दो नई गेंद के मास्टर, एक डेथ ओवर का बादशाह, 'टी20 वर्ल्ड कप में ये होंगे भारत के तीन तेज गेंदबाज'
नई दिल्ली, 5 अगस्त: T20 वर्ल्ड कप में ज्यादा दिन बाकी नहीं बचे हैं क्योंकि केवल 2 महीने बाद ही आस्ट्रेलिया में यह महा प्रतियोगिता होने जा रही है। भारतीय टीम इस T20 मेगा इवेंट के लिए अपनी अंतिम 15 सदस्यीय टीम को ढूंढ रही है जिसके लिए कई तरह के प्रयोग और बदलाव टीम इंडिया में देखने के लिए मिल रहे हैं। भारत ने फिलहाल T20 सीरीजों में जीत की जगह प्रयोग करने का मॉडल अपनाया हुआ है और अच्छी बात यह है कि उनको जीत भी मिली है।

आर श्रीधर ने उन तीन तेज गेंदबाजों को चुना है
फिलहाल वेस्टइंडीज के खिलाफ दो टी-20 मुकाबले बचे हैं और फिर एशिया कप में भी संयुक्त अरब अमीरात में T20 फॉर्मेट ही खेला जाएगा। ऑस्ट्रेलिया में पिचे तेज होती है और उनमें काफी उछाल देखने को मिल जाता है जिसके चलते भारत के पूर्व फील्डिंग कोच आर श्रीधर ने उन तीन तेज गेंदबाजों को चुना है जो ऑस्ट्रेलिया में होने वाले T20 वर्ल्ड कप में भारत की प्लेइंग इलेवन का हिस्सा होंगे।

पिछले टी-20 वर्ल्ड कप से भारतीय टीम ने 11 तेज गेंदबाज ट्राई किए
इससे पहले आपको एक रोचक तथ्य बता दें। पिछले साल संयुक्त अरब अमीरात में हुए टी-20 वर्ल्ड कप से भारतीय टीम ने 11 तेज गेंदबाज ट्राई कर लिए हैं। कुछ तो पिछले साल आईपीएल में प्रदर्शन के बाद चुना गया तो दो को आईपीएल 2022 के बाद।
क्रिकेट डॉट कॉम से बात करते हुए श्रीधर ने ऐसे तीन तेज गेंदबाजों को चुना है जो T20 वर्ल्ड कप लाइन अप में भारतीय टीम की पॉसिबल प्लेइंग इलेवन का हिस्सा होंगे।

टीम की जिम्मेदारी को अपने कंधों पर लेकर चल रहे हैं ये तीनों
यहां पर श्रीधर ने बिना कोई फैंसी चुनाव किए उन गेंदबाजों को चुना है जो वर्षों से भारतीय टीम की जिम्मेदारी को अपने कंधों पर लेकर चल रहे हैं। यहां श्रीधर ने जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद शमी और भुवनेश्वर कुमार को चुना है। श्रीधर का मानना है कि भुवनेश्वर कुमार पुरानी और नई गेंद से जिम्मेदारी संभाल सकते हैं, जबकि मोहम्मद शमी उनके जोड़ीदार बनकर विपक्षी बल्लेबाजों पर अटैक कर सकते हैं और बुमराह बीच के ओवर में रन की गति पर अंकुश लगाने के साथ डेथ ओवर में भी बढ़िया गेंदबाजी कर सकते हैं।

अगर आपके पास यह तीन बॉलर है तो ...
इसके अलावा यह भी नहीं भूलना चाहिए कि भारत के पास तेज गेंदबाजी ऑलराउंडर के तौर पर हार्दिक पांड्या भी मौजूद है। श्रीधर ने कहा कि, मुझे लगता है कि हमारे पास काफी चीजें देखने के लिए है लेकिन मैं तो सीधी बात करना चाहूंगा। ऐसे में जिन तीन गेंदबाजों का चुनाव करना चाहूंगा, उनमें जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद शमी और भुवनेश्वर कुमार होंगे। क्योंकि अगर आपके पास यह तीन बॉलर है तो आप वाकई में बढ़िया टीम हैं। आपके पास बेहतरीन नई गेंद के गेंदबाज है और भुवी तो अपनी फिटनेस में बहुत अच्छे शेप में दिखाई दे रहे हैं।

भुवनेश्वर कुमार और शमी के साथ दो बार गेंदबाजी करा सकते हैं
"शमी नई गेंद से बल्लेबाजों को बहुत तंग कर सकते हैं। वह दुनिया के बेस्ट बल्लेबाजों को भी छकाने की काबिलियत रखते हैं। तो आप भुवनेश्वर कुमार और शमी के साथ दो बार गेंदबाजी करा सकते हैं और हार्दिक पंड्या भी गेंदबाजी कर रहे हैं, साथ ही जडेजा भी एक आलराउंडर हैं। तो हमारे पास छठे और पांचवे गेंदबाजी विकल्प मौजूद है। वर्ल्ड कप में आपको बड़े खिलाड़ियों की जरूरत पड़ती है जो मौके पर प्रदर्शन कर सके और जहां तक तेज गेंदबाजी की बात है तो यह 3 बॉलर्स एक दूसरे का अच्छा सपोर्ट करते हैं और उनके पास एक बड़े खिलाड़ी के तौर पर हार्दिक भी मौजूद है।"

भुवनेश्वर कुमार भारत के बेस्ट बॉलर रहे हैं
पिछले विश्वकप से लेकर अब तक भुवनेश्वर कुमार भारत के बेस्ट बॉलर रहे हैं। दाएं हाथ के स्विंग गेंदबाज ने 18 पारियों में 6.94 रन प्रति ओवर की दर से 23 विकेट चटकाए हैं। हर्षल पटेल ने 16 पारियों में 16 विकेट चटकाए लेकिन रन प्रति ओवर 9 की रही है। बुमराह कम ही खेल रहे हैं और केवल तीन ही मुकाबले खेले हैं। जबकि मोहम्मद शमी नवंबर 2021 के बाद से एक भी नहीं खेल पाए हैं। ऐसे में देखना होगा कि ये तीनों एक साथ ऑस्ट्रेलिया में होने वाले इवेंट में एक साथ होंगे या नहीं।












Click it and Unblock the Notifications