DC vs MI: कुलदीप यादव ने खोला अपनी सफल गेंदबाजी का राज, 4 साल में पहली बार किया यह कारनामा
नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग के 15वें सीजन का आगाज हो गया है जिसका दूसरा मैच मुंबई के बर्बान स्टेडियम में मुंबई इंडियंस और दिल्ली कैपिटल्स के बीच खेला जा रहा है, जहां पर दिल्ली कैपिटल्स के लिये कप्तान ऋषभ पंत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। हालांकि मुंबई इंडियंस ने रोहित शर्मा (41) और ईशान किशन (81*) की नाबाद अर्धशतकीय पारी के दम पर निर्धारित 20 ओवर्स में 5 विकेट खोकर 177 रनों का स्कोर खड़ा किया। मुंबई इंडियंस के लिये रोहित-किशन की जोड़ी ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 63 रनों की साझेदारी कर डाली और जब दिल्ली कैपिटल्स ने अपने बायें हाथ के गेंदबाजों के दम पर वापसी भी को तो ईशान किशन ने अपनी लय को जाने नहीं दिया।

ईशान किशन ने 48 गेंदों का सामना कर 11 चौके और 2 छक्के लगाये और नाबाद 81 रन बनाकर टीम के स्कोर को 177 पर पहुंचाया। कप्तान रोहित शर्मा ने भी 32 गेंदों का सामना कर 4 चौके और 2 छक्कों की मदद से 41 रन बनाये। भले ही दिल्ली कैपिटल्स की टीम रनों पर ज्यादा लगाम लगाने में नाकाम रही हो लेकिन कप्तान ऋषभ पंत के लिये लेग स्पिनर कुलदीप यादव ने शानदार प्रदर्शन किया।
और पढ़ें: IPL 2022: मिस्ट्री गर्ल के साथ दिखे आर्यन खान, केकेआर की जीत से ज्यादा हुए इनके चर्चे

2018 के बाद पहली बार कुलदीप ने किया यह कारनामा
कुलदीप यादव ने दिल्ली कैपिटल्स के टीम मैनेजमेंट और अपने कप्तान के भरोसे को टूटने नहीं दिया और 4 ओवर्स के स्पेल में महज 18 रन देकर 3 अहम विकेट हासिल किये। कुलदीप यादव के लिये यह साल 2018 के बाद पहला मौका रहा जब उन्होंने किसी मैच में एक से ज्यादा विकेट हासिल किये। कुलदीप यादव ने पहले खतरनाक नजर आ रहे रोहित शर्मा को रॉवमेन पॉवेल के हाथों कैच कराया तो वहीं पर अनमोल प्रीत सिंह का कैच ललित यादव ने पकड़ा। कुलदीप यादव ने मनदीप सिंह के हाथों कायरन पोलार्ड को कैच कराकर अपना तीसरा विकेट हासिल किया।

लंबे समय से खराब फॉर्म से जूझ रहे थे कुलदीप
उल्लेखनीय है कि कुलदीप यादव के लिये पिछले काफी समय से गेंदबाजी अच्छी नहीं हो रही थी, जिसकी वजह से कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम ने उन्हें पिछले 3 सीजन में ज्यादा मौके नहीं दिये तो वहीं पर 2019 विश्व कप के बाद से भारतीय टीम से भी उन्हें लगभग बाहर कर दिया गया। पिछले एक साल में कुलदीप यादव को कुछ मौके जरूर मिले लेकिन वो अपनी गेंदबाजी से ज्यादा प्रभावित नहीं कर सके। ऐसे में कुलदीप यादव का फॉर्म में वापसी करना न सिर्फ उनके लिये बल्कि दिल्ली कैपिटल्स और भारतीय टीम के लिये काफी अच्छी खबर साबित होगी।

इस वजह से गेंदबाजी में मिली सफलता
पारी के बाद जब कुलदीप यादव से उनकी गेंदबाजी को लेकर बात की गई तो उन्हें इसमें आये बदलाव और सफलता हासिल करने के पीछे का खुलासा किया और बताया कि टीम में कौन सा विकेट उनका पसंदीदा रहा।
उन्होंने कहा,'मैं बहुत खुश हूं क्योंकि मैं अच्छी लेंथ पर गेंदबाजी कर सका। मैं पिछले काफी समय से अपनी लेंथ पर काम कर रहा था और कोच रिकी पोंटिंग से भी इस बारे में बात की थी कि टी20 क्रिकेट में कौन सी लेंथ फायदेमंद होगी। आईपीएल से पहले जब मैं भारतीय टीम का हिस्सा था तो उस वक्त भी मैंने रोहित भाई से इस बारे में बात की थी। मैंने अपनी गेंदबाजी में ज्यादा बदलाव नहीं किया है बस अपनी लेंथ को टारगेट किया। मेरी गेंद में गति परिवर्तन सिर्फ इस वजह से देखने को मिला क्योंकि मैं अच्छी लय में नजर आ रहा था। यह विकेट बल्लेबाजी के लिये अच्छी है और गेंदबाजों को ज्यादा मदद नहीं मिल रही थी, मेरी कोशिश थी कि लेंथ पर गेंदबाजी करूं ताकि गेंदबाज उसे बाहर निकल कर मारने पर मजबूत हो सके। मेरे लिये सभी विकेट अच्छे थे लेकिन रोहित भाई का विकेट काफी अहम था।'












Click it and Unblock the Notifications