IND vs ENG: टीम इंडिया की जीत में चमके हार्दिक पांड्या, इंग्लैंड को पहले टी20 में 50 रन से हराया
भारतीय टीम ने पहले टी20 मैच में मेजबान इंग्लैंड को 50 रन से हरा दिया है। दोनों टीमों के बीच पहला मुकाबला साउथैम्प्टन के एजेस बाउल मैदान पर खेला गया था
साउथैम्प्टन, 8 जुलाई: भारतीय टीम ने पहले टी20 मैच में मेजबान इंग्लैंड को 50 रन से हरा दिया है। दोनों टीमों के बीच पहला मुकाबला साउथैम्प्टन के एजेस बाउल मैदान पर खेला गया था, जहां भारत ने इंग्लैंड को 199 रन का टारगेट दिया था। इसके जवाब में इंग्लिश टीम 19.4 ओवर के खेल में 148 के स्कोर पर ऑल-आउट हो गई।

इंग्लैंड की शुरुआत काफी खराब रही और टीम ने पहले 4 विकेट केवल 33 रन के अंदर गंवा दिए। हालांकि, इसके बाद हैरी ब्रूक्स (28) और मोईन अली (36) ने पांचवें विकेट के लिए 61 रन जोड़ टीम को वापस मैच में ला खड़ा किया। युजवेंद्र चहल ने पारी के 14वें ओवर में इन दोनों के विकेट लेकर टीम इंडिया की जोरदार वापसी कराई।
भारत की ओर से हार्दिक पांड्या के खाते में सबसे ज्यादा 4 विकेट आए। उनके अलावा युजवेंद्र चहल ने भी दो विकेट लिए। भारत के लिए अपना पहला इंटरनेशनल मैच खेल रहे युवा तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने भी 3.3 ओवर में 18 रन देकर 2 विकेट चटकाया।
टीम इंडिया के बल्लेबाजों ने दिखाया दम
इससे पहले टीम इंडिया (Team India) ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने के फैसला किया था। भारतीय टीम ने दमदार बल्लेबाजी की और 8 विकेट के नुकसान पर 198 रन का स्कोर बनाया। कोरोना से उबरकर टीम में वापसी करते हुए कप्तान रोहित शर्मा (Rohit Sharma) ने टीम को तूफानी शुरुआत दिलाई। वह 14 गेंदों में 24 रन बनाकर पवेलियन लौटे।
रोहित के अलावा आयरलैंड के खिलाफ दूसरे टी20 में शतकीय पारी खेलने वाले दीपक हुड्डा (Deepak Hooda) भी काफी आक्रामक नजर आए और 17 गेंदों पर 33 रन बनाकर आउट हुए। सूर्यकुमार यादव ने भी 39 रन की अच्छी पारी खेली।
हालांकि, टीम की ओर से सबसे ज्यादा रन हार्दिक पांड्या (Hardik Pandya) के बल्ले से देखने को मिले। पांड्या ने 33 गेंदों पर 51 रन की पारी खेली। इस दौरान उनके बल्ले से 6 चौके और एक छक्का देखने को मिला। T20I में उनकी ये पहली फिफ्टी रही।
हार्दिक ने बल्ले से धमाल मचाने के बाद गेंद से भी जलवा बिखेरा और 4 ओवर मेंं 33 रन देकर 4 विकेट अपनी झोली में डाले।
इंग्लैंड के ओर से मोईन अली और क्रिस जॉर्डन ने 2-2 विकेट लिए थे। भारत ने 3 मैचों की टी20 सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है। दोनों टीमों के बीच अब दूसरा टी20 मैच शनिवार, 9 जुलाई को एजबेस्टन, बर्मिंघम के मैदान पर खेला जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications