CSK vs PBKS: जडेजा ने टॉस जीतकर लिया गेंदबाजी का फैसला, तीन बदलाव के साथ उतरी पंजाब
मुंबई, अप्रैल 25। आईपीएल 2022 के 38वें मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स का मुकाबला पंजाब किंग्स से है। चेन्नई के कप्तान रवींद्र जडेजा ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया है। यह मुकाबला मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जा रहा है। चेन्नई के खिलाफ पंजाब ने अपनी प्लेइंग इलेवन में तीन बड़े बदलाव किए हैं। कप्तान मयंक अग्रवाल ने वैभव अरोड़ा, शाहरूख खान और नेथन एलिस की जगह भानुका राजापक्षे, ऋषि धवन और संदीप शर्मा को टीम में शामिल किया है। वहीं सीएसके ने अपनी प्लेइंग इलेवन में कोई बदलाव नहीं किया है।

सीएसके के लिए महत्वपूर्ण मैच
चेन्नई के लिए यह मैच बहुत महत्वपूर्ण रहने वाला है, क्योंकि अगर सीएसके को टूर्नामेंट में बने रहना है तो आज किसी भी हाल में जीत दर्ज करनी होगी। चेन्नई सुपर किंग्स अभी तक 7 मुकाबले खेली है, जिसमें से 2 में उसे जीत मिली है। वैसे भी आज की तारीख चेन्नई के लिए काफी अहम है, क्योंकि 25 मार्च 2010 को ही चेन्नई ने आईपीएल का पहला खिताब जीता था। चेन्नई ने अपने पिछले मैच में चेन्नई ने धमाकेदार जीत दर्ज की थी। उस मैच में धोनी ने आखिरी ओवर में 17 रन ठोककर टीम को जीत दिलाई थी।
पंजाब किंग्स के बल्लेबाज शिखर धवन आज आईपीएल करियर का 200वां मैच खेल रहे हैं। इसके अलावा शिखर धवन अब तक आईपीएल में 5997 रन बना चुके हैं। यानी छह हजार आईपीएल रन पूरे करने के लिए उन्हें केवल तीन ही रन की जरूरत है।
दोनों टीमों की प्लेइंग-XI
CSK: ऋतुराज गायकवाड़, रॉबिन उथप्पा, अंबाती रायडू, शिवम दुबे, रवींद्र जडेजा (c), एमएस धोनी (wk), ड्वेन प्रिटोरियस, ड्वेन ब्रावो, मिचेल सेंटनर, महीश थीक्षाणा, मुकेश चौधरी।
PBKS: मयंक अग्रवाल (c), शिखर धवन, जॉनी बेयरस्टो, लियाम लिविंगस्टोन, जितेश शर्मा (w), भानुका राजपक्षे, ऋषि धवन, कगिसो रबाडा, राहुल चाहर, संदीप शर्मा, अर्शदीप सिंह।












Click it and Unblock the Notifications