IND vs SA: जून में साउथ अफ्रीका से बदला लेने उतरेगा भारत, जारी हुआ 5 मैचों की T20 सीरीज का शेड्यूल
नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट टीम के लिये साल 2021 की बात करें तो आईसीसी विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप फाइनल और टी20 विश्वकप 2021 के पहले दो मैचों को छोड़ दें तो उनके लिये यह साल काफी ऐतिहासिक रहा। भारत ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ऐतिहासिक टेस्ट सीरीज जीत के साथ साल की शुरुआत की थी तो वहीं पर साउथ अफ्रीका को हरा कर इसका अंत भी ऐतिहासिक जीत के साथ किया। भारत ने इस दौरान गाबा में ऑस्ट्रेलिया का घमंड तोड़ा तो सेंचुरियन के सुपरस्पोर्ट पार्क पर पहली बार साउथ अफ्रीका को हराया। हालांकि साल 2022 में भारत की शुरुआत काफी खराब रही और उसे अपनी पहली जीत के लिये एक महीने से ज्यादा का इंतजार करना पड़ा।

भारत ने साल 2022 की शुरुआत साउथ अफ्रीका के खिलाफ जोहान्सबर्ग टेस्ट के साथ की लेकिन दुर्भाग्यवश उसे हार का सामना करना पड़ा, जिसके बाद यह हार का सिलसिला अगले टेस्ट में भी जारी रहा। साउथ अफ्रीका ने भारत को टेस्ट सीरीज में 2-1 से हराया तो वहीं पर वनडे सीरीज में 3-0 से क्लीन स्वीप कर शर्मनाक नतीजे के साथ वापस भेजा।

जून में मिला भारत को हार का बदला लेने का मौका
साउथ अफ्रीका दौरे से वापस आने के बाद भारतीय टीम ने रोहित की कप्तानी में एक नई ऊर्जा के साथ खेलना शुरू किया है और पहले वेस्टइंडीज और फिर श्रीलंका को लगातार क्लीन स्वीप करने का दौर जारी रखा है। इस बीच बीसीसीआई ने भारतीय टीम को साउथ अफ्रीका से अपनी शर्मनाक हार का बदला लेने का मौका दिया है। बीसीसीआई ने क्रिकेट साउथ अफ्रीका के साथ फ्यूचर टूर प्रोग्राम के तहत खेली जाने वाली 5 मैचों की टी20 सीरीज की तारीख और वेन्यू का ऐलान कर दिया है।
इसके तहत भारत को इंडियन प्रीमियर लीग के 15वें सीजन की समाप्ति के बाद साउथ अफ्रीका से हार का बदला लेने का मौका मिलेगा। भारत की सरजमीं पर खेली जाने वाली इस टी20 सीरीज में रोहित शर्मा की कप्तानी वाली पूरी टीम खेलती नजर आयेगी, जिसका आगाज 9 जून 2022 से होगा और सीरीज का आखिरी मैच 19 जून को खेला जायेगा। इस सीरीज के बाद भारत इंग्लैंड के खिलाफ एक टेस्ट, 3 वनडे और 3 टी20 मैचों की सीरीज खेलने के लिये उड़ान भरेगा।

जानें कब और कहां खेले जायेंगे मैच
साउथ अफ्रीका के खिलाफ खेली जाने वाली इस सीरीज के मैचों का आयोजन 5 शहरो में किया जाना है जिसका आगाज 9 जून को चेन्नई के मैदान से किया जायेगा। भारतीय टीम इसके बाद सीरीज का दूसरा मैच 12 जून को बेंगलुरू के चिन्नास्वामी मैदान पर खेलेगी, तो वहीं पर 14 जून को नागपुर में सीरीज का तीसरा टी20 मैच खेला जायेगा। 17 जून को भारत राजकोट के सौराष्ट्र क्रिकेट स्टेडियम में चौथी बार साउथ अफ्रीका का सामना करने उतरेगी तो वहीं पर सीरीज का आखिरी मैच 19 जून को दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जायेगा। सीरीज के सभी मैचों का आयोजन भारतीय समयानुसार शाम 7 बजे से किया जाना है।

भारत बना सकता है जीत का वर्ल्ड रिकॉर्ड
गौरतलब है कि रोहित शर्मा की कप्तानी में भारतीय टीम इस समय टी20 प्रारूप में लगातार 12 जीत हासिल कर लगातार सबसे ज्यादा जीत हासिल करने के विश्व रिकॉर्ड में अफगानिस्तान की बराबरी कर चुका है। ऐसे में अगर वो साउथ अफ्रीका के खिलाफ पहले मैच में जीत के साथ शुरुआत करता है तो वो सबसे ज्यादा जीत हासिल करने वाली दुनिया की पहली टीम बनने का विश्व रिकॉर्ड अपने नाम कर लेगी। वहीं पर भारतीय टीम इस सीरीज में साउथ अफ्रीका को क्लीन स्वीप न सिर्फ हार का बदला लेना चाहेंगे बल्कि लगातार विपक्षी टीम को टी20 सीरीज में सबसे ज्यादा क्लीन स्वीप करने वाले कप्तान के रिकॉर्ड को भी अपने नाम करना चाहेंगे। फिलहाल 5 सीरीज के साथ रोहित शर्मा, सरफराज अहमद और असगर अफगान के साथ संयुक्त रूप से टॉप पर काबिज हैं।












Click it and Unblock the Notifications