IND vs PAK: बारिश के बाद मैच रद्द, भारत-पाक को मिला 1-1 अंक और पाकिस्तान सुपर 4 में पहुंचा
India vs Pakistan: भारत और पाकिस्तान के बीच एशिया कप का मुकाबला बारिश के कारण धुल गया। भारतीय टीम की बल्लेबाजी के बाद लगातार बारिश के कारण मुकाबला नहीं हुआ। अम्पायरों ने निरीक्षण भी किया था लेकिन इसका कोई फायदा नहीं हुआ और अंततः मुकाबला रद्द करने की घोषणा की गई।
भारतीय टीम 49वें ओवर तक 266 रन बनाकर आउट हो गई। इसके बाद पाकिस्तान को बल्लेबाजी करने के लिए आना था लेकिन पाक टीम के लिए चीजें अच्छी नहीं रही। लगातार बरसात के बाद मुकाबला रद्द करने का निर्णय लिया गया। मैच रेफरी जवागल श्रीनाथ ने रोहित शर्मा और बाबर आज़म से हाथ मिलाते हुए फैसले के बारे में बताया।

भारत और पाकिस्तान दोनों ही टीमों को 1-1 अंक मिला है। पाकिस्तानी टीम के पास 3 अंक हो गए हैं। भारतीय टीम के पास 1 अंक है। ग्रुप ए से पाकिस्तानी टीम ने सुपर चार में जगह हासिल कर ली है। इससे पहले भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया लेकिन फैसला गलत साबित हो गया। भारतीय टीम के टॉप चार बल्लेबाज फ्लॉप साबित हो गए। रोहित, गिल, कोहली और श्रेयस अय्यर सस्ते में निपट गए।
टीम इंडिया ने चार विकेट 66 रनों पर गंवा दिए थे। मुश्किल शिति में ईशान किशन और हार्दिक पांड्या ने मोर्चा संभाला और बेहतरीन बैटिंग की। दोनों ने मिलकर टीम को मुश्किल शिति से निकालते हुए शतकीय भागीदारी की। ईशान किशन ने लगातार चौथी फिफ्टी जड़ते हुए धोनी की बराबरी की। किशन ने वेस्टइंडीज में लगातार तीन फिफ्टी जड़ी थी और पाकिस्तान के खिलाफ एशिया कप में चौथी फिफ्टी जमाई।
ईशान किशन ने 82 रनों की पारी खेली। पांड्या ने 87 रन बनाए। दुर्भाग्य रहा कि ये दोनों शतक नहीं बना पाए। तीसरे सर्वाधिक स्कोरर जसप्रीत बुमराह थे। बुमराह के बल्ले से 16 रन आए और टीम इंडिया 266 रन बनाकर आउट हो गई। शाहीन अफरीदी ने पाकिस्तान के लिए 4 विकेट झटके। नसीम शाह और रऊफ ने 3-3 विकेट झटके। इसके बाद बारिश से मैच धुल गया।












Click it and Unblock the Notifications