वेस्टइंडीज से जुड़ी हैं रोहित, कोहली, अश्विन और रहाणे की सुनहरी यादें
india vs west indies test series virat kohli rohit sharma ajinkya rahane
रोहित शर्मा, विराट कोहली, रविचंद्रन अश्विन और अंजिक्य रहाणे का वेस्टइंडीज के साथ एक खास जुड़ाव है। इनकी सुनहरी यादें वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम से जुड़ी हुई है। रोहित शर्मा ने 2013 में वेस्टइंडीज के खिलाफ अपने डेब्यू टेस्ट में ही 177 रनों की धमाकेदार पारी खेली थी। इतना ही नहीं उन्होंने उसी सीरीज के दूसरे टेस्ट में भी शतक (111) बनाया था।
विराट कोहली ने 2016 में वेस्टइंडीज के खिलाफ ही अपनी पहली टेस्ट डबल सेंचुरी लगायी थी। 2016 की टेस्ट श्रृंखला में ही अश्विन ने वेस्टइंडीज के खिलाफ 2 शतक लगाने के अलावा 17 विकेट भी लिये थे। अंजिक्य रहाण ने 2016 और 2019 के वेस्टइंडीज दौरे में बल्ले से शानदार प्रदर्शन किया था। उन्होंने 2016 के दूसरे टेस्ट शतक लगाया था। फिर 2019 के दौरे के पहले टेस्ट में 81 और 102 रन बनाये थे। दूसरे टेस्ट की दूसरी पारी में भी 64 रन बनाये थे।

2016 में अश्विन के 2 शतक
रविचंद्रन अश्विन टेस्ट मैचों में भारत के जेनुइन ऑलराउंडर हैं लेकिन उन्हें वह प्रतिष्ठा नहीं मिली जिसके हकदार हैं। उन्होंने टेस्ट मैचों में 474 विकेट लेने के अलावा 5 शतक भी लगाये हैं। 2016 की टेस्ट श्रृंखला में अश्विन ने पहले टेस्ट मैच में 113 रन बनाये थे। इसके अलावा दूसरी पारी में उन्होंने 7 विकेट भी लिये थे। इसी टेस्ट मैच में विराट कोहली ने अपना पहला दोहरा शतक लगाया था।
अश्विन ने तीसरे टेस्ट में भी 118 रनों का पारी खेली थी। किसी भारतीय ऑलराउंडर का एक टेस्ट श्रृंखला में दो शतक लगाना बहुत बड़ी उपलब्धि है। इस टेस्ट सीरीज में अश्विन ने कुल 235 रन बनाये थे और 17 विकेट लिये थे। इस प्रदर्शन के लिए उन्हें मैन ऑफ दी सीरीज के पुरस्कार से नवाजा गया था।
भारत ने वेस्टइंडीज को दो बार उसके घर में हराया
भारत ने वेस्टइंडीज को 2016 और 2019 की टेस्ट श्रृंखला में दोनों ही बार 2-0 से हराया था। वेस्टइंडीज को उसके घर में लगातार हराना भारत के लिए बहुत बड़ी बात थी। मौजूदा टेस्ट कप्तान रोहित शर्मा 2016 के दौरे में तो खेले थे लेकिन 2019 में नहीं खेल पाये थे।
हालांकि टीम में उनका नाम था। विराट कोहली 2019 में कप्तान थे। चूंकि रोहित शर्मा ने विश्वकप में पांच शतक लगा अपनी दुनिया भर में अपनी बैटिंग का सिक्का जमा लिया था, इसलिए माना जा रहा था कि उन्हें पहले टेस्ट में जरूर मौका मिलेगा। लेकिन विराट कोहली ने एंटीगुआ के पहले टेस्ट में रोहित को प्लेइंग इलेवन में शामिल नहीं किया। उन्हें ओपनर के रूप में तरजीह नहीं दी गयी। कोहली ने मध्यक्रम में हनुमाबिहारी को मौका दिया जिससे रोहित के लिए जगह नहीं बनी।
क्या कोहली ने रोहित की अनदेखी की?
पहले टेस्ट मैच के पूर्व भारत ने एक अभ्यास मैच खेला था। इस मैच में रोहित ने अर्धशतक लगाया था। इसके बाद सौरव गांगुली और वीरेन्द्र सहवाग ने रोहित को पहले टेस्ट मैच में चुने जाने की वकालत की थी। रोहित ने अभ्यास मैच में रन बनाकर यह स्पष्ट कर दिया था कि वे टेस्ट मैच के लिए बिल्कुल तैयार हैं। लेकिन जब पहले टेस्ट के लिए अंतिम ग्यारह खिलाड़ियों के नाम की घोषणा की गयी तो उसमें रोहित का नाम नहीं था। केएल राहुल और मयंक अग्रवाल को सलामी बल्लेबाज के रूप में चुना गया था।
कोहली ने इनफॉर्म बल्लेबाज रोहित शर्मा को क्यों नहीं लिया?
रोहित पर मयंक अग्रवाल को क्यों तरजीह दी गयी ? क्या यह विराट कोहली की मनमानी थी ? यहां तक कि दूसरे टेस्ट में भी रोहित को प्लेइंग इलेवन में नहीं रखा गया। दोनों टेस्ट मैचों में हनुमा बिहारी खेले लेकिन रोहित बाहर रहे। आज तक किसी एक विश्व कप में कोई भी बल्लेबाज पांच शतक नहीं बना पाया था। लेकिन रोहित ने 2019 के विश्वकप में ये कमाल किया था। ऐसे रिकॉर्डतोड़ बल्लेबाज को टीम से बाहर रखा गया, ये सोच कर आज हैरानी होती है।
क्या रोहित 2023 में 2019 की नाइंसाफी का जवाब देंगे?
चूंकि 2019 में भारत ने दो टेस्ट मैचों की श्रृंखला 2-0 से जीत ली थी इसलिए किसी ने विरोट कोहली से रोहित की अनदेखी पर सवाल नहीं किया था। फिर भी इस फैसले में कहीं न कहीं पक्षपात का अंश था। पहले टेस्ट में सलामी बल्लेबाज केएल राहुल ने 44, 38 और मयंक अग्रवाल ने 5, 16 रन बनाये थे। दूसरे टेस्ट में राहुल ने 13, 6 और मयंक ने 55, 4 का स्कोर बनाया था। पहले टेस्ट में मयंक का योगदान कुछ खास नहीं था। इसके बावजूद रोहित शर्मा को मौका नहीं दिया गया।
अब देखना है कि रोहित शर्मा 2023 के दौरे में क्या करते हैं। वे वेस्टइंडीज में बड़ी पारी खेल कर पूर्व में हुई नाइंसाफी के जवाब दे सकते हैं। वेस्टइंडीज में उनके लिए बड़ी पारी खेलना कप्तानी के लिहाज से भी बहुत जरूरी है क्यों कि उनके भविष्य का आंकलन इन्ही पारियों के आधार पर किया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications