IPL 2022: पृथ्वी और वॉर्नर के तूफान से जीती दिल्ली, पंजाब को 9 विकेट से रौंदा
मुंबई, अप्रैल 20। IPL 2022 के 32वें मैच में दिल्ली कैपिटल्स ने किंग्स इलेवन पंजाब को 9 विकेट से मात दे दी है। पंजाब ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए दिल्ली को 116 रनों का टारगेट दिया था। जवाब में दिल्ली की टीम ने 10.3 ओवर में ही लक्ष्य को हासिल कर लिया। दिल्ली की तरफ पृथ्वी शॉ और डेविड वॉर्नर ने विस्फोटक पारियां खेलते हुए अपनी टीम को जीत दिला दी। दोनों ही बल्लेबाजों ने ताबड़तोड़ बैटिंग करते हुए पहले विकेट के लिए 6.3 ओवर में 83 रन जोड़ दिए। अच्छी शुरुआत की बदौलत ही दिल्ली की टीम ने 11वें ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया।

पृथ्वी-वॉर्नर की धुंआधार शुरुआत
लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली कैपिटल्स की ओर से पृथ्वी शॉ और डेविड वॉर्नर ने धुंआधार शुरुआत की। पृथ्वी शॉ 20 गेंदों में 41 रन बनाकर आउट हो गए थे, जिसमें उन्होंने 7 चौके और 1 छक्का जड़ा। पृथ्वी के आउट होने के बाद डेविड वॉर्नर की तूफानी पारी जारी रही और 30 गेंदों में 60 रन ठोक दिए। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 200 का रहा। वॉर्नर के साथ सरफराज खान ने 13 गेंदों में 12 रन की पारी खेली। इस जीत के साथ ही दिल्ली की टीम पॉइंट टेबल में 6वें स्थान पर पहुंच गई है। वहीं, पंजाब 8वें स्थान पर है।

टूर्नामेंट में तीसरी बार ऑलआउट हुई पंजाब
आपको बता दें कि दिल्ली कैपिटल्स के गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन की बदौलत किंग्स इलेवन पंजाब की पूरी टीम 115 रन पर ऑल आउट हो गई थी। पंजाब की सलामी जोड़ी फ्लॉप रही। शिखर 10 गेंद में 9 रन बनाकर आउट हुए। वहीं, मयंक के बल्ले से 24 रन निकले। धवन को ललित और मयंक को मुस्तफिजुर रहमान ने आउट किया। पंजाब की ओर से सिर्फ जितेश शर्मा ने सबसे अधिक 32 रनों की पारी खेली। उनके अलावा कोई बल्लेबाज अच्छा प्रदर्शन नहीं कर सका। ऑक्शन में छाए रहने वाले शाहरुख खान ने फिर निराश किया और वो सिर्फ 12 रन बनाकर आउट हो गए। बता दें कि पंजाब की टीम इस टूर्नामेंट तीसरी बार ऑल आउट हुई।

दिल्ली कैपिटल्स पर कोरोना का साया
आपको बता दें कि मैच शुरू होने से पहले ही दिल्ली कैपिटल्स के लिए दो बुरी खबरें आ चुकी थी। दरअसल, टीम के दो बड़े खिलाड़ी कोरोना पॉजिटिव आए थे। विकेटकीपर बल्लेबाज टिम शिफर्ट और उनसे पहले मिचेल मार्श कोरोना संक्रमित हो गए थे। दिल्ली के कुल 6 सदस्य इस वक्त कोरोना संक्रमित हैं। इनमें दो खिलाड़ियों के अलावा बाकी सपोर्ट स्टाफ हैं। इसके बावजूद भी दिल्ली ने कमाल का खेल दिखाया और शानदार जीत दर्ज की।












Click it and Unblock the Notifications