U19 World Cup में आज इस खतरनाक टीम से भिड़ेगी टीम इंडिया, क्या चलेगा वैभव सूर्यवंशी का बल्ला?
U19 World Cup, Live Cricket Streaming: अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 में ग्रुप स्टेज के अपने सभी मैच जीतकर भारतीय टीम ने दमदार अंदाज में सुपर-6 में एंट्री की थी। मंगलवार को बुलावायो के क्वींस स्पोर्ट्स क्लब में भारत का सामना मेजबान जिम्बाब्वे से होगा। भारतीय टीम की कोशिश होगी कि इस मैच में बड़ी जीत दर्ज कर वह रविवार को पाकिस्तान के खिलाफ होने वाले हाई-वोल्टेज मुकाबले से पहले अपनी लय और आत्मविश्वास को टॉप पर बनाए रखे।
भारतीय खिलाड़ियों का दमदार प्रदर्शन (U19 World Cup, Live Cricket Streaming)
भारतीय टीम अपने पिछले मैच में न्यूजीलैंड को 7 विकेट से करारी शिकस्त देकर यहां पहुंची है। न्यूजीलैंड के खिलाफ में भारतीय गेंदबाजों और बल्लेबाजों ने दमदार प्रदर्शन किया। आर.एस. अंबरीश (4 विकेट) और हेनिल पटेल (3 विकेट) की धारदार गेंदबाजी ने कीवियों को सिर्फ 135 रनों पर समेट दिया था। लक्ष्य का पीछा करते हुए कप्तान आयुष म्हात्रे का फॉर्म में लौटना भारत के लिए सबसे बड़ी राहत की खबर रही।

वैभव सूर्यवंशी पर रहेगी नजरें
म्हात्रे ने 53 रनों की कप्तानी पारी खेली, जबकि युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी ने 40 रनों का आक्रामक योगदान देकर जीत की राह आसान कर दी थी। सुपर-6 स्टेज में भारत के लिए हर जीत सेमीफाइनल की सीट पक्की करने के लिए अहम है। हालांकि जिम्बाब्वे को घरेलू परिस्थितियों का फायदा मिल सकता है, लेकिन कागजों पर भारतीय टीम काफी मजबूत नजर आ रही है।
ऐसे देख सकते हैं लाइव
भारत की बल्लेबाजी गहराई और स्पिन विभाग बुलावायो की पिचों पर प्रभावी साबित हो सकते हैं। कप्तान आयुष म्हात्रे की रणनीति शुरुआती ओवरों में विकेट निकालकर जिम्बाब्वे के मध्यक्रम पर दबाव बनाने की होगी। इस मैच का लाइव टेलीकास्ट टीवी पर स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क (Star Sports Network) पर किया जाएगा। वहीं जियो-हॉटस्टार (JioHotstar) ऐप और वेबसाइट मैच की लाइव स्ट्रीमिंग की जाएगी।
भारत: आयुष म्हात्रे (कप्तान), आर.एस. अंबरीश, कनिष्क चौहान, डी. दीपेश, मोहम्मद एनान, आरोन जॉर्ज, अभिज्ञान कुंडू, किशन कुमार सिंह, विहान मल्होत्रा, उद्धव मोहन, हेनिल पटेल, खिलन ए. पटेल, हरवंश सिंह, वैभव सूर्यवंशी, वेदांत त्रिवेदी।
जिम्बाब्वे: सिम्बाराशे मुदजेंगेरेरे (कप्तान), नथानिएल ह्लाबंगना, कुपक्वाशे मुरादजी, कियान ब्लिग्नॉट, ध्रुव पटेल, लीरॉय चिवाउला, ब्रैंडन सेंज़ेरे, माइकल ब्लिग्नॉट, तातेंदा चिमुगोरो, पनाशे मजई, शेल्टन मज्वितोरेरा, ताकुद्ज़वा माकोनी, ब्रैंडन नदिवेनी, वेबस्टर मधिधि, बेनी ज़ुज़े।












Click it and Unblock the Notifications