CSK vs KKR: धोनी के नाम होगा बड़ा T20 रिकॉर्ड, रोहित-कोहली की खास लिस्ट में होंगे शामिल
नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग के 15वें सीजन का आगाज चेन्नई सुपर किंग्स और कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम के बीच खेले जाने वाले मैच से होने जा रहा है, जिसके आगाज से 48 घंटे पहले चेन्नई सुपर किंग्स के दिग्गज खिलाड़ी महेंद्र सिंह धोनी ने टीम की कमान छोड़ने का फैसला किया। वहीं 15वें सीजन के लिये रविंद्र जडेजा को सीएसके का कप्तान बनाया गया है, हालांकि फैन्स को महेंद्र सिंह धोनी अभी भी बतौर विकेटकीपर बल्लेबाज टीम में खेलते हुए नजर आते रहेंगे।

कई दिग्गज खिलाड़ियों का मानना है कि एमएस धोनी का यह फैसला उनके आईपीएल करियर की समाप्ति की ओर बढ़ाया गया कदम है, जिसका मतलब है कि वो शायद ही अगले सीजन खेलते हुए नजर आयेंगे। ऐसे में धोनी के पास आईपीएल के 15वें सीजन में कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम करने का मौका रहेगा।
और पढ़ें: IPL 2022 में विराट कोहली को किस पायदान पर बल्लेबाजी करनी चाहिये, रवि शास्त्री ने दी अपनी राय

7 हजारी बन सकते हैं एमएस धोनी
आईपीएल 2022 के पहले मैच में महेंद्र सिंह धोनी के पास पूर्व कप्तान विराट कोहली और रोहित शर्मा के साथ टी20 बल्लेबाजी का खास लिस्ट में शुमार हो जायेंगे। धोनी अपने टी20 करियर में अब तक 347 मैच खेल चुके हैं जिसमें 38.31 की औसत और 134.37 की स्ट्राइक रेट से 6935 रन बनाये हैं। उन्हें टी20 क्रिकेट में 7 हजार रन पूरा करने के लिये महज 65 रन की दरकार है। अगर वो आईपीएल 2022 में 65 रन बना लेते हैं तो टी20 क्रिकेट में 7 हजार रन बनाने वाले छठे भारतीय खिलाड़ी बन जायेंगे। इस लिस्ट में विराट कोहली (10273 रन), रोहित शर्मा (9895 रन), शिखर धवन (8775 रन), सुरेश रैना (8654 रन) और रॉबिन उथप्पा (7042 रन) का नाम शामिल है।

ऐसा करने वाले 34वें खिलाड़ी बनेंगे
ओवरऑल रिकॉर्ड की बात करें तो धोनी दुनिया के 34वें खिलाड़ी बन जायेंगे जो टी0 क्रिकेट में 7 हजार रन के आंकड़े को पूरा करेगा। धोनी ने भारत के लिये 2006 से 2019 के बीच टी20 क्रिकेट खेलते हउए 1617 रन बनाये हैं जबकि आईपीएल और चैम्पियन्स टी20 लीग में चेन्नई सुपर किंग्स और राइजिंग पुणे सुपरजाएंटस की ओर से खेलते हुए 4172 रन बनाने का कारनामा किया है। इसके अलावा जो भी रन आये हैं वो उन्होंने झारखंड की टीम की ओर से खेलते हुए घरेलू क्रिकेट में बनाये हैं।

आईपीएल में पूरा कर सकते हैं कैच का दोहरा शतक
इतना ही नहीं धोनी टी20 क्रिकेट में 200 कैच हासिल करने की दहलीज पर भी हैं। अगर वो इस सीजन दो कैच पकड़ लेते हैं तो टी20 क्रिकेट में उनके कैच का दोहरा शतक पूरा हो जायेगा। चेन्नई सुपर किंग्स के लिये यह पहला सीजन है जब वो महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में पूरा सीजन नहीं खेलेगा। वहीं रविंद्र जडेजा सीएसके के लिये कमान संभालने वाले महज तीसरे कप्तान बन जायेंगे।












Click it and Unblock the Notifications