IND vs NZ: लखनऊ की पिच से हैरान हुए कप्तान पंड्या, जीत के बाद कहा- भारत के लिए यह सदमा...
India vs New Zealand, 2nd T20: न्यूजीलैंड को हराकर भारत ने दूसरे टी-20 मैच में जीत हासिल जरूर की। लेकिन इस मुश्किल पिच पर भारतीय बल्लेबाजों की परीक्षा भी खूब हुई।

India vs New Zealand, 2nd T20: भारत ने न्यूजीलैंड के खिलाफ टी-20 में जीत हासिल कर सीरीज में दमदार वापसी की। लखनऊ के इकाना स्टेडियम में दूसरे टी-20 मैच को भारत ने 6 विकेट से अपने नाम किया। इस मैच में न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। लेकिन भारतीय गेंदबाजों ने कीवियों को बड़ा स्कोर बनाने से रोक दिया। इसके बावजूद मैच में रोमांच बना रहा और आखिरी ओवर तक फैंस मैच से बंधे रहे।

जीत के साथ बराबरी पर सीरीज
न्यूजीलैंड को हराकर भारत ने सीरीज में 1-1 से बराबरी कर ली है। लखनऊ में खेले गए मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड ने 20 ओवर में आठ विकेट गंवाकर 99 रन बनाए थे। 100 रनों के लक्ष्य को चेज करने में भारतीय टीम को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। भारत की तरफ से सूर्य़कुमार यादव ने 19.5 ओवर में चौका जड़कर टीम को जीत दिलाई। इतना कम स्कोर होने के बावजूद मैच का फैसला आखिरी ओवर में सामने आया।

लखनऊ की पिच से निराश पंड्या
भारत की जीत के बाद कप्तान हार्दिक पंड्या ने पिच पर अपनी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने मैच के बाद कहा कि यह टी-20 मुकाबले के लायक पिच नहीं था। यहां दोनों टीमों के बल्लेबाजों को रन बनाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। यहां तेजी से रन बनाने से ज्यादा जरूरी स्ट्राइक रोटेट करना था। यह एक सदमा देने वाला विकेट था। लेकिन मुझे उम्मीद थी कि हम इस लक्ष्य को हासिल कर लेंगे। बता दें कि सूर्यकुमार यादव ने 31 गेंद पर नाबाद 26 और हार्दिक पांड्या ने 20 गेंद पर नाबाद 15 रन बनाकर टीम को जीत दिलाई।

पिच क्यूरेटर से की ये खास गुजारिश
पंड्या ने पिच बनाने वाले पिच क्यूरेटर के लिए भी कुछ बातों का जिक्र किया। हार्दिक ने कहा कि पिच क्यूरेटर या जिस मैदान में हम खेलने जा रहे हैं, उन्हें यह सुनिश्चित करना चाहिए कि वे पिचों को पहले तैयार कर लें। हालांकि, हमें पिच से ज्यादा फर्क नहीं पड़ता। हम इसके लिए भी पूरी तरह तैयार हैं, लेकिन टी-20 क्रिकेट में इस तरह की विकेट खेल के स्तर को गिराती है। सोशल मीडिया पर फैंस भी इस पिच को लेकर लगातार अपना गुस्सा जाहिर कर रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications