IND vs SL: राजकोट में जबरदस्त है भारत का टी-20 रिकॉर्ड, मैच से पहले जानिए कैसा रहेगा मौसम
India vs Sri Lanka, 3rd T20: पहले दो मुकाबलों में की गई गलतियों को भुलाकर हार्दिक पंड्या टीम के साथ हाई जोश के साथ सीरीज का आखिरी मुकाबला खेलने मैदान पर उतरेंगे।

India vs Sri Lanka, 3rd T20: श्रीलंका की टीम ने दमदार वापसी करते हुए दूसरे मुकाबले को जीतकर सीरीज को बराबरी पर लाने में सफल रही। अब भारत की कोशिश तीसरे मैच में बेहतर प्रदर्शन करने पर होगी। पुणे के महाराष्ट्र क्रिकेट संघ (एमसीए) में गुरुवार को मिली हार के लिए कप्तान हार्दिक पंड्या खराब गेंदबाजी को जिम्मेदार ठहराया था। मैच के बाद उन्होंने कहा कि नो बॉल किसी भी फॉर्मेट में क्राइम है। इस मैच में भारतीय गेंदबाजों ने कुल 7 नो बॉल फेंकी थी।

राजकोट में रोहित रहे हैं सफल
शनिवार को राजकोट में होने वाले सीरीज के तीसरे मैच में भारतीय टीम फेवरेट के तौर पर उतरेगी। राजकोट के सौराष्ट्र क्रिकेट स्टेडियम में भारत का टी-20 रिकॉर्ड भी शानदार रहा है। राजकोट में भारत के लिए रोहित शर्मा सबसे अधिक रन बनाते हैं। लेकिन वह इस सीरीज में टीम का हिस्सा नहीं हैं। लिहाजा रोहित की जगह ईशान किशन के बल्ले से रनों की उम्मीद होगी। रोहित ने यहां भारत के लिए सबसे अधिक तीन टी-20 मैचों में 98 रन बनाए हैं।

भारत का पलड़ा भारी
भारतीय टीम अब तक राजकोट के सौराष्ट्र क्रिकेट स्टेडियम में कुल 4 इंटरनेशनल टी-20 मैच खेल चुकी है। इन चार मुकाबलों में से भारत को तीन में जीत मिली है, जबकि एक मुकाबले में उसे हार का सामना करना पड़ा था। साल 2013 में सबसे भारत ने यहां ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मुकाबला खेला था। जिसमें टीम को छह विकेट से शानदार जीत हासिल हुई थी।

बांग्लादेश और दक्षिण अफ्रीका को भी हराया
ऑस्ट्रेलिया के बाद साल 2017 में भारत का सामना न्यूजीलैंड से हुआ। न्यूजीलैंड की टीम ने 40 रन से इस मुकाबले में भारत को शिकस्त दे दी थी। भारत को टी-20 में इस मैदान पर सिर्फ यही एक मैच में हार का सामना करना पड़ा था। इसके बाद बांग्लादेश और दक्षिण अफ्रीका को भारत ने हराने का काम किया। रिकॉर्ड की बात करें तो भारतीय टीम की जीत प्रतिशत इस मैदान पर 75 प्रतिशत की है।

जानें कैसा रहेगा राजकोट का मौसम
शनिवार को मैच के दौरान राजकोट में अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। इस मैच पर बारिश का कोई खतरा नहीं है। इस पिच को हाई स्कोरिंग ग्राउंड माना जाता है, ऐसे में तीसरे मैच में एक बार फिर चौके-छक्कों की बौछार देखने को मिल सकती है। दोनों टीमों के लिए इस मैच को जीतना बेहद जरूरी है।












Click it and Unblock the Notifications