शमी हैं शानदार, जडेजा-अश्विन भी हैं कमाल, पर बुमराह के बिना नहीं बनेगी वर्ल्ड कप में बात, अकरम ने दी भारत सलाह
पाकिस्तान के महानतम तेज गेंदबाजों में शामिल वसीम अकरम ने वर्ल्ड कप 2023 (World Cup 2023) को लेकर भारतीय क्रिकेट टीम की संभावनाओं पर बातें की हैं। भारत इस महाप्रतियोगिता मे 8 अक्टूबर से ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मुकाबले से अपने अभियान की शुरुआत करेगा।
अकरम का मानना है कि भले ही भारत के पास इस समय बेहतरीन गेंदबाजी करने वाले मोहम्मद शमी मौजूद हैं, लेकिन उनको फिट जसप्रीत बुमराह (Jasprit Bumrah) की भी सख्त दरकार होगी।

राहत की बात है कि बीसीसीआई द्वारा बुमराह को फिट घोषित किया गया है, वे आयरलैंड के खिलाफ इसी महीने अगस्त में होने जा रही तीन मैचों की टी20 सीरीज में कप्तान भी हैं। अकरम का मानना है कि भारत के पास अश्विन और जडेजा जैसे धुरंधर भी हैं, लेकिन बुमराह की जरूरत फिर भी होगी।
अकरम ने रेडियो हांजी पर कहा, "बेशक ... भारत के पास मोहम्मद शमी हैं, जो बहुत प्रभावी हैं और सपनों सरीखी गेंदबाजी कर रहे हैं, लेकिन बुमराह को फिट रहना होगा। मुझे नहीं पता कि उनकी स्थिति कितनी अच्छी है, लेकिन अगर वे फिट हैं, तो इससे बहुत फर्क पड़ेगा। साथ ही, उनके पास स्पिनर्स और ऑल-राउंडर्स हैं - जडेजा व अश्विन, तो देखते हैं कि कौन खेलता है।"
उन्होंने कहा कि भारत को घर पर खेलने का फायदा मिल सकता है। लेकिन अकरम ने 2011 में हुए विश्व कप में भारत की जीत का जिक्र करते हुए यह भी कहा कि भारत को दबाव में खेलने के लिए तैयार होना पड़ेगा।
ये भी पढ़ें- 'बार्बी' कहकर ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर को शर्मिंदा करने वाले इंग्लिश प्रजेंटर पर भड़के लोग- VIDEO
अकरम ने ये भी कहा है कि पाकिस्तान टीम को जगह को लेकर कोई समस्या नहीं होगी। उन्होंने कहा, "देखिए, मैंने पहले भी कहा है, अगर मुझे कहा जाता है कि मुझे इस दिन, इस जगह पर खेलना है, तो मुझे वहां खेलना है। चाहे ये अहमदाबाद हो, कोलकाता हो या चेन्नई, मुंबई....इससे खिलाड़ियों पर फर्क नहीं पड़ता। तो इसकी बारे में चिंता मत करें।"
हाल की रिपोर्टों के अनुसार, भारत और पाकिस्तान 14 अक्टूबर को नरेंद्र मोदी स्टेडियम में आमने-सामने होंगे। ICC द्वारा जारी शेड्यूल के अनुसार, मैच 15 अक्टूबर को ही उसी स्थान पर होना था, लेकिन नवरात्र के चलते अब इसमें तब्दीली संभव है।












Click it and Unblock the Notifications