India Test Squad: इंग्लैंड दौरे के लिए शुभमन गिल को मिली टेस्ट टीम की कमान, इस धुरंधर को बनाया उपकप्तान
India Test Squad Announcement For England Tour: भारतीय क्रिकेट टीम के चीफ सेलेक्टर अजीत अगरकर ने शनिवार, 24 मई को इंग्लैंड दौरे के लिए टेस्ट टीम का आधिकारिक ऐलान कर दिया है। युवा बल्लेबाज शुभमन गिल को इंग्लैंड दौरे के लिए टीम का नया कप्तान नियुक्त किया गया है, जबकि ऋषभ पंत को उपकप्तान बनाया गया है।
BCCI ने 24 मई को मुंबई में हुई बैठक के दौरान शुभमन गिल को भारत का 37वां टेस्ट कप्तान नियुक्त किया। अजीत अगरकर की अध्यक्षता वाली चयन समिति और बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया की मौजूदगी में इंग्लैंड दौरे के लिए 18 सदस्यीय टीम का चयन किया गया। यह दौरा 20 जून से लीड्स के हेडिंग्ले स्टेडियम में शुरू होने वाली पांच मैचों की टेस्ट सीरीज़ के साथ शुरू होगा।

ऋषभ पंत को सौंपी गई उपकप्तानी
इस सीरीज़ के लिए विकेटकीपर-बल्लेबाज़ ऋषभ पंत को टीम का उपकप्तान बनाया गया है। पंत की वापसी और उपकप्तान के रूप में नियुक्ति को युवा नेतृत्व को मजबूती देने वाला कदम माना जा रहा है।
बुमराह को पीछे छोड़ गिल को मिली कमान
गिल को रोहित शर्मा की जगह टेस्ट टीम की कमान सौंपी गई है, जिन्होंने मई में टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले लिया था। गिल को जसप्रीत बुमराह से आगे तरजीह दी गई है, जिन्होंने पहले ही तीन टेस्ट मैचों में भारत की कप्तानी की है, जिनमें दो बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के दौरान रहे।
कम उम्र में बड़ी जिम्मेदारी
महज 25 साल की उम्र में गिल हाल के वर्षों में भारत के सबसे युवा टेस्ट कप्तानों में से एक बन गए हैं। हालांकि उनके पास रेड-बॉल क्रिकेट में कप्तानी का सीमित अनुभव है- उन्होंने सिर्फ पांच फर्स्ट-क्लास मैचों में कप्तानी की है- लेकिन उन्हें 2024 में ज़िम्बाब्वे दौरे पर टी20 टीम की कप्तानी का अनुभव है। साथ ही वह आईपीएल में गुजरात टाइटंस की कप्तानी भी कर चुके हैं।
वनडे और टी20 में पहले से उपकप्तान
गिल वनडे और टी20 फॉर्मेट में पहले ही उपकप्तान की भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने फरवरी 2025 में यूएई में भारत की चैंपियंस ट्रॉफी जीत के दौरान रोहित शर्मा के डिप्टी के रूप में टीम का हिस्सा रहे।
टेस्ट रिकॉर्ड मिला-जुला, विदेशों में संघर्ष
अब तक खेले गए 32 टेस्ट मैचों में शुभमन गिल ने 1,893 रन बनाए हैं, जिसमें पांच शतक शामिल हैं। हालांकि SENA देशों (दक्षिण अफ्रीका, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड, ऑस्ट्रेलिया) और वेस्टइंडीज में उनका रिकॉर्ड चुनौतीपूर्ण रहा है। इन देशों में खेले गए 13 मैचों में उन्होंने सिर्फ 559 रन बनाए हैं और औसत 25 का रहा है। 2021 के ब्रिस्बेन टेस्ट में उनकी 91 रन की पारी के बाद से उन्होंने इन परिस्थितियों में कोई अर्धशतक नहीं लगाया है।
नई पीढ़ी की कमान गिल के हाथ में
गिल को ऐसे समय पर टेस्ट टीम की बागडोर मिली है जब टीम एक बड़े बदलाव के दौर से गुजर रही है। विराट कोहली और रोहित शर्मा जैसे दिग्गजों के संन्यास के बाद टीम को युवा नेतृत्व की ओर बढ़ाया जा रहा है। सेलेक्टर्स ने यह स्पष्ट संकेत दिया है कि वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2025-2027 चक्र में वे भविष्य की स्थिरता और युवाओं पर भरोसा करना चाहते हैं।
भारत बनाम इंग्लैंड टेस्ट सीरीज का पूरा शेड्यूल
भारत और इंग्लैंड के बीच पांच मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला 20 से 24 जून 2025 तक लीड्स के हेडिंग्ले स्टेडियम में खेला जाएगा। दूसरा टेस्ट 2 से 6 जुलाई तक बर्मिंघम के एजबेस्टन में होगा, जबकि तीसरा टेस्ट 10 से 14 जुलाई तक लंदन के लॉर्ड्स मैदान पर खेला जाएगा।
चौथा टेस्ट 23 से 27 जुलाई तक मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड स्टेडियम में और पांचवां तथा अंतिम टेस्ट 31 जुलाई से 4 अगस्त तक लंदन के द ओवल मैदान पर होगा।
इंग्लैंड दौरे के लिए भारत की टेस्ट टीम
शुभमन गिल (कप्तान), ऋषभ पंत (उपकप्तान), यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, साई सुदर्शन, अभिमन्यु ईश्वरन, करुण नायर, नितीश कुमार रेड्डी, रविंद्र जडेजा, ध्रुव जुरेल, वॉशिंगटन सुंदर, शार्दुल ठाकुर, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, आकाशदीप, अर्शदीप सिंह और कुलदीप यादव।
2025-27 के वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) शेड्यूल में इंग्लैंड का दौरा जून से अगस्त 2025 तक 5 टेस्ट मैचों के साथ शामिल है। इसके बाद अक्टूबर 2025 में वेस्ट इंडीज भारत आएगा जहां 2 टेस्ट खेले जाएंगे। नवंबर-दिसंबर 2025 में दक्षिण अफ्रीका भारत का दौरा करेगा और 2 टेस्ट मैच खेले जाएंगे।
जून 2026 में भारत श्रीलंका दौरे पर 2 टेस्ट मैच खेलेगा, फिर अक्टूबर-नवंबर 2026 में न्यूजीलैंड का दौरा होगा जहां 2 टेस्ट होंगे। अंत में जनवरी-फरवरी 2027 में ऑस्ट्रेलिया भारत दौरे पर 5 टेस्ट मैच खेलेगा।












Click it and Unblock the Notifications