चौथे टेस्ट के हीरो रोहित क्या पांचवें टेस्ट में भी करेंगे कमाल ? शार्दुल को भी बनना होगा ‘ठाकुर’
नई दिल्ली, 20 जून। इंग्लैंड के खिलाफ पांचवां टेस्ट मैच एजबेस्टन में 1 जुलाई से शुरू होने वाला है। रोहित शर्मा चौथे टेस्ट मैच के हीरो थे। पिछले साल वे सलामी बल्लेबाज की हैसियत से खेल रहे थे। इस साल वे ओपनर के साथ-साथ कप्तान की हैसियत से खेलेंगे। विदेशी जमीन पर उनकी यह पहली कप्तानी पारी होगी। अब सवाल ये है कि चौथे टेस्ट के हीरो रोहित क्या पांचवें टेस्ट में भी अपना जलावा दिखाएंगे ?

भारत की कामयाबी में ओपनिंग स्टैंड की साझेदारी सबसे अहम रहेगी। सलामी बल्लेबाज ही वो नींव तैयार करेंगे जिस पर बाकी के बैटर मजबूत इमारत खड़ी करेंगे। यह इसलिए जरूरी है क्यों कि भारत इस श्रृंखला में 2-1 से आगे है। जीत या ड्रॉ से भी मकसद पूरा हो जाएगा। इंग्लैंड में टेस्ट श्रृंखला जीतना हमेशा से भारत के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि रही है। रोहित पर इसलिए भी बड़ी जिम्मेदारी है क्यों कि पिछले साल उनके साथ पारी शुरू करने वाले केएल राहुल अब टीम में नहीं हैं। राहुल ने पहले टेस्ट में 84 और दूसरे टेस्ट में 129 रन बनाये थे। उनकी गैरमौजूदगी में रोहित को फ्रंट से लीड करना होगा। हां, पांचवें टेस्ट में भारत की कामयाबी के लिए शार्दुल को भी 'ठाकुर' बनना पड़ेगा क्यों कि चौथे टेस्ट के सहनायक वही थे।

हिटमैन अब टेस्ट के अनुरूप कर रहे बल्लेबाजी
महान सुनील गावस्कर के बाद रोहित शर्मा ही वह सलामी बल्लेबाज हैं जिन्होंने सबसे कम टेस्ट पारियां खेल कर पांच शतक लगाये हैं। सुनील गावस्कर ने 24 टेस्ट पारियों में पांच शतक लगाये थे तो रोहित ने यह कारनामा 27 पारियों में किया है। सफेद गेंद के खिलाफ रोहित के अनेक ऐतिहासिक पारियां खेली हैं। लेकिन जब से वो टेस्ट मैच के ओपनर बने हैं उन्होंने अपने खेलने का अंदाज बदल दिया है। रोहित शर्मा की काबिलियत पर किसी को शक नहीं। वनडे, टी-20 और आइपीएल की धमाकेदार पारियों ने ही उन्हें आज टेस्ट कप्तान के ओहदे पर पहुंचाया है। रोहित अब परिस्थितियों के मुताबिक खेलने लगे हैं। पिछले साल इंग्लैंड में उनके खेल को देख कर कहा जा सकता है कि उन्होंने अपनी बल्लेबाजी के टेस्ट मैच के अनुरूप ढाल लिया है। 2022 के आइपीएल में भले उनका प्रदर्शन फीका रहा लेकिन वे जानते हैं कि वापसी कैसे की जाती है। पिछले साल हैडिंग्ले के तीसरे टेस्ट में भारत की पहली पारी सिर्फ 78 रनों पर लुढ़क गयी थी। भारत यह मैच एक पारी और 76 रनों से हार गया था। लेकिन इस शर्मनाक प्रदर्शन को भुला कर भारत ने चौथे टेस्ट में जबर्दस्त वापसी की। इस मैच में रोहित ने शतक लगाया और भारत की जीत में बड़ी भूमिका निभायी।

वापसी करना जानते हैं रोहित
78 के मामूली स्कोर पर आउट होना, किसी भी टेस्ट टीम के लिए शर्मिंदगी की बात थी। तब रोहित ने फैसला किया कि उन्हें ओवल टेस्ट में अधिक से अधिक समय तक क्रीज पर रहना है। रन भले 30, 40, 50 या कुछ भी बने, उससे मतलब नहीं। बस विकेट पर लंगर डाल देना है। ताबड़तोड़ बैटिंग करने वाले रोहित ने इसके लिए सबसे पहले खुद को बदला। उन्होंने तय किया कि वे एंडरसन और ओली रॉबिनसन के खिलाफ कोई जोखिम वाला शॉट नहीं खेलेंगे। कवर ड्राइव लगाने की बिल्कुल कोशिश नहीं करेंगे। ऑफ स्टंप के बाहर जाती गेदों से छेड़खानी नहीं करेंगे। ऐसी गेंदों को अगर खेलना जरूरी हुआ तो बल्ले को शरीर के पास रख कर खेलेंगे। तब फिर रन कहां से आएंगे ? रोहित ने इसके लिए मोइन अली को चुना था। ओवल टेस्ट में उन्होंने ऐसा ही किया और शतक लगाने में कामयाब हुए। उन्होंने 127 रन बनाने के लिए 256 गेंदें खेलीं। उनके रडार पर मोइन अली थे। इसकी वजह से मोइन के 18.2 ओवरों में 118 रन बने थे। विदेशी धरती पर रोहित शर्मा का यह पहला शतक था। इस टेस्ट मैच को भारत ने 157 रनों से जीता था और रोहित मैन ऑफ द मैच बने थे।

शार्दुल को भी दोहराना होगा प्रदर्शन
ओवल टेस्ट मैच में शार्दुल ठाकुर ने भी अपने खेल से तहलका मचाया था। इस टेस्ट की पहली पारी में जब भारत संकट में फंसा हुआ तब शार्दुल संकटमोचक बन कर सामने आये थे। उन्होंने इस टैस्ट मैच में वनडे की तरह धुआंधार बैटिंग की थी। उन्होंने सिर्फ 31 गेंदों पर हाफ सेंचुरी बनायी थी जिसमें 6 चौके और 3 छक्के शामिल थे। यह इंग्लैंड में अब तक खेले गये किसी टेस्ट मैच की सबसे सबसे तेज हाफ सेंचुरी थी। शार्दुल ने पहली पारी में 57 रन बनाये और उमेश यादव के साथ मिल कर भारत के स्कोर को 191 तक पहुंचाने में मदद की। दूसरी पारी में भी उन्होंने 60 रन बनाये थे। बैटिंग में कमाल दिखाने के बाद उन्होंने इस टेस्ट में 3 विकेट भी लिये थे। भारत की जीत में उनके हरफनमौला खेल का बड़ा योगदान था। भारत को अगर इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट श्रृंखला जीतनी है तो कुछ खिलाडियों को सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना ही होगा।
यह भी पढ़ें: पांचवां टेस्ट- टीम इंडिया जरा संभल कर! क्योंकि 'जॉनी' मेरा नाम












Click it and Unblock the Notifications