IPL 2023 : फुल इंटरटेनमेंट ! अभी तक 6 मैचों के नतीजे अंतिम गेंद पर
IPL: आइपीएल के अभी 17 मैच बाकी हैं। अगर इसी तरह कांटे के मुकाबले जारी रहे तो हो सकता है कि 2012 का रिकॉर्ड टूट जाए। वह इसलिए क्योंकि इस बार का आइपीएल ज्यादा प्रतिस्पर्धात्मक हो गया है।

IPL 2023: आईपीएल में अभी तक कुछ 6 मैच ऐसे हुए हैं, जिनका फैसला अंतिम गेंद पर हुआ है। यानी इस बार का आइपीएल काफी आक्रामक और रोमांचक हो गया है। आखिरी गेंद पर सबसे अधिक हार-जीत का फैसला 2012 के आइपीएल में हुआ था। तब 7 मैचों के नतीजे आखिरी गेंद पर हुए थे।
मौजूदा आइपीएल के अभी 17 मैच बाकी हैं। अगर इसी तरह कांटे के मुकाबले जारी रहे तो हो सकता है कि 2012 का रिकॉर्ड टूट जाए। वह इसलिए क्योंकि इस बार का आइपीएल ज्यादा प्रतिस्पर्धात्मक हो गया है। अंतिम पायदान पर खड़ी दिल्ली की टीम ने टॉप की टीम गुजरात को हराकर इस बात को साबित कर दिया है।
इस सीजन कोलकाता तीसरी बार अंतिम गेंद पर जीता
इस सीजन कोलकाता तीसरी बार अंतिम गेंद पर जीता। सोमवार को पंजाब और कोलकाता के बीचे खेले गये मैच का फैसला अंतिम गेंद पर हुआ। पंजाब ने 7 विकेट के नुकसान पर 179 रन बनाये थे। कोलकाता की टीम 180 रनों के लक्ष्य का पीछा कर रही थी। जब 18वां ओवर खत्म हुआ तो कोलकाता का स्कोर था 4 विकेट के नुकसान पर 154 रन। उसे जीतने के लिए दो ओवरों में 26 रन बनाने थे। उस समय आंद्रे रसेल 14 गेंदों पर 20 रन बना कर खेल रहे थे।
उनका साथ रिंकू सिंह दे रहे थे जिन्होंने 7 गेंदों पर 15 रन बनाये थे। पंजाब के सैम करन 19वां ओवर फेंकने के लिए आये। पहली गेंद पर रिंकू सिंह ने 1 रन लिया। इसके बाद स्ट्राइक आंद्रे रसेल के पास आयी। रसेल ने करन के तीन गेंदों पर लगातार 3 छक्के मारकर जीत का लक्ष्य आसान कर दिया। 19वें ओवर में 20 रन बने। अब जीत के लिए अंतिम ओवर में 6 रन बनाने थे।
अंतिम ओवर का रोमांच
पंजाब के अर्शदीप सिंह अंतिम ओवर फेंकने आये। कोलकाता को जीत के लिए 6 रनों की जरूरत थी। लक्ष्य आसान था लेकिन मैच में ट्विस्ट आ गया। बड़े हिट्स लगा रहे आंद्रे रसेल पहली गेंद पर कोई रन नहीं ले सके। बाउंसर गेंद को उन्होंने डक कर दिया। दूसरी गेंद पर रसेल ने 1 रन लिया। तीसरी गेंद पर रिंकू सिंह ने 1 रन लिया। चौथी गेंद पर रसेल ने 2 रन लिया। अब जीत के लिए दो गेंदों पर 2 रन चाहिए थे। तभी पांचवी गेंद पर रसेल रन आउट हो गये। अर्शदीप की ये गेंद वाइड यॉर्कर थी।
रसेल इस पर शॉट खेलने से चूक गये। तब रसेल ने सोचा कि बाई का 1 रन चुरा लें। लेकिन इस कोशिश में वे रन आउट हो गये। अब अंतिम गेंद पर 2 रन चाहिए थे। अर्शदीप की छठी गेंद यॉर्कर फेंकने की कोशिश में फुलटॉस हो गयी। घुटने से ऊपर आ रही इस गेंद पर रिंकू सिंह ने चौका जड़ दिया। इस तरह कोलकाता ने अंतिम गेंद पर (182/5) जीत हासिल कर ली।
ग्लेन फिलिप्स का स्ट्राइक रेट 253.84
अंक तालिका में टीम की पोजिशन चाहे कुछ भी हो लेकिन कुछ बल्लेबाज ऐसे हैं जो व्यक्तिगत रूप से धुआंधार रन बना रहे हैं। आइपीएल-2023 में 20 बल्लेबाज ऐसे हैं जिनका स्ट्राइक रेट 158 से अधिक है। हैदराबाद के ग्लेन फिलिप्स ने केवल दो मैच खेले हैं और उनका स्ट्राइक रेट 253 से अधिक है। न्यूजीलैंड के बैटर ग्लेन फिलिप्स ने हैदराबाद की तरफ से राजस्थान के खिलाफ अविश्वसनीय पारी खेली थी।
हैदराबाद को अंतिम 2 ओवर में जीत के लिए 41 चाहिए थे। 19वें ओवर में फिलिप्स ने तीन छक्के और एक चौका लगाया। चार गेंदों पर 22 रन बटोर कर उन्होंने मैच हैदराबाद के पाले में ला दिया। पांचवीं गेंद पर फिलिप्स आउट हो गये। अंतिम गेंद पर 2 रन बना। इस तरह 19वें ओवर में 24 रन बने। हैदराबाद को जीत के लिए अंतिम ओवर में 17 रन चाहिए थे। लास्ट बॉल, नो बॉल ड्रामा के बाद हैदराबाद ने जीत का लक्ष्य हासिल कर अविश्वसनीय प्रदर्शन किया था।
अनकैप प्लेयर्स की गूंज
गुजरात के राहुल तेवतिया 203.22 की स्ट्राइक रेट से खेल रहे हैं। तेवरिया ने 11 मैचों में केवल 63 रन बनाये हैं। लेकिन जब टीम को आखिरी ओवरों में छक्कों और चौकों की जरूरत होती है तो वे इस जिम्मेवारी को बखूबी उठाते हैं। राजस्थान के ध्रुव जुरेल भी नये फिनिशर बन कर उभरे हैं। उन्होंने छोटी पारियां ही खेली हैं लेकिन स्ट्राइक रेट 183 से अधिक का है। जुरेल ने 10 मैचों में 141 रन बनाये हैं।
राजस्थान के ही यशस्वी जायसावल ने 11 मैचों में 477 रन बनाये है और उनका स्ट्राइक रेट 160 से अधिक का है। अनकैप प्लेयर में पंजाब के जितेश शर्मा भी ने अपनी बैटिंग से सभी को प्रभावित किया है। उन्होंने 10 मैचों में 239 रन बनाये हैं उनका स्ट्राइक रेट 165.97 है। मुम्बई के तिलक वर्मा भी ऐसे ही बल्लेबाज हैं। उन्होंने 9 मैचों में 274 बनाये हैं और उनका स्टाइक रेट 158. 38 का है।












Click it and Unblock the Notifications