IND vs SL: लखनऊ में इतिहास रच सकते हैं रोहित-भुवनेश्वर, लगेगी रिकॉर्ड्स की झड़ी
नई दिल्ली। भारत और श्रीलंका के बीच गुरुवार (24 फरवरी) से शुरू होने वाली 3 मैचों की टी20 सीरीज का पहला मैच लखनऊ के श्री अटल बिहारी वाजपेयी एकाना स्टेडियम में खेला जाना है, जिसके बाद दोनों टीमें बचे हुए मैचों के लिये धर्मशाला पहुंचेंगी। सीरीज का दूसरा और तीसरा मैच धर्मशाला के ही मैदान पर 26-27 फरवीर को खेला जायेगा। 3 मैचों की टी20 सीरीज के बाद भारतीय टीम को 2 मैचों की टेस्ट सीरीज भी खेलनी है जिसका आयोजन मोहाली (4-8 मार्च) और बेंगलुरू (12-16 मार्च) के मैदान पर किया जायेगा।

श्रीलंका के खिलाफ खेली जाने वाली इस टी20 सीरीज के लिये जहां पर पूर्व कप्तान विराट कोहली और ऋषभ पंत को आराम दिया गया है तो वहीं पर केएल राहुल, सूर्यकुमार यादव और दीपक चाहर चोटिल होकर सीरीज से बाहर हो चुके हैं। वहीं पर चयनकर्ताओं ने श्रीलंका के खिलाफ तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद शमी की भी वापसी करायी है तो संजू सैमसन को 8 महीने बाद नेशनल टीम में खेलने का मौका दिया है। ऐसे में हर खिलाड़ी खुद को मिले मौके का फायदा उठाना चाहेगा। भारतीय टीम ने रोहित शर्मा की कप्तानी पिछली 3 सीरीज में विपक्षी टीम को क्लीन स्वीप किया है और इस बार भी उसका इरादा यही करने का होगा, ऐसे में फैन्स को कई सारे रिकॉर्ड बनते और टूटते हुए नजर आ सकते हैं। आइये एक नजर उन आंकड़ों पर डालें जो कि लखनऊ के मैदान पर टूटते हुए नजर आ सकते हैं।
और पढ़ें: अब वनडे विश्वकप 2022 में 9 खिलाड़ियों के साथ टीम खेल सकेगी मैच, जाने क्यों ICC ने दी हरी झंडी

कोहली को पछाड़ सबसे आगे निकलेंगे हिटमैन
कप्तानी के मामले में नये कीर्तिमान रच रहे सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा (3263) लखनऊ के मैदान पर जब उतरेंगे तो उनके पास टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज का रिकॉर्ड अपने नाम करने का मौका होगा। अगर वो इस मैच में 34 रन की पारी खेल देते हैं तो वो सबसे ज्यादा टी20 रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाजी की लिस्ट में विराट कोहली (3296) को पीछे छोड़ देंगे। वहीं पर अगर वो 37 रन बना देते हैं तो अंतर्राष्ट्रीय टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजी की लिस्ट में मार्टिन गप्टिल (3299) को पीछे छोड़ कर पहले पायदान पर कब्जा जमा लेंगे। मैदान पर चौके छक्के लगाने के लिये मशहूर हिटमैन अगर इस मैच में 10 चौके लगा देते हैं तो वो टी20 क्रिकेट में चौकों का तिहरा शतक भी पूरा कर लेंगे।

भुवी-जडेजा के नाम भी होगा खास रिकॉर्ड
भारत और श्रीलंका के बीच टी20 क्रिकेट में अब तक 22 बार भिड़ंत हो चुकी है जिसमें से 14 बार भारत ने तो वहीं पर 7 बार श्रीलंका ने जीत हासिल की है। इस दौरान एक मैच बेनतीजा रहा है। भारत ने अपनी सरजमीं पर श्रीलंका के खिलाफ 11 बार टी20 मैच खेले हैं जिसमें से 8 बार वह विजेता बना है। लखनऊ के मैदान पर बार करें तो भारत ने यहां पर सिर्फ एक ही टी20 मैच वेस्टइंडीज के खिलाफ 2018 में खेला है, जिसमें रोहित शर्मा के नाबाद शतक की बदौलत उसने 71 रनों से जीत हासिल की थी। ऐसे में उनके बल्ले से रन की उम्मीद रहेगी। वहीं वेस्टइंडीज के खिलाफ पिछली सीरीज में शानदार प्रदर्शन करने वाले भुवनेश्वर कुमार को इस मैच में खेलने का मौका मिलता है तो वो अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में अपने 200 मैच पूरे कर लेंगे। रविंद्र जडेजा भी चोट के बाद वापसी कर रहे हैं और अगर वो प्लेइंग 11 का हिस्सा बनते हैं तो उनके पास टी20 में चौकों का अर्धशतक पूरा करने का मौका होगा। इसके लिये उन्हें बस 4 बाउंड्री की जरूरत है।

चंडीमल रच सकते हैं इतिहास, तो अन्य प्लेयर्स भी लगायेंगे झड़ी
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 4-1 से हारकर आ रही श्रीलंकाई टीम के खिलाड़ियों के पास भी इस सीरीज में कई रिकॉर्ड बनाने का मौका है। अगर इस मैच में श्रीलंका के दिनेश चंडीमल (1021) 27 रन बनाने में कामयाब हो जाते हैं तो वो थिसारा परेरा (1047) को पछाड़कर श्रीलंका के लिये सबसे ज्यादा अंतर्राष्ट्रीय टी20 रन बनाने वाले छठे बल्लेबाज बन जायेंगे। वहीं चंडीमल के पास अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में 800 चौके पूरा करने का भी मौका है जिसके लिये उन्हें 5 चौकों की दरकार है। दुष्मंत चमीरा भी 5 चौके लगाते ही अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में चौकों का अर्धशतक पूरा कर लेंगे। वहीं पर पथुम निशंका को यह कारनामा करने के लिये 4 बाउंड्रीज की दरकार है। निशंका अगर 14 रन की पारी खेल लेते हैं तो वो 500 टी20 रन भी पूरा कर लेंगे। अगर कुशल मेंडिस को खेलने का मौका मिलता है तो वो अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में 6000 रन पूरा कर सकते हैं। इसके लिये मेंडिस (5957) को 43 रनों की दरकार है।












Click it and Unblock the Notifications