IND vs BAN: कानपुर टेस्ट में कोहली-पंत के बीच ये क्या हुआ? पहले गुस्से में दिखाई आंखें, फिर लुटाया प्यार
India vs Bangladesh Highlights, 2nd Test Day 4: कानपुर के ग्रीन पार्क स्टेडियम में भारतीय क्रिकेट टीम की आक्रामक बल्लेबाजी ने बांग्लादेश के खिलाफ मैच को मजबूती से अपने पक्ष में कर लिया है। मेहमान टीम अपनी पहली पारी में 233 रन पर आउट हो गई, जिसके बाद भारत ने ताबड़तोड़ अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 285/9 पर पारी घोषित की और बांग्लादेश को दूसरी पारी के लिए आमंत्रित किया।
मैच में बने कई बड़े रिकॉर्ड
इस मैच में भारत ने टेस्ट क्रिकेट के 147 साल के इतिहास में पहले कभी नहीं देखी गई उपलब्धियां हासिल की। टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में भारत केवल 18 गेंदों में 50 रन का आंकड़ा पार करने वाली पहली टीम बन गई है। रोहित शर्मा और यशस्वी जायसवाल ने शुरुआती तीन ओवरों में 51 रन बनाकर नया रिकॉर्ड बनाया। इसके अलावा टीम ने 10.1 ओवरों में 100 रन, 24.2 ओवरों में 200 रन और केवल 30.1 ओवरों में 250 रन बनाकर कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए।

बाल-बाल बचे विराट कोहली
मैच के दौरान क्रिकेट के मैदान पर एक अजीब घटना देखने को मिली। जहां विराट कोहली रन आउट होने से बाल-बाल बच गए। जिससे खेल में एक रोमांचक मोड़ आ गया। बांग्लादेश के खालिद अहमद द्वारा फेंके गए 19वें ओवर के दौरान जोखिम भरा सिंगल लेने की कोशिश करते हुए कोहली ने खुद को एक खतरनाक स्थिति में डाल दिया था। वह रन लेने के लिए पिच से बाहर आ गए।
पंत ने लगाया कोहली को गले
इस दौरान अहमद ने गेंद को पकड़ लिया और स्टंप्स पर मारने के लिए दौड़ पड़े, लेकिन चूक गए, जिससे कोहली को जीवनदान मिल गया। इस करीबी मुकाबले के बाद कोहली की निराशा साफ देखी जा सकती थी, उन्होंने इस गड़बड़ी के लिए पंत पर नाराजगी जाहिर की। विराट कोहली ने पंत की तरफ गुस्से में आंखें दिखाई। हालांकि, पंत के माफी मांगने के बाद दोनों खिलाड़ियों के बीच सुलह हो गई और दोनों ने एक-दूसरे को मैदान पर गले लगा लिया। सोशल मीडिया पर इस घटना का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है।












Click it and Unblock the Notifications