Women's T20 World Cup: भारत ने श्रीलंका को किया पराजित, सेमीफाइनल की दौड़ में बरकरार
India vs Sri Lanka: महिला टी20 वर्ल्ड कप में भारतीय टीम ने अपनी लय हासिल की है। पहला मैच हारने के बाद भारतीय टीम ने वापसी की है। श्रीलंका के खिलाफ मैच में भारतीय टीम ने जीत दर्ज कर सेमीफाइनल में जाने की उम्मीदें बरकरार रखी हैं। टूर्नामेंट में भारत की यह दूसरी जीत है।
टॉस जीतकर पहले बैटिंग करते हुए भारतीय टीम ने धमाल मचा दिया। स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा ने मिलकर श्रीलंकाई गेंदबाजी की धज्जियाँ उड़ा दी। दोनों ने मिलकर पहले विकेट के लिए 98 रनों की धांसू भागीदारी कर टीम को मजबूत शुरुआत दी।

फॉर्म से बाहर दिख रही मंधाना ने धमाकेदार अंदाज में खेलते हुए फिफ्टी जमाई। वह 38 गेंदों में 50 रन बनाकर आउट हो गईं। शेफाली वर्मा धीमी रहीं, वह 40 गेंदों में 43 रन बनाकर आउट हुईं। इसके बाद कप्तान हरमनप्रीत कौर ने धमाका करने की जिम्मेदारी ली।
हरमन ने श्रीलंकाई गेंदबाजों के खूब खिदमत करते हुए धुनाई कर डाली। वह आउट नहीं हुईं और अंतिम गेंद तक क्रीज पर बनी रहीं। हरमनप्रीत ने तूफानी अंदाज में बैटिंग करते हुए फिफ्टी जमाई। वह 27 गेंदों का सामना करते हुए 52 रनों की पारी खेलकर नाबाद लौटीं और टीम इंडिया का स्कोर 3 विकेट पर 172 तक पहुंचा दिया।
जवाब में खेलते हुए श्रीलंका की खराब शुरुआत रही। एक के बाद एक विकेट गिरते चले गए, जो अंत तक जारी रहे। श्रीलंका के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाली बल्लेबाज कविशा दिलहरी रहीं। वह 21 रनों की पारी खेलकर आउट हुईं। अन्य सभी बल्लेबाज फ्लॉप साबित हुईं। अंतिम ओवर तक श्रीलंकाई टीम 90 पर सिमट गई, 82 रन से भारत ने जीत दर्ज की, जो महिला टी20 वर्ल्ड कप में उनकी सबसे बड़ी जीत है। आशा शोभना और अरुंधति ने 3-3 विकेट झटके।












Click it and Unblock the Notifications