IND vs BAN Weather: भारत-बांग्लादेश के अंतिम सुपर-4 मैच में बारिश बनेगी विलेन? जानें कोलंबो के मौसम का हाल
IND vs BAN, Colombo Weather: एशिया कप 2023 के फाइनल के लिए सबसे पहले क्वालीफाई करने वाली टीम इंडिया आज, 15 सिंतबर को बांग्लादेश से भिड़ने के लिए तैयार है। इस मुकाबले में रोहित शर्मा एंड कंपनी को एक कड़ी परीक्षा का सामना करना पड़ेगा, क्योंकि फाइनल से बाहर हो चुकी बांग्लादेश सम्मान बचाने के लिए किसी भी कीमत पर जीत दर्ज करना चाहेगी।
भारत-बांग्लादेश के मैच में बारिश बनेगी विलेन?
बांग्लादेश सुपर फोर राउंड में बाहर होने वाली पहली टीम थी, जिसे पिछले हफ्ते पाकिस्तान और श्रीलंका के खिलाफ लगातार हार का सामना करना पड़ा। पूरे एशिया कप टूर्नामेंट के दौरान कोलंबो में मौसम लगातार चिंता का एक महत्वपूर्ण कारण रहा है। जहां तक आगामी भारत बनाम बांग्लादेश मैच का सवाल है, तो मौसम के पूर्वानुमान ने एक बार फिर चिंता बड़ा दी है।

कोलंबो में 65 प्रतिशत बारिश की संभावना
वेदर रिपोर्ट के अनुसार, कोलंबो में बारिश की 65 प्रतिशत संभावना बताई गई है। सुबह और दोपहर दोनों समय गरज के साथ बारिश होने का अनुमान है, बादल छाए रहने की उम्मीद 90 प्रतिशत तक है। ऐसे में एक बार फिर इस मुकाबले में बारिश खलल डाल सकती है। श्रीलंका के खिलाफ भारत के आखिरी मैच को छोड़कर मौजूदा एशिया कप में उनके सभी मैच बारिश से प्रभावित हुए हैं।
कोलंबो में मैच की शुरुआत में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है, जो रात होते-होते धीरे-धीरे गिरकर 26 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाएगा।
क्या भारत खिलाड़ियों को आराम देगा?
दरअसल, टीम पहले ही फाइनल में पहुंच चुकी है, इसलिए टीम मैनजमेंट 17 सितंबर को होने वाले खिताबी मुकाबले के लिए अपने कुछ खिलाड़ियों को रिफ्रेश करने के लिए उन्हें आराम देने पर विचार कर सकता है। भारत ने लगातार तीन दिनों (एक रिजर्व डे) पर दो एकदिवसीय मैच खेले थे। ऐसे में बांग्लादेश के खिलाफ शुक्रवार को होने वाले मुकाबले के लिए प्लेइंग इलेवन का निर्णय फाइनल को देखते हुए ही लिया जा सकता है।












Click it and Unblock the Notifications