IND vs ENG: वानखेड़े में रिकॉर्ड्स का सैलाब, संजू-बेथेल ने रचा इतिहास, भारत ने बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड
IND vs ENG: भारत और इंग्लैंड के बीच टी20 विश्व कप का सेमीफाइनल मुकाबला बेहद रोमांचक रहा। टीम इंडिया ने 253 रन बनाकर 7 रनों से मैच अपने नाम किया। टीम इंडिया ने जीत के साथ फाइनल में जगह बना ली। न्यूजीलैंड के खिलाफ भारतीय टीम 8 मार्च को फाइनल खेलेगी।
टी20 विश्व कप के नॉकआउट मैचों के इतिहास में व्यक्तिगत प्रदर्शन का स्तर इस बार एक अलग ही ऊंचाई पर नजर आया। इंग्लैंड के जैकब बेथेल ने भारत के खिलाफ मुंबई में 105 रनों की विस्फोटक पारी खेलकर नॉकआउट में सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। इसी टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में फिन एलेन ने भी दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ नाबाद 100 रन बनाकर इतिहास रचा था।

दिलचस्प बात यह है कि नॉकआउट इतिहास के शीर्ष पांच स्कोर में से तीन इसी साल यानी 2026 में बने हैं। संजू सैमसन ने भी इंग्लैंड के खिलाफ 89 रनों की ऐतिहासिक पारी खेलकर खुद को विराट कोहली (89*) और तिलकरत्ने दिलशान (96*) जैसे दिग्गजों की फेहरिस्त में शामिल कर लिया है।
बाउंड्री और छक्कों का वर्ल्ड रिकॉर्ड
वानखेड़े के मैदान पर आज बल्लेबाजों ने जो तबाही मचाई, वैसी टी20 विश्व कप के इतिहास में पहले कभी नहीं देखी गई। इस मैच में कुल 73 बाउंड्री लगीं, जिनमें 39 चौके और 34 छक्के शामिल थे। यह किसी भी टी20 विश्व कप मैच में अब तक की सर्वाधिक बाउंड्री का रिकॉर्ड है। इससे पहले साल 2016 में इसी मैदान पर इंग्लैंड और दक्षिण अफ्रीका के बीच 61 बाउंड्री का रिकॉर्ड बना था, जिसे आज के मुकाबले ने बहुत बड़े अंतर से पीछे छोड़ दिया है।
इतना ही नहीं, इस मैच में लगे 34 छक्कों ने एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। यह किसी भी टी20 विश्व कप मैच में लगाए गए सर्वाधिक छक्कों का रिकॉर्ड है। इसी टूर्नामेंट में वेस्टइंडीज बनाम जिम्बाब्वे (31 छक्के) और भारत बनाम जिम्बाब्वे (28 छक्के) जैसे बड़े मुकाबले भी हुए, लेकिन भारत-इंग्लैंड सेमीफाइनल ने उन सबको पीछे छोड़ते हुए 'सिक्सर किंग' का खिताब अपने नाम किया।
भारतीय टीम ने लगाया फाइनल का चौका
टीम इंडिया ने इस जीत के साथ अपनी बादशाहत साबित कर दी है। भारत अब टी20 विश्व कप के फाइनल में सबसे ज्यादा बार पहुंचने वाली टीम बन गई है। यह चौथी बार है जब भारत फाइनल में अपनी जगह बनाने में सफल रहा है।
इसके साथ ही, भारत ने लगातार दो बार (2024 और 2026) टी20 विश्व कप के फाइनल में प्रवेश कर पाकिस्तान (2007, 2009) और श्रीलंका (2012, 2014) के विशिष्ट क्लब में अपनी जगह पक्की कर ली है। भारतीय टीम की यह निरंतरता दिखाती है कि वर्ल्ड क्रिकेट में फिलहाल उनका दबदबा किस स्तर पर है।
भारत ने बनाया छक्कों का कीर्तिमान
टीम इंडिया ने इस मुकाबले में कुल 19 छक्के जड़े, जो एक टी20 विश्व कप पारी में भारतीय टीम की तरफ से लगे सर्वाधिक छक्के हैं। जिम्बाब्वे के विरुद्ध भारत ने इसी विश्व कप में 17 छक्के जड़े थे।












Click it and Unblock the Notifications