।

भज्जी ने जडेजा की तारीफ भी की-
हरभजन सिंह आगे कहते हैं कि, लेकिन मैं मानता हूं कि आमतौर पर जडेजा काफी आत्मविश्वास वाले लड़के हैं और जब बल्लेबाजी और गेंदबाजी की बात आती है तो उनके पास अविश्वसनीय क्षमता है। जब टीम परफॉर्म ना कर रही हो तो उससे बेस्ट प्रदर्शन कराना इतना आसन नहीं होता और उनको अब अपने फैसलों पर खड़ा होना होगा और कुछ चीजों के बारे में बात करने की आवश्यकता है। आपको बता दें ऐसा पहली बार हुआ है जब चेन्नई सुपर किंग्स किसी भी आईपीएल सीजन में अपनी शुरुआती तीनों मुकाबले हार गई हो। ऐसे में इस टीम को प्रतियोगिता में बने रहने के लिए जितनी जल्दी हो सके उतनी जल्दी वापस मैदान पर पलटवार करने की जरूरत है।












Click it and Unblock the Notifications