IND vs AUS: 26 ओवर के अंदर सिमट गई पूरी भारतीय टीम, ऑस्ट्रेलिया को मिला सिर्फ 118 रन का लक्ष्य
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरे वनडे में भारतीय टीम सिर्फ 117 रन पर सिमट गई है। ऑस्ट्रेलिया को अब जीत के लिए 50 ओवर में 118 रन बनाने हैं। मिचेल स्टार्क ने 5 विकेट लिए हैं।

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरे वनडे में भारतीय टीम सिर्फ 117 रन पर ऑलआउट हो गई है। ऑस्ट्रेलिया की घातक गेंदबाजी के आगे भारतीय बल्लेबाज ऐसे बेबस नजर आए कि पूरी टीम 26 ओवर ही खेल पाई। 11 खिलाड़ियों में से 7 खिलाड़ी तो दहाई का आंकड़ा भी पार नहीं कर पाए। विराट कोहली ने भारत की ओर से सबसे अधिक 30 रन की पारी खेली है तो वहीं अक्षर पटेल ने दूसरा हाईएस्ट स्कोर 29 रन किया है। सबसे ज्यादा निराश रोहित शर्मा (13), शुभमन गिल (0), सूर्यकुमार यादव (0) और केएल राहुल (9) ने किया है। मिचेल स्टार्क ने खतरनाक गेंदबाजी करते हुए 5 विकेट अपने नाम किए हैं।
लगातार दूसरी बार गोल्डन डक का शिकार हुए सूर्यकुमार
टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करने आई भारतीय टीम की शुरुआत ही बेकार रही थी। भारत को पहला झटका 3 के स्कोर पर ही लग गया था, जब शुभमन गिल बिना खाता खोले ही पवेलियन लौट गए। गिल के जाने के बाद कोहली और रोहित ने स्कोरबोर्ड पर 29 रन लगाए ही थे कि स्टार्क ने रोहित शर्मा को आउट कर दिया। रोहित 13 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। इसके बाद सूर्यकुमार यादव लगातार दूसरी बार गोल्डन डक का शिकार हुए। वो पहले वनडे में भी पहली ही गेंद पर आउट हो गए थे। 32 के स्कोर पर ही भारत को तीसरा झटका सूर्यकुमार के रूप में लगा था। इसके बाद टीम के स्कोर में 16 रन जुड़े थे कि केएल राहुल भी पवेलियन लौट गए। उन्होंने सिर्फ 9 रन बनाए। केएल के जाने के बाद हार्दिक पांड्या भी 1 रन बनाकर आउट हो गए। इस तरह 50 रन के अंदर ही भारत की आधी टीम पवेलियन लौट गई थी।
अक्षर ने स्टार्क के ओवर में जड़े दो लगातार छक्के
Recommended Video

इसके बाद विराट कोहली और रवींद्र जडेजा के बीच 22 रनों की एक छोटी लेकिन अहम साझेदारी हुई। यह साझेदारी विराट के विकेट के साथ टूटी। विराट कोहली को नाथन एलिस ने 31 रन पर आउट किया। इसके बाद रवींद्र जडेजा भी सिर्फ 16 रन बनाकर आउट हो गए। जडेजा के आउट होने के बाद कुलदीप और शमी के रूप में भारत को 8वां और 9वां झटका लगा। इसके बाद अक्षर पटेल ने मिचेल स्टार्क के ओवर में थोड़ हाथ खोले और 2 लगातार छक्के जड़ दिए, लेकिन स्टार्क ने इस ओवर की आखिरी गेंद पर सिराज को बोल्ड कर भारतीय पारी को 117 रन पर ही समाप्त कर दिया।












Click it and Unblock the Notifications