भारतीय मूल के खिलाड़ी को ICC ने किया 8 साल के लिए बैन, करियर हो गया खत्म, कौन है यह क्रिकेटर?
ICC: मैच फिक्सिंग को लेकर आईसीसी काफी ज्यादा सख्त है। एक जमाने में फिक्सिंग आम हो गई थी, जिसे आईसीसी ने नियमों से बांध दिया। अब कम मामले सामने आते हैं लेकिन अब भी पूरी तरह से इसका खात्मा नहीं हुआ है। भारतीय मूल के एक खिलाड़ी पर फिक्सिंग के लिए लंबा बैन लगा है।
अमेरिका के क्रिकेटर बोडुगुम अखिलेश रेड्डी को एंटी करप्शन नियमों का उल्लंघन करने का दोषी पाए जाने के बाद आठ साल के लिए सभी तरह के क्रिकेट से प्रतिबंधित कर दिया गया है। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि उन्होंने ऐसे डिजिटल सबूत मिटाने की कोशिश की, जो मामले की पड़ताल में अहम साबित हो सकते थे।

यह मामला 2025 में खेले गए अबू धाबी टी10 टूर्नामेंट से जुड़ा है। इस प्रतियोगिता के लिए करप्शन के लिए निगरानी की जिम्मेदारी ICC को सौंपी गई थी। मामले की सुनवाई के बाद एंटी करप्शन ट्रिब्यूनल ने रेड्डी को तीन अलग-अलग आरोपों में दोषी माना।
क्या थे रेड्डी पर आरोप?
जांच में पाया गया कि रेड्डी ने मैच के नतीजे या खेल के किसी हिस्से को अनुचित तरीके से प्रभावित करने की कोशिश की। इतना ही नहीं, उन पर दूसरे प्रतिभागी को भी इस तरह की गतिविधियों में शामिल करने का प्रयास करने का आरोप भी साबित हुआ।
मामला यहीं नहीं रुका। जांच एजेंसी को यह भी पता चला कि रेड्डी ने अपने मोबाइल फोन से कुछ डेटा और मैसेज हटा दिए थे। ICC के अनुसार ये जानकारी जांच में महत्वपूर्ण हो सकती थी। सबूत मिटाने की इस कोशिश को भी एंटी करप्शन नियमों का गंभीर उल्लंघन माना गया।
कब से लागू माना जाएगा प्रतिबंध?
ICC ने साफ किया है कि रेड्डी पर लगाया गया आठ साल का प्रतिबंध 21 नवंबर 2025 से प्रभावी माना जाएगा। इसी दिन उन्हें अस्थायी रूप से निलंबित किया गया था। यानी सजा की अवधि की गणना उसी तारीख से होगी।
रेड्डी के ऊपर आईसीसी ने 2.1.1, 2.1.4 और 2.47 के तहत चार्ज लगाए थे. जिस समय ये चार्ज लगाते हुए जांच शुरू हुई थी, उस समय क्रिकेटर को हर तरह के गेम से अलग करते हुए प्रतिबंधित कर दिया गया था। अब 8 साल के बैन से खिलाड़ी का करियर लगभग खत्म ही माना जा रहा है, अभी उनकी उम्र 26 साल है।


Click it and Unblock the Notifications
