T20 World Cup: कोहली के बल्ले से निकली जीत तो सुनील गावस्कर ने ऐसे किया उछल-उछल कर डांस, Video Viral
India vs Pakistan T20 World Cup: दीपावली से एक दिन पहले ही पूरे देश में पटाखों की आवाज गूंज रही है। पूरा देश टी20 वर्ल्ड कप में भारत की पाकिस्तान पर रोमांचक जीत का जश्न मना रहा है। सोशल मीडिया पर मैच से जुड़ी कई वीडियोज वायरल हो रही है। इस बीच एक और वीडियो सामने आई है, जो मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड की है, जिसमें पूर्व भारतीय क्रिकेटर सुनील गावस्कर डांस करते हुए नजर आ रहे हैं।

दिवाली का मजा दोगुना
आज पूरे देश का दिवाली का मजा दोगुना हो गया है। विराट कोहली की शानदार पारी ने पूरे देश को खुशी से झूमा दिया। सोशल मीडिया पर हर जगह बस विराट कोहली के चर्चे हैं। आम आदमी से लेकर बॉलीवुड और राजनेता सब कोहली के कसीदे पढ़ रहे हैं।

सुनील गावस्कर ने किया डांस
ऐसे में मैदान पर मौजूद लोगों का तो अनुभव कुछ और ही होगा। पाकिस्तान पर भारत की जीत के बाद सुनील गावस्कर भी खुद को नहीं रोक पाए और खुशी में डांस करने लगे। सनी के साथ इरफान पठान और श्रीकांत भी जश्न में खोए हुए नजर आ रहे थे।

'लिटिल मास्टर' ने ऐसे मनाया जीत का जश्न
मैच सच में बेहद रोमांचक था। आखिरी गेंद तक किसी पाले में जाएगा कहना मुश्किल था। लेकिन कोहली की विस्फोटक पारी 53 गेंदों पर नाबाद 82 रनों ने जीत भारत की झोली में डालकर रख दी। अश्विन के आखिरी रन से मानो दिवाली एक दिन पहले आ गई। पूरा स्टेडियम खुशी से झूमने लगा। मैच के बाद एक तरफ जहां खिलाड़ी मैदान में जीत का जश्न मना रहे थे तो 'लिटिल मास्टर' सुनील गावस्कर डांस करने लगे।

'इसके लिए कोई कैप्शन नहीं है...'
पूर्व क्रिकेटर इरफान पठान और क्रिकेट कमेंटेटर जतिन सप्रू ने अपने ट्विटर वॉल सुनील गावस्कर के डांस का वीडियो पोस्ट किया है। जतिन सप्रू ने कैप्शन में लिखा- "इसके लिए कोई कैप्शन नहीं है... ऐसा मत सोचो कि इसकी जरूरत है.. #INDvsPAK"। वीडिया में देखा जा सकता है कि सुनील गावस्कर बच्चों की तरह उछल-उछलकर डांस करते नजर आ रहे हैं। फैंस को उनका यह अंदाज काफी पसंद आ रहा है।












Click it and Unblock the Notifications