कुलदीप यादव ने बताया शेन वॉर्न ने कैसे उन्हें किया था प्रोत्साहित, जिसके बाद झटके थे 5 विकेट हॉल
नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट टीम के चाइनामैन लेग स्पिनर कुलदीप यादव के लिये पिछले कुछ साल अच्छे नहीं रहे थे लेकिन फरवरी 2022 में जब से उन्होंने भारतीय टीम में वापसी की उनकी करियर और फॉर्म की ट्रेन पटरी पर लौट आई है। इस लेग स्पिनर ने इंडियन प्रीमियर लीग के 15वें सीजन में दिल्ली कैपिटल्स की ओर से शानदार गेंदबाजी की और 14 मैचों में 21 विकेट अपने नाम कर दिल्ली कैपिटल्स के लिये एक सीजन में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बनें।

वहीं आईपीएल 2022 में वो सबसे ज्यादा विकेट हासिल करने वाले चौथे गेंदबाज भी रहे। कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम के साथ पिछले कुछ साल अच्छे नहीं रहे लेकिन इस साल जब नीलामी में दिल्ली कैपिटल्स की टीम ने 2 करोड़ की राशि में अपने खेमे में शामिल किया तो उनके भाग्य का सूरज ही बदल गया।

वॉर्न की सलाह ने प्रदर्शन सुधारा
कुलदीप यादव एक समय पर भारतीय टीम के सभी प्रारूपों का अहम हिस्सा थे और 2019-20 में जब भारतीय टीम ने ऑस्ट्रेलिया को पहली बार टेस्ट सीरीज में उसी के घर पर हराया तो कुलदीप यादव भी उस टीम का हिस्सा थे और सिडनी में खेले गये आखिरी टेस्ट मैच में 5 विकेट हॉल (5/99) अपने नाम किये तो सीरीज को 2-1 से जीत लिया। इस दौरान कुलदीप यादव ने अच्छा खासा समय पूर्व ऑस्ट्रेलियाई लेग स्पिनर शेन वॉर्न के साथ बिताया था जिन्होंने आखिरी मैच से पहले फॉर्म को लेकर काफी अच्छी पेप टॉक दी थी।

मैच से पहले वॉर्न से क्या हुई बात
सिडनी टेस्ट को याद करते हुए कुलदीप यादव ने स्पोर्टस यारी में बात करते हुए कहा,'मैच शुरू होने से पहले हम टनल में मिले थे, उन्होंने मेरे कंधे पर अपना हाथ रखा और कहा कि मैं कॉमेंट्री बॉक्स में रहूंगा, मुझे नहीं पता कि तुम कैसी गेंदबाजी करोगे, मैं बस तुम्हे मुस्कुराते हुए देखना चाहता हूं। मैं बस तुम्हारे चेहरे पर एक मुस्कान देखना चाहता हूं। इसके चलते मैने कोशिश की मैं अपने चेहरे पर मुस्कान बना कर रखूं और क्योंकि मैं सकारात्मक मानसिकता से गया था मैंने अच्छा प्रदर्शन भी किया। मैंने मैच के बाद अपना प्रदर्शन उन्हीं को समर्पित किया और वो हमेशा से ही मेरे आदर्श रहे हैं।'

मेरे लिये यादगार दिन रहा
कुलदीप यादव ने आगे बात करते हुए कहा कि वो वहां पर बाहर अपने कॉमेंट्री बॉक्स में बैठे थे और मैंने 5 विकेट चटकाये। यह मेरे लिये एक बड़ा लम्हा था, मैंने उन्हें खेलते हुए देखकर ही गेंदबाजी करना सीखा। गौरतलब है कि भारत और साउथ अफ्रीका के बीच 9 जून से खेली जाने वाली 5 मैचों की टी20 सीरीज के लिये भारतीय टीम में वापसी कर रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications