अश्विन का संन्यास तो बस शुरुआत, इंग्लैंड दौरे से पहले और भी खिलाड़ी हो सकते हैं रिटायर, रिपोर्ट में खुलासा
रविचंद्रन अश्विन के संन्यास के फैसले ने फैंस को सोचने पर मजबूर कर दिया है, क्योंकि उन्होंने ये निर्णय बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के दौरान लिया है। ऐसे में अनुमान लगाया जा रहा है कि अश्विन का संन्यास कई बदलावों की शुरुआत हो सकता है।
आने वाले दिनों में भारतीय क्रिकेट टीम में एक बड़ा बदलाव होने वाला है, जिसमें सीनियर खिलाड़ियों के जाने से अगली पीढ़ी के खिलाड़ियों के लिए जगह बन सकती है। क्रिकबज की एक रिपोर्ट के अनुसार, इस साल जून-जुलाई में इंग्लैंड दौरे से इसकी शुरुआत होने की संभावना है।

और भी सीनियर खिलाड़ी ले सकते हैं संन्यास
ऑस्ट्रेलिया में चल रही बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी इस साल भारत का आखिरी रेड-बॉल टूर्नामेंट है और यह भारत की 'ओजी पीढ़ी' के लिए आखिरी टूर्नामेंट हो सकता है, जैसा कि अश्विन ने गुरुवार (18 दिसंबर) को ब्रिस्बेन के गाबा में अपने संन्यास की घोषणा के दौरान बताया।
अश्विन, विराट कोहली, रोहित शर्मा, अजिंक्य रहाणे, चेतेश्वर पुजारा और रवींद्र जडेजा के साथ उन क्रिकेटरों के ग्रुप का हिस्सा थे, जिन्होंने 2012 और 2013 के बीच इसी तरह के बदलाव से गुजरने के बाद टीम इंडिया का मुख्य हिस्सा बनाया था, जब राहुल द्रविड़, सचिन तेंदुलकर और वीवीएस लक्ष्मण एक के बाद एक संन्यास ले चुके थे। यह बात कई लोगों को हैरान कर सकती है कि जब अगला बदलाव शुरू होगा तो अश्विन उनमें से सबसे पहले संन्यास लेंगे।
पुजारा और रहाणे से आगे बढ़ चुकी है टीम इंडिया!
कप्तान रोहित भले ही बार-बार सभी को यह याद दिलाने की कोशिश करें कि जो भी अच्छा प्रदर्शन कर रहा है उसके लिए 'दरवाजे खुले हैं', लेकिन यह पहले से तय था कि टीम इंडिया पुजारा और रहाणे से आगे बढ़ चुकी है। क्या उन्होंने आंतरिक रूप से अश्विन को भी संकेत दिया?
अश्विन के संन्यास की पहले से थी जानकारी
अश्विन के संन्यास लेने के कारणों के बारे में मीडिया में विरोधाभासी रिपोर्टें चल रही हैं। क्रिकबज ने बताया, 'प्रमुख हितधारकों को आसन्न घोषणा से पहले ही सूचित कर दिया गया था।' हालांकि, समाचार एजेंसी पीटीआई ने कहा कि यह चयन समिति और बीसीसीआई के टॉप अधिकारियों के लिए एक आश्चर्य की बात थी।
अश्विन को कोई सीधा संकेत नहीं भेजा गया
क्रिकबज की रिपोर्ट के मुताबिक, 'यह निर्णय कितना योजनाबद्ध, स्वैच्छिक या सूक्ष्म रूप से प्रभावित है, यह निर्धारित करना कठिन है, लेकिन भारतीय टीम में जल्द ही बदलाव होने की उम्मीद है- संभवतः 2025 की गर्मियों में इंग्लैंड में उनकी अगली टेस्ट सीरीज़ की शुरुआत तक।
टीम इंडिया में बदलाव के संकेत तो नहीं?
यह संभावना नहीं है कि कोई भी खुले तौर पर स्वीकार करेगा कि यह एक संकेत था, लेकिन एक धारणा है कि यह घोषणा आने वाली सीरीज की पहली घोषणा है- ठीक उसी तरह जैसे 2008 में हुआ था, जब कई वरिष्ठ खिलाड़ी जल्दी-जल्दी रिटायर हो गए थे। संकेत, चाहे सीधे या अप्रत्यक्ष रूप से दिए गए हों, एक बदलाव के लिए मंच तैयार करते हुए भेजे गए प्रतीत होते हैं।'
चयनकर्ताओं की ओर से अश्विन को कोई सीधा संकेत नहीं दिया गया, लेकिन न्यूजीलैंड के खिलाफ घरेलू सीरीज़ में उनके खराब प्रदर्शन के बाद ड्रेसिंग रूम में चर्चाएं होने लगीं। उम्मीद है कि अश्विन धीमी गति से हो रहे बदलावों से अवगत होंगे। सबसे बड़ा संकेत तब मिला जब 675 विकेट के साथ देश के दूसरे सबसे ज़्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज को पर्थ टेस्ट के लिए नज़रअंदाज़ कर दिया गया।
वाशिंगटन सुंदर को चुनकर दिया संकेत
अश्विन को पहले भी रवींद्र जडेजा ने बेंच पर बैठाया है। दरअसल, पिछले पांच या छह सालों से विदेशी टेस्ट में यह आम बात थी, लेकिन वह कभी भी किसी दूसरे ऑफ स्पिनर के आगे "दूसरे नंबर पर" नहीं आए। पर्थ में अश्विन और जडेजा दोनों से आगे वाशिंगटन सुंदर को चुनने का भारत का फैसला रुख में बदलाव का सबसे बड़ा अप्रत्यक्ष संदेश माना जा रहा है।
किसी नए कप्तान को भी मिल सकती है कमान
रिपोर्ट में कहा गया है, 'अश्विन के मामले में, यह स्पष्ट नहीं है कि उन्हें कब, कहां या यहां तक कि संदेश दिया गया था या नहीं। देश का प्रतिनिधित्व करने वाले किसी व्यक्ति के लिए पर्थ टेस्ट के लिए वाशिंगटन सुंदर के पक्ष में नजरअंदाज किया जाना शायद आसान बात नहीं रही होगी।'
ये भी पढ़िए- अश्विन ने बॉर्डर-गावस्कर सीरीज के बीच में क्यों लिया संन्यास? रोहित और मैनेजमेंट से नाराजगी तो नहीं हैं वजह
ध्यान रहे, टीम में बचे अन्य सीनियर खिलाड़ियों के लिए भी चीजें अलग नहीं हो सकती हैं। ब्रिस्बेन में ड्रॉ हुए मैच के बाद, यह कहना सुरक्षित है कि भारत के WTC फाइनल में पहुंचने की संभावना और कम हो गई है। अगले चक्र में, जो इंग्लैंड में पांच मैचों की टेस्ट सीरीज से शुरू होता है, अगर किसी को नए कप्तान के हाथों में कमान सौंपी जाती है, तो किसी को आश्चर्य नहीं होना चाहिए।












Click it and Unblock the Notifications