IND vs WI: टी20 सीरीज में भी भारत का जीत के साथ आगाज, पहले मुकाबले में विंडीज को 68 रन से हराया
त्रिनिदाद, जुलाई 29। वेस्टइंडीज को वनडे सीरीज में 3-0 से हराने के बाद टीम इंडिया ने टी20 सीरीज का आगाज भी जीत के साथ किया है। ब्रायन लारा स्टेडियम में खेले गए पहले टी20 मुकाबले में भारत ने वेस्टइंडीज को 68 रन से मात दे दी है। टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए मेजबान टीम को 191 रनों का लक्ष्य दिया था। जवाब में विंडीज की टीम 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर सिर्फ 122 रन ही बना पाई और इस तरह भारत ने पहला मुकाबला 68 रन से जीत लिया। इस जीत के साथ ही भारत ने 5 मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली है।

भारतीय गेंदबाजी के आगे पस्त हुए विंडीज बल्लेबाज
वेस्टइंडीज की तरफ से ओपनर बल्लेबाज शेमार ब्रूक्स ने सबसे अधिक 20 रन बनाए। इसके अलावा कोई भी बल्लेबाज 20 का आंकड़ा पार नहीं कर सका। भारतीय गेंदबाजी के आगे विंडीज के बल्लेबाज एक-एककर घुटने टेकते नजर आए। भारत की तरफ से अर्शदीप सिंह, आर अश्विन और रवि बिश्नोई ने 2-2-2 विकेट लिए। वहीं भुवी और जडेजा के खाते में 1-1 विकेट गया।
रोहित और कार्तिक रहे जीत के हीरो
आपको बता दें कि भारत की इस जीत के हीरो कप्तान रोहित शर्मा और दिनेश कार्तिक रहे। रोहित शर्मा ने 64 रनों की पारी खेली, जबकि दिनेश कार्तिक ने 19 गेंदों में 41 रन ठोके। अपनी तूफानी पारी के लिए दिनेश कार्तिक को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। रोहित शर्मा ने भारत को अच्छी शुरुआत दिलाने का काम किया। हालांकि उनके साथ कोई बल्लेबाज ज्यादा देर टिक नहीं सका और अंतिम ओवर में जब लग रहा था कि भारत 200 के करीब नहीं पहुंच पाएगा तो ऐसे में कार्तिक ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए स्कोर को 190 तक पहुंचाया।
भारत का टॉप ऑर्डर रहा फ्लॉप
आपको बता दें कि इस मैच में भारतीय कप्तान रोहित शर्मा के साथ पारी की शुरुआत करने ऋषभ पंत नहीं बल्कि सूर्यकुमार यादव आए थे। टीम इंडिया का यह एक्सपेरिमेंट ज्यादा सफल तो नहीं हुआ। सूर्यकुमार यादव 16 गेंदों में 24 रन बनाकर आउट हो गए। उन्होंने अपनी पारी में 3 चौके और 1 छक्का लगाया। सूर्यकुमार का विकेट गिरने के बाद तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने आए श्रेयस अय्यर भी फ्लॉप रहे और बिना खाता खोले ही पवेलियन लौट गए।












Click it and Unblock the Notifications