IND vs SA: दक्षिण अफ्रीका को 16 रनों से हराकर भारत ने रचा इतिहास, सीरीज में 2-0 से बनाई अजेय बढ़त
गुवाहाटी के बारसापारा स्टेडियम में रविवार को भारत ने दक्षिण अफ्रीका को 16 रन से हरा दिया। 238 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए दक्षिण अफ्रीका 20 ओवर में 3 विकेट खोकर 221 रन ही बना सकी।
नई दिल्ली, 2 अक्टूबर। गुवाहाटी के बारसापारा स्टेडियम में रविवार को भारत ने दक्षिण अफ्रीका को 16 रन से हरा दिया। 238 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए दक्षिण अफ्रीका 20 ओवर में 3 विकेट खोकर 221 रन ही बना सकी। अफ्रीका की ओर से मिलर ने 47 गेंदों में नाबाद 106 रन बनाए। इसी के साथ तीन टी20 मैचों की सीरीज में भारत ने 2-0 से अजय बढ़त बना ली। भारत में ऐसा पहली बार हुआ है जब टीम इंडिया ने दक्षिण अफ्रीका को टी-20 के किसी सीरीज में अजय बढ़त बनाने का काम किया। दक्षिण अफ्रीका को इतने सालों में पहली बार भारतीय सरजमीं पर टीम इंडिया के हाथों टी-20 सीरीज में हार का सामना करना पड़ा है।

238 रनों का पीछा करने में रहे नाकाम
दक्षिण अफ्रीका के बल्लेबाज भारत द्वारा दिए गए 238 रनों के लक्ष्य का पीछा करने में बुरी तरह नाकाम रहे। पिछले मैच के हीरो अर्शदीप सिंह ने इस मुकाबले में भी शानदार गेंदबाजी की। दक्षिण अफ्रीका के कप्तान बावुमा और रीली रॉसू को अपने पहले ही ओवर में अर्शदीप ने बिना खाता खोले पवेलियन भेज दिया। एडन मार्करम भी 19 गेंदों में 33 रन बनाकर अक्षर पटेल की गेंद पर बोल्ड हो गए।

मिलर ने जड़ा शानदार शतक
आखिरी ओवर में लगातार दो छक्के जड़कर डेविड मिलर ने टी-20 करियर का अपना शतक पूरा किया। क्विंटन डीकॉक और डेविड मिलर ने टीम को लक्ष्य के करीब पहुंचाने का भरपूर प्रयास किया। दोनों ही बल्लेबाजों ने अर्धशतक जड़ा। 100 से अधिक रनों की साझेदारी कर मिलर और डिकॉक ने टीम को खराब शुरुआत से बाहर निकालने का काम किया। डिकॉक ने अपने टी-20 करियर का 12वां अर्धशतक पूरा किया। लेकिन इन दोनों बल्लेबाजों की पारी टीम को जीत दिलाने के लिए काफी नहीं रहा।

सूर्या, कोहली और राहुल का चला बल्ला
इससे पहले भारतीय बल्लेबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अफ्रीका के खिलाफ 3 विकेट खोकर 237 रन बनाए। केएल राहुल ने 28 गेंदों में 57 रन बनाए, वहीं सूर्या ने 22 गेंदों में 61 रन बनाए। कप्तान रोहित शर्मा ने 37 गेंदों में 43 और विराट कोहली ने 28 गेंदों में 49 रन का अहम योगदान दिया। अंत के ओवरों में दिनेश कार्तिक ने सात गेंदों में 17 रन बनाकर टीम को 237 तक पहुंचा दिया।

भारतीय गेंदबाजों का ऐसा रहा प्रदर्शन
दीपक चाहर और अर्शदीप सिंह एक बार फिर टीम के लिए कमाल का प्रदर्शन करने में सफल रहे। दीपक चाहर विकेट झटकने में कामयाब तो नहीं रहे, लेकिन उन्होंने इस हाईस्कोरिंग वाले मैच में सिर्फ 24 रन खर्च किए। हर्षल पटेल ने 4 ओवर के अपने स्पेल में 45 रन दिए। वहीं आर अश्विन ने अपने स्पेल में 37 रन देने का काम किया। अर्शदीप सिंह ने 4 ओवर में दो विकेट झटकर 62 रन दिए।












Click it and Unblock the Notifications