CSK vs KKR: वरुण की गेंद पर बोल्ड हुए रायडु पर मिला चौका, रिप्ले देख मचा हंगामा
नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग के 15वें सीजन का आगाज हो चुका है, जिसका पहला मैच वानखेड़े के मैदान पर चेन्नई सुपर किंग्स और कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम के बीच खेला जा रहा है। इस मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम के कप्तान श्रेयस अय्यर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया और पहली बार कप्तानी कर रहे रविंद्र जडेजा को बल्लेबाजी के लिये बुलाया। केकेआर के लिये उमेश यादव ने भले ही नो बॉल के साथ पारी का आगाज किया लेकिन पहले 10 ओवर्स में सीएसके के बल्लेबाजों को शांत रखकर मैच पर पकड़ बना ली है।

उमेश यादव ने पहले ही ओवर में ऋतुराज गायकवाड़ का विकेट हासिल किया तो वहीं पर पांचवे ओवर में डेवॉन कॉन्वे का विकेट लेकर दूसरा झटका दिया। इसकी वजह से सीएसके की टीम पावरप्ले के अंदर 2 विकेट खोकर सिर्फ 35 रन ही बना सकी। हालांकि छठे ओवर में कुछ ऐसा घटा जिसमें सीएसके का तीसरा विकेट गिर सकता था लेकिन अंबति रायडु का भाग्य ने साथ दिया और उन्हें चौका मिल गया।
और पढ़ें: CSK vs KKR: कप्तानी के डेब्यू मैच में जडेजा ने रचा इतिहास, इस लिस्ट में सबसे ऊपर बनायी जगह
पारी का छठा ओवर वरुण चक्रवर्ती लेकर आये जिसकी पांचवी गेंद पर अंबति रायडु स्वीप शॉट खेलना चाह रहे थे लेकिन गेंद उनके बल्ले का अंदरूनी किनारा लेकर पीछे की तरफ चौके के लिये चली गयी। ओवर के बाद जब इस बॉल का रिप्ले दिखाया गया तो सभी हैरान रह गये क्योंकि वरुण चक्रवर्ती की यह गेंद रायडु के बल्ले का अंदरूनी किनारा लेकर जाने के बाद लेग स्टंप को छूकर निकली थी। हालांकि स्टंप्स के न गिरने और लाइट के नहीं जलने की वजह से सीएसके की टीम को यहां पर तीसरा झटका नहीं लगा और रायडु के खाते में 4 रन जुड़ गये।
गौरतलब है कि चेन्नई सुपर किंग्स को मिला यहां भाग्य का साथ ज्यादा देर काम नहीं आया क्योंकि चक्रवर्ती ने अपने अगले ओवर में रॉबिन उथप्पा को शेल्डन जैक्सन के हाथों स्टंप कराकर वापस पवेलियन भेज दिया। वहीं पर सुनील नरेन के अगले ओवर में अंबति रायडु भी रन आउट होकर वापस पवेलियन चले गये।
और पढ़ें: CSK vs KKR: धोनी के नाम होगा बड़ा T20 रिकॉर्ड, रोहित-कोहली की खास लिस्ट में होंगे शामिल
कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम के लिये श्रेयस अय्यर बेहतरीन अंदाज में कप्तानी का आगाज कर रहे हैं, जिनके नेतृत्व में सीएसके की टीम मुश्किलों में नजर आ रही है। 11 ओवर के खेल के बाद चेन्नई सुपर किंग्स की टीम 5 विकेट खोकर 61 रन ही बना सकी है।












Click it and Unblock the Notifications