IPL 2022 के पहले मैच में कैसी होगी चेन्नई सुपर किंग्स की प्लेइंग 11, आकाश चोपड़ा ने की अपनी भविष्यवाणी
नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग के 15वें सीजन का आगाज होने में बस कुछ ही दिनों का समय रह गया है और दुनिया भर के फैन्स इसका बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। सीजन का आगाज मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में चेन्नई सुपर किंग्स और कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम के बीच खेले जाने वाले पहले मैच के साथ होने वाला है। इस बीच आकाश चोपड़ा ने अपनी पसंदीदा टीम चेन्नई सुपर किंग्स की प्लेइंग 11 का ऐलान किया है जो कि पहले मैच में देखने को मिल सकती है।

उल्लेखनीय है कि सीजन के पहले मैच में चेन्नई सुपर किंग्स की टीम पहले मैच में अपने कई खिलाड़ियों की गैरमौजूदगी के साथ मैदान पर उतरने वाली है। वीजा दिक्कतों की वजह से सीएसके की टीम के लिये इंग्लैंड के हरफनमौला खिलाड़ी मोइन अली पहले मैच का हिस्सा नहीं बन पायेंगे तो वहीं पर दीपक चाहर चोट की वजह से पहले कुछ हफ्तों तक टीम के लिये उपलब्ध नहीं रह पायेंगे।
और पढ़ें: IPL 2022 में कौन जीतेगा ऑरेंज कैप, आकाश चोपड़ा ने की भविष्यवाणी

डेवोन कॉन्वे करें पारी का आगाज
ऐसे में कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम के सामने सीएसके की टीम अपनी पूरी ताकत के साथ नहीं उतर सकेगी। इसको देखते हुए आकाश चोपड़ा ने सीएसके की संभावित प्लेइंग 11 का ऐलान किया है।
उन्होंने कहा,'सीएसके के खेमे में इस समय कुछ गड़बड़ी चल रही है। अगर मोइन अली पहले मैच के लिये उपलब्ध नहीं हैं तो पहले मैच में कौन से 4 विदेशी खिलाड़ी खेलने के लिये उपलब्ध रहेंगे। मेरे हिसाब से डेवॉन कॉन्वे को ऋतुराज गायकवाड़ के साथ पारी का आगाज करना चाहिये। आपको एक बायें हाथ का ओपनर मिल जायेगा।'

मोइन अली की जगह किसे मिले मौका
आकाश चोपड़ा ने आगे बात करते हुए बताया कि केकेआर के खिलाफ इस मैच में चेन्नई सुपर किंग्स की टीम को मोइन अली की जगह किसे शामिल करना चाहिये।
उन्होंने कहा,'नंबर 3 पर सीएसके के पास मोइन अली नहीं है तो आपको उनकी जगह रॉबिन उथप्पा का इस्तेमाल करना चाहिये। मोइन अली की वापसी के बाद आपको अपने विदेशी खिलाड़ियों के बारे में सोचना चाहिये कि आप किस तरफ जाना चाहते हैं। अली के बाद आप अंबति रायडु, रविंद्र जडेजा और फिर शिवम दुबे के साथ जा सकते हैं। नंबर 7 पर एमएस धोनी को मौका दिया जायेगा।'

जानें कौन बनेंगे टॉप 4 विदेशी खिलाड़ी
दीपक चाहर की गैरमौजूदगी में आकाश चोपड़ा ने आगे बताया कि चेन्नई सुपर किंग्स को किसे अपनी टीम में जगह देना चाहिये और प्लेइंग 11 में किसे शामिल करना चाहिये।
उन्होंने कहा,'इसके बाद, ड्वेन ब्रावो, हांगरेकर, क्रिस जॉर्डन और एडम मिल्ने को टीम में जगह दी है। ऐसे में मेरे 4 विदेशी खिलाड़ी ड्वेन ब्रावो, एडम मिल्ने, क्रिस जॉर्डन और डेवॉन कॉन्वे को टीम में शामिल किया है। एक बार दीपक चाहर की वापसी हो जायेगी तो जॉर्डन और ब्रावो में से कोई एक ही खिलाड़ी खेल पायेगा।'

ऐसी हो सकती है टीम की प्लेइंग 11
आकाश चोपड़ा की चेन्नई सुपर किंग्स की पहली एकादश: रुतुराज गायकवाड़, डेवोन कॉनवे, रॉबिन उथप्पा, अंबाती रायुडू, रवींद्र जडेजा, शिवम दूबे, एमएस धोनी (सी और डब्ल्यूके), ड्वेन ब्रावो, राजवर्धन हैंगरगेकर, क्रिस जॉर्डन, एडम मिल्ने।












Click it and Unblock the Notifications