IND vs ZIM: भारत के पास इतिहास रचने का मौका, जिम्बाब्वे को हराते ही होगा बड़ा कारनामा
India vs Zimbabwe 5 match T20I series: 6 जुलाई से भारत और जिम्बाब्वे के बीच टी-20 सीरीज का आगाज होने जा रहा है। भारतीय टीम जिम्बाब्वे के खिलाफ पांच मैचों की टी-20 सीरीज खेलने वाली है। पांच मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला शनिवार यानी 6 जुलाई को हरारे स्टेडियम में खेला जाएगा। इस सीरीज के दौरान भारतीय टीम की ओर से कई खिलाड़ियों को डेब्यू करने का मौका मिल सकता है।
भारत के पास इतिहास रचने का मौका
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड यानी बीसीसीआई ने काफी पहले ही इस सीरीज के लिए टीम का ऐलान कर दिया था। शुभमन गिल की कप्तानी में ऋतराज गायकवाड़ और संजू सैमसन जैसे अनुभवी खिलाड़ी भी इस दौरे पर मौजूद हैं। इस सीरीज के दौरान शुभमन गिल के पास एक बड़ा रिकॉर्ड बनाने का मौका होगा। अगर भारत पहले ही मैच में जिम्बाब्वे को हरा देता है तो फिर वह हो जाएगा जो अब तक टेस्ट खेलने वाला कोई टीम नहीं कर पाई है।

किसने जीता है लगातार सबसे अधिक मैच
दरअसल, टी-20 इंटरनेशनल में लगातार सबसे ज्यादा मैच जीतने का रिकॉर्ड बरमूडा के पास है। बरमूडा ने साल 2021 से लेकर 2023 तक लगातार 13 टी-20 इंटरनेशनल मुकाबले में जीत हासिल की है। मलेशिया ने भी यह कारनामा किया है। मलेशिया ने साल 2022 में लगातार 13 मुकाबले जीते हैं। लेकिन यह दोनों ही देश टेस्ट मैच नहीं खेलते हैं। इसके बाद अगर टेस्ट मैच खेलने वाले देश की बात की जाये तो अफगानिस्तान की टीम में साल 2018 से लेकर 2021 तक लगातार 12 टी-20 इंटरनेशनल मैच जीते हैं।
पहला मैच जीतते ही होगा कमाल
भारतीय टीम ने साल 2021 से लेकर 2022 तक लगातार 12 टी-20 इंटरनेशनल मैच जीतने का रिकॉर्ड बनाया है। ऐसे में अगर भारतीय टीम जिम्बाब्वे के खिलाफ अपना पहला मुकाबला जीत लेती है तो वह इस मामले में टॉप पर पहुंच जाएगी। अगर टीम इंडिया जिम्बाब्वे को पहले ही टी-20 इंटरनेशनल मैच में हरा देती है तो उसकी लगातार मैच जीतने की संख्या 12 से बढ़कर 13 हो जाएगी। ऐसे में लगातार 13 टी-20 इंटरनेशनल मैच जीतने वाला और टेस्ट खेलने वाला भारत पहला देश बन जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications