'तुम्हे कैसे पता वो विश्वकप में नहीं खेलेगा', सुनील गावस्कर ने कार्तिक को लेकर गंभीर पर साधा निशाना
नई दिल्ली। भारत और साउथ अफ्रीका के बीच खेली जा रही 5 मैचों की टी20 सीरीज में विकेटकीपर बल्लेबाज दिनेश कार्तिक ने 3 साल बाद टीम में वापसी की है और लंबे समय बाद वापसी करने के बाद उन्होंने आईपीएल की अपनी बेहतरीन फॉर्म को बरकरार रखा है और सीरीज में पहले 2 मैचों में पिछड़ने के बाद अगले दो मैचों में टीम को जीत दिलाकर सीरीज को बराबरी पर ला खड़ा किया है। दिनेश कार्तिक ने इंडियन प्रीमियर लीग के 15वें सीजन में आरसीबी के लिये बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 350 से ज्यादा रन बनाये और स्ट्राइक रेट भी 200 से ज्यादा की रही।
Recommended Video

साउथ अफ्रीका के खिलाफ खेली जा रही 5 मैचों की टी20 सीरीज में भारतीय टीम 2-0 से पीछे चल रही थी लेकिन ऋषभ पंत की कप्तानी वाली भारतीय टीम ने पहले विशाखापट्टनम में 48 रनों से जीत हासिल की तो वहीं पर राजकोट के मैदान पर 82 रनों से जीत हासिल कर सीरीज में 2-2 से बराबरी कर डाली। राजकोट के मैदान पर खेले गये इस मैच में भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 169 रनों का स्कोर खड़ा किया जिसमें दिनेश कार्तिक ने 55 रनों की अहम पारी खेली।

गंभीर बोले जब जगह नहीं मिलेगी तो शामिल करने का क्या फायदा
दिनेश कार्तिक ने महज 26 गेंदों में 9 चौके और 2 छक्के लेकर अपने अंतर्राष्ट्रीय टी20 करियर का पहला अर्धशतक पूरा किया और अपने टी20 करियर का सबसे बड़ा स्कोर भी बनाया। दिनेश कार्तिक की शानदार फॉर्म को देखते हुए खेल जगत के कई दिग्गज और फैन्स ऑस्ट्रेलिया में खेले जाने वाले टी20 विश्वकप 2022 में उनकी वापसी को लेकर अटकलें लगानी शुरू कर चुके हैं। इस बीच भारत के पूर्व सलामी बल्लेबाज गौतम गंभीर ने बड़ा बयान देते हुए कहा है कि ऑस्ट्रेलिया में खेले जाने वाले टी20 विश्वकप में दिनेश कार्तिक को मौका देने का कोई मतलब नहीं है क्योंकि उन्हें टीम की प्लेइंग 11 में जगह ही नहीं दी जायेगी।

गावस्कर ने गंभीर पर साधा निशाना
गंभीर का यह बयान भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और दिग्गज कॉमेंटेटर सुनील गावस्कर को पसंद नहीं आया है और उन्होंने इस पूर्व सलामी बल्लेबाज पर अप्रत्यक्ष रूप से निशाना साधते हुए कहा कि दिनेश कार्तिक उस तरह के खिलाड़ी हैं जिसे भारतीय टीम को सबसे ज्यादा जरूरत है। गावस्कर ने आगे बात करते हुए कहा कि खिलाड़ियों का चयन उनकी फॉर्म को लेकर होता है न कि उनकी रिप्यूटेशन को लेकर, ऐसे में मुझे नहीं समझ आता कि लोगों को कैसे पता चल जाता है कि वो टीम में नहीं खेलने वाले हैं। अगर दिनेश कार्तिक नंबर 6 या 7 पर खेलते नजर आयेंगे तो आप उनसे लगातार अर्धशतक आने की उम्मीद नहीं कर सकते।

तुम्हे कैसे पता कि वो नहीं खेलेगा
स्टार स्पोर्टस से बात करते हुए गावस्कर ने कहा,'मुझे पता है कि लोग इस बारे में बात कर रहे हैं कि उन्हें टीम में शामिल करने का क्या मतलब है जब उन्हें खिलाया जाना ही नहीं है। आपको कैसे पता कि वो आगे चलकर मैच में नहीं खेलने वाला है। यह वो खिलाड़ी हो सकता है जिसकी आपको दरकार हो। आप खिलाड़ी की फॉर्म को देखते हैं न कि उसके नाम को देखकर उसका सेलेक्शन करते हैं।'

उम्र नहीं कार्तिक का प्रदर्शन देखो
कार्तिक की शानदार बल्लेबाजी के चलते ही उन्हें राजकोट में खेले गये टी20 मैच में मैन ऑफ द मैच के अवॉर्ड से सम्मानित भी किया गया और वो लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं।
गावस्कर ने आगे बात करते हुए कहा,'उसे बहुत ज्यादा मौके नहीं मिलते हैं, खासतौर से नंबर 6 और 7 पर बैटिंग करते हुए। आप उससे यह उम्मीद नहीं कर सकते कि वो इस क्रम पर खेलकर हर रोज अर्धशतक लगाये। अगर वो आपको 20 गेंद में अच्छे 40 रन नियमित रूप से दे रहे हैं तो उससे बेहतर क्या चाहिये। उन्होंने ऐसा ही कारनामा बार-बार करके दिखाया है। यही कारण है कि वो विश्वकप की टीम में शामिल होने के सबसे मजबूत दावेदारों में से एक हैं। जिस तरह से उन्होंने चौथे मैच में रन बनाये है, भारतीय टीम मुश्किल में नजर आ रही थी। आप आदमी की उम्र पर मत देखिये बल्कि उसके प्रदर्शन पर नजर डालें।'












Click it and Unblock the Notifications