IND vs AUS: भारतीय टीम में पृथ्वी शॉ के नहीं होने पर दिग्गज ने जताई हैरानी, पंत को लेकर कही ये बड़ी बात
Murali Vijay on Prithvi Shaw: भारतीय युवा बल्लेबाज पृथ्वी शॉ को लेकर अक्सर दिग्गजों के बीच बहस देखने को मिलती रहती है। पृथ्वी शॉ ने अपनी बल्लेबाजी से सभी को खासा प्रभावित किया है।

Murali Vijay on Prithvi Shaw: भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच 17 मार्च से वनडे सीरीज का आगाज होने जा रहा है। दोनों ही टीमों की कोशिश इस सीरीज को जीतने की होगी। वनडे वर्ल्ड कप से पहले भारत और ऑस्ट्रेलिया की टीम के पास खुद को बेहतर बनाने का यह शानदार मौका होगा। वनडे टीम के लिए भारतीय टीम में ऑलराउंडर खिलाड़ी हार्दिक पंड्या की वापसी हो रही है। हार्दिक पंड्या सीरीज के पहले मैच में कप्तानी करते भी नजर आएंगे।
पृथ्वी शॉ को फिर किया गया नजरअंदाज
भारतीय युवा बल्लेबाज पृथ्वी शॉ को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज में मौका नहीं दिया गया है। असम के खिलाफ रणजी ट्रॉफी मैच में तिहरा शतक जड़ने के बावजूद भारतीय चयनकर्ताओं ने पृथ्वी शॉ को नेशनल टीम में मौका नहीं दिया। सुनील गावस्कर और चेतेश्वर पुजारा जैसे बल्लेबाजों के रिकॉर्ड तोड़ने वाले पृथ्वी शॉ के सपोर्ट में फैंस लगातार ट्वीट कर रहे हैं। कई दिग्गजों ने भी पृथ्वी शॉ को नहीं चुने जाने पर हैरानी जताई है।
विजय ने जताई इस बात पर हैरानी
भारत के पूर्व सलामी बल्लेबाज मुरली विजय ने पृथ्वी शॉ के भारतीय टीम में नहीं होने पर हैरानी जताई है। पृथ्वी शॉ पिछले लगभग दो साल से लगातार बेहतर प्रदर्शन करने के बावजूद टीम से बाहर हैं। दोहा में चल रही लीजेंड्स क्रिकेट लीग के मौके पर हिंदुस्तान टाइम्स के साथ एक इंटरव्यू के दौरान मुरली विजय ने कुछ बातों का जिक्र किया। भारत के अगले सुपरस्टार की बात करते हुए विजय ने कहा कि भारत के लिए 15 सुपरस्टार खेल रहे हैं। यदि आप भारत के लिए खेल रहे हैं, तो आप मेरे लिए पहले से ही एक सुपरस्टार हैं।
अगले बड़े सुपरस्टार होंगे पृथ्वी शॉ
मुरली विजय ने बताया कि उन्हें शुभमन गिल और पृथ्वी शॉ की बल्लेबाजी देखना पसंद है। उन्होंने कहा कि ऋषभ पंत ने भारतीय क्रिकेट के लिए भी बहुत अच्छा काम किया है। मैं उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। श्रेयस अय्यर भी अच्छा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय टीम में एक हाई लेवल कॉम्पीटिशन है। ऐसे में खिलाड़ियों के पास खुद को साबित करने के ज्यादा मौके नहीं हैं। पिछले महीने ही मुरली विजय ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास लेने की घोषणा की थी।












Click it and Unblock the Notifications