ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टी-20 में गरजता है इन खिलाड़ियों का बल्ला, कोहली से लेकर धोनी तक लिस्ट में शामिल
वर्ल्ड कप से पहले भारतीय टीम को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन मैचों की टी-20 सीरीज खेलनी है। इस सीरीज को भारतीय टीम वर्ल्ड कप की तैयारियों के रूप में देख रही है।
नई दिल्ली, 16 सितंबर। वर्ल्ड कप से पहले भारतीय टीम को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन मैचों की टी-20 सीरीज खेलनी है। इस सीरीज को भारतीय टीम वर्ल्ड कप की तैयारियों के रूप में देख रही है। यही वजह है कि वर्ल्ड कप में हिस्सा लेने वाले खिलाड़ियों को ही वर्ल्ड कप टीम में शामिल किया गया है। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भारत का पहला टी-20 मुकाबला 20 सितंबर मंगलवार को खेला जाएगा।
Recommended Video

विराट कोहली ने बनाए हैं 718 रन
पूर्व भारतीय कप्तान विराट कोहली लंबे अर्से बाद एशिया कप में वापस फॉर्म में नजर आए। विराट कोहली ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भी बल्ले से रन बनाना जारी रखना चाहेंगे। कोहली का रिकॉर्ड टी-20 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भी शानदार रहा है। विराट कोहली ने 18 पारियों में 146.23 के स्ट्राइक रेट और 59.83 के औसत से कुल 718 रन बनाए हैं। ऐसे में एक बार फिर फैंस की नजरें कोहली पर रहेगी।

गब्बर ने भी बल्ले से मचाई है तबाही
टी-20 वर्ल्ड कप की टीम में शिखर धवन का नाम शामिल नहीं है। लेकिन ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ धवन का रिकॉर्ड बेहतरीन रहा है। ऑस्ट्रेलियाई सरजमीं से लेकर भारत के घरेलू मैदान तक हर मौके पर गब्बर ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बल्ले से अच्छा खासा स्कोर किया है। टी-20 मेंल धवन ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 13 पारियों में 139.35 के स्ट्राइक रेट और 28.91 की औसत से 347 रन बनाए हैं।

कप्तान रोहित शर्मा पर रहेगी नजरें
भारतीय टीम के कप्तान रोहित शर्मा एशिया कप में बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे थे। वर्ल्ड कप से पहले ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाली सीरीज रोहित शर्मा के लिए भी बड़ा टेस्ट होगा। रोहित शर्मा की कोशिश वर्ल्ड कप से पहले अपनी लय हासिल करने की होगी। रोहित शर्मा ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 16 पारियों में 133.61 के स्ट्राइक रेट और 22.71 की औसत से 318 रन बनाए हैं। वह एक बार फिर टीम के लिए अहम खिलाड़ी होंगे।

धोनी और युवी भी हैं लिस्ट में शामिल
विराट कोहली, शिखर धवन और रोहित शर्मा के बाद चौथे नंबर पर पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी का नाम सबसे अधिक रन बनाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में शामिल है। टी-20 मुकाबलों में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ धोनी ने 15 पारियों में 313 रन बनाए हैं। वहीं युवराज सिंह के बल्ले से 8 पारियों में 283 रन निकले हैं।












Click it and Unblock the Notifications