GT vs KKR : बेकार गई रसेल की तूफानी पारी, गुजरात ने जीता आखिरी पलों में मैच

मुंबई। आईपीएल 2022 के 35वें मुकाबले में गुजरात टाइटंस ने कोलकाता नाइट राइडर्स को 8 रनों से हराकर शानदार जीत दर्ज की। वहीं कोलकाता के लिए आंद्रे रसेल ने 1 चाैके व 6 छक्कों की मदद से 25 गेंदों में 48 रनों की पारी खेली, लेकिन वह बेकार चली गई। गुजरात ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 9 विकेट खोकर 157 रनों का लक्ष्य दिया था, लेकिन कोलकाता 8 विकेट खोकर 148 रन ही बना सकी। आखिरी ओवर में कोलकाता को जीत के लिए 18 रन चाहिए थे, लेकिन लॉकी फर्ग्यूसन ने बचाव किया।
यह भी पढ़ें- संजू सैमसन ने पंत को मारा ताना, कहा- अपने साथियों पर भरोसा करना जरूरी है

टाॅप पर पहुंचा गुजरात
इस जीत के साथ गुजरात अंक तालिका में टाॅप पर आ चुका है। गुजरात की यह अभी तक 7 मैचों में छठी जीत रही है। इसी के साथ उसके +0396 की शानदार नेट रन रेट के आधार पर 12 अंक हो चुके हैं। वहीं कोलकाता को 8 मैचों में पांचवी हार का सामना करना पड़ा है जो अब अंक तालिका में 7वें स्थान पर काबिज हैं।

हार्दिक ने लगाई फिफ्टी
इससे पहले गुजराट ने टाॅस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। गुजरात टाइटंस की पारी को हार्दिक पांड्या ने बचाया क्योंकि ओपनर शुभमन गिल (7) को टीम सऊदी ने बोल्ड कर पहला झटका दे दिया। फिर रिद्धिमान साहा और हार्दिक ने पारी को फिर से पटरी पर लाने के लिए 75 रनों की साझेदारी की। साहा 11वें ओवर की तीसरी गेंद पर उमेश यादव का शिकार होकर 25 रन बनाकर चलते बने। इसके बाद डेविड मिलर (27) और हार्दिक ने तीसरे विकेट के लिए 35 गेंदों में 50 रन की साझेदारी की। दोनों ने टीम का स्कोर 130 के पार पहुंचाया। इस दाैरान हार्दिक ने अपना अर्धशतक भी पूरा किया। टीम सऊदी ने 18वें ओवर में हार्दिक को आउट किया। हार्दिक ने 49 गेंदों में 4 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 67 रन बनाए। इसी ओवर में राशिद खान बिना खाता खोले आउट हो गए। फिर आखिरी ओवर में रसेल ने पहली दो गेंदों पर लगातार दो विकेट लिए। पांचवीं गेंद पर राहुल तेवतिया (17) का विकेट लिया। उसके बाद आखिरी गेंद पर यश दयाल को खुद आउट कर गुजरात को 9 विकेट पर 156 के स्कोर पर रोका। रसेल ने 1 ओवर में 5 रन देकर 4 विकेट लिए, जबकि टिम साउदी ने 34 रन देकर 3 विकेट लिए। उमेश व शिवम मावी को 1-1 विकेट मिला।

रसेल की पारी नहीं आई काम
कोलकाता ने लक्ष्य का पीछा करते हुए खराब शुरूआत की क्योंकि सैम बिलिंग्स (4) और सुनील नरेन (5) को मोहम्मद शमी ने जल्द पवेलियन भेज दिया। नितीश राणा भी 2 रन बनाकर चलते बने। हालांकि, इसके बाद कप्तान श्रेयस अय्यर और रिंकू सिंह ने पारी को संभालने की कोशिश की। पर यश दयाल ने अय्यर को आउट कर गुजराट को वापसी कराई। अय्यर 12 रन बना सके। उसके बाद 13वें ओवर में रिंकू सिंह भी 35 रन बनाकर आउट हो गए। इसी ओवर मेंयश दयाल ने केकेआर के आंद्रे रसेल का विकेट लिया था, लेकिन दुर्भाग्य से गेंद नो बॉल निकली। उस समय रसेल 10 रनों पर खेल रहे थे। जीवनदान का फायदा उठाते हुए रसेल ने वेंकटेश अय्यर के साथ पारी का अंत करने की कोशिश की, लेकिन अभिनव मनोहर ने इस जोड़ी को तोड़ा। वेंकटेश 17 रन बना सके। फिर शिवम मावी को भी राशिद ने चलता किया, लेकिन आंद्रे रसेल ने जीत की उम्मीदें बरकरार रखीं। आखिरी ओवर में कोलकाता को 18 रन चाहिए थे। ओवर की पहली गेंद पर फर्ग्यूसन को रसेल ने छक्का लगा दिया, लेकिन दूसरी गेंद पर कैच आउट हो गए। इसके बाद उमेश यादव टीम को जीत नहीं दिला सके।












Click it and Unblock the Notifications