जीत का जश्न या आपसी तकरार? पाक को रौंदने के बाद मैदान पर कुलदीप से भिड़े हार्दिक-सूर्या, सरेआम फूटा गुस्सा
IND vs PAK: कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में भारत और पाकिस्तान के बीच हुए टी20 वर्ल्ड कप 2026 के हाई-वोल्टेज मुकाबले में टीम इंडिया ने 61 रनों से शानदार जीत तो दर्ज कर ली, लेकिन मैच के बाद मैदान पर कुछ ऐसे दृश्य दिखे जिसने प्रशंसकों को थोड़ा हैरान और परेशान कर दिया है।
सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें भारतीय टीम के स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या और कप्तान सूर्यकुमार यादव मैच खत्म होने के बाद स्पिनर कुलदीप यादव पर काफी उखड़े हुए नजर आ रहे हैं।

यह पूरी घटना उस समय की है जब भारतीय टीम जीत का जश्न मना रही थी और खिलाड़ी एक-दूसरे से हाथ मिला रहे थे। आमतौर पर ऐसे मौकों पर टीम में हंसी-मजाक का माहौल होता है, लेकिन यहां नजारा कुछ और ही था।
हार्दिक-सूर्या की कुलदीप से बहस
वीडियो में देखा जा सकता है कि हार्दिक पांड्या बेहद गुस्से में कुलदीप को कुछ समझा रहे हैं, और उनके ठीक बाद कप्तान सूर्यकुमार यादव ने भी काफी सख्त लहजे में कुलदीप से बात की। इस दौरान तिलक वर्मा के चेहरे पर भी चिंता के भाव दिखे, जबकि रिंकू सिंह बीच-बचाव कर मामले को शांत करने की कोशिश करते नजर आए।
इस नाराजगी की मुख्य वजह मैच के अंतिम पलों में हुई एक छोटी सी चूक मानी जा रही है। दरअसल, हार्दिक पांड्या के ओवर में शाहीन अफरीदी ने एक ऊंचा शॉट खेला था, जो सीधे बाउंड्री पर खड़े कुलदीप यादव के हाथों में गया। कुलदीप ने कैच पकड़ने की कोशिश तो की, लेकिन गेंद उनके हाथों से फिसलकर बाउंड्री के बाहर छक्के के लिए चली गई।
Here is video of Hardik Pandya & Surya Kumar Yadav angry on Kuldeep Yadav #INDvsPAK #T20WorldCup pic.twitter.com/BsGCCprKNc
— cricketkayudh (@cricketkayudh) February 15, 2026
कैच का मैच पर नहीं हुआ असर
हालांकि इस जीवनदान से मैच के नतीजे पर कोई असर नहीं पड़ा और भारत ने पाकिस्तान को महज 114 रनों पर समेट दिया, लेकिन मैदान पर सीनियर खिलाड़ियों का यह रवैया बता रहा है कि टीम में अनुशासन और फील्डिंग के स्तर को लेकर कितनी गंभीरता है।
प्रशंसकों के बीच इस बात को लेकर बहस छिड़ गई है कि क्या जीत के जश्न के बीच कुलदीप के साथ इस तरह का व्यवहार सही था। एक तरफ जहां कुछ लोग इसे खेल का जुनून और सुधार की प्रक्रिया मान रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ कुछ फैंस इस बात से चिंतित हैं कि कहीं टीम के अंदरूनी माहौल में कोई तनाव तो नहीं है। खैर, इस बड़ी जीत के साथ भारत ने सुपर-8 में अपनी जगह पक्की कर ली है, और उम्मीद यही है कि ये छोटे-मोटे मतभेद अगली चुनौती से पहले सुलझ जाएंगे।












Click it and Unblock the Notifications