IND vs ENG: करारी हार के बाद टीम इंडिया का कड़ा फैसला, क्यों बंद दरवाजों में कर रही अभ्यास?
IND vs ENG: भारतीय क्रिकेट टीम इस समय बर्मिंघम में डेरा डाले हुए है, जहां वह इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट मुकाबले की तैयारी में जुटी है। पहले टेस्ट में करारी हार झेलने के बाद टीम पर दबाव जरूर है लेकिन खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ का ध्यान अब अगले मुकाबले में जोरदार वापसी पर है।
हेडिंग्ले में मिली हार के बाद टीम की रणनीतियों पर सवाल उठने लगे हैं, ऐसे में फैंस की निगाहें अब एजबेस्टन टेस्ट पर टिकी हैं। पहले टेस्ट के दबाव को दूर करने के लिए खिलाड़ियों ने गुरुवार को बर्मिंघम के एक एडवेंचर पार्क में हल्का-फुल्का वक्त बिताया। यह सत्र टीम बॉन्डिंग और मानसिक रेस्ट के लिए रखा गया था। इसके बाद शुक्रवार से टीम ने एजबेस्टन मैदान पर अभ्यास शुरू कर दिया है।

अभ्यास कार्यक्रम में तीन मुख्य सत्र, एक वैकल्पिक सत्र और एक रेस्ट डे रखा गया है। हालांकि 27 और 28 जून को होने वाले अभ्यास सत्रों में मीडिया और दर्शकों की एंट्री पर रोक लगाई गई है। टीम इंडिया बंद दरवाजों में अभ्यास कर रही है, इसके पीछे कारण भी है।
भारतीय मीडिया ने जब प्रैक्टिस सत्रों में हिस्सा लेने की अनुमति मांगी, तो बीसीसीआई ने ईसीबी और वेन्यू ऑपरेशन टीम की तैयारियों का हवाला देते हुए इनकार कर दिया। बोर्ड का कहना था कि ये सत्र पूर्व निर्धारित नहीं थे और व्यवस्था पूरी तरह नहीं थी।
IND vs ENG: एजबेस्टन में खराब है रिकॉर्ड
सूत्रों के मुताबिक लीड्स टेस्ट के बाद टीम को छोटा ब्रेक देने की योजना थी, लेकिन पहले मैच में मिली हार और दबाव के चलते टीम मैनेजमेंट ने तैयारी के दिनों को बढ़ा दिया। एजबेस्टन का मैदान भारत के लिए अब तक चुनौतीपूर्ण रहा है। यहां भारत ने 8 टेस्ट खेले हैं, जिनमें से 7 में हार और 1 ड्रॉ रहा है। ऐसे में इस बार टीम के सामने इतिहास बदलने की बड़ी चुनौती है।
IND vs ENG: बुमराह को आराम देने की खबरें
बर्मिंघम टेस्ट मैच में बुमराह को आराम देने की खबरें सामने आई हैं, ऐसे में उनकी जगह अर्शदीप सिंह को टीम इंडिया में एंट्री मिल सकती है, अगर ऐसा होता है तो वह टेस्ट क्रिकेट में डेब्यू करेंगे। अर्शदीप सिंह के पास स्विंग कराने की क्षमता है, जिससे इंग्लिश बल्लेबाजों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।












Click it and Unblock the Notifications